Last Updated:
Samastipur Rifle Theft Case: जिस राइफल को चोरी का बताकर शिकायत दर्ज कराई गई थी, वही राइफल पुलिस को एक दूसरे मामले में जब्त हथियारों के बीच मिल गई. समस्तीपुर के मोहिउद्दीननगर में अवैध हथियारों की बरामदगी के मामले की जांच के दौरान पुलिस ने इस पूरे मामले का खुलासा किया है. पुलिस के अनुसार, बरामद राइफल जनसुराज के पूर्व जिला अध्यक्ष और मोहिउद्दीननगर विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी रह चुके राज कपूर सिंह के नाम से लाइसेंसी थी. पुलिस ने राज कपूर सिंह को गिरफ्तार कर लिया है. पूरी खबर विस्तार से आगे पढ़िये.
रायफल चोरी की शिकायत के बाद फंसे जनसुराज के पूर्व जिलाध्यक्ष राज कपूर सिंह
समस्तीपुर. मोहिउद्दीननगर थाना क्षेत्र में अवैध हथियारों की बरामदगी के मामले की जांच में पुलिस ने बड़े राज पर से पर्दा उठा दिया है. पुलिस के अनुसार, सरोज सिंह के घर से बरामद लाइसेंसी राइफल को चोरी का बताकर दर्ज कराई गई शिकायत जांच में गलत पाई गई. इस मामले में जनसुराज के पूर्व जिला अध्यक्ष एवं मोहिउद्दीननगर विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी रह चुके राज कपूर सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार किया है.
बता दें कि मामला 6 जून 2025 का है. तब एसटीएफ और स्थानीय थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मोहिउद्दीननगर थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर गांव में सरोज सिंह, पिता त्रिपुरारी सिंह, के घर पर छापेमारी की थी. पुलिस के मुताबिक, इस दौरान भारी मात्रा में अवैध एवं प्रतिबंधित आग्नेयास्त्र बरामद किए गए थे. मामले में मोहिउद्दीननगर थाना कांड संख्या 113/25 दर्ज किया गया था.
सरोज के घर मिली राज कपूर की लाइसेंसी राइफल
अनुसंधान आगे बढ़ने पर पुलिस को पता चला कि बरामद हथियारों में एक लाइसेंसी राइफल भी शामिल थी. पुलिस के अनुसार, यह हथियार राज कपूर सिंह के नाम से लाइसेंसी था और इसकी अनुज्ञप्ति संख्या 7550/NL/DMR है. जांच में पुलिस ने आरोप लगाया है कि राज कपूर सिंह ने यह लाइसेंसी हथियार सरोज सिंह को आपराधिक घटना को अंजाम देने के उद्देश्य से उपलब्ध कराया था.
हथियार बरामद होते ही दर्ज करा दी चोरी की शिकायत
पुलिस के मुताबिक, जब राज कपूर सिंह को अपने लाइसेंसी हथियार के सरोज सिंह के घर से बरामद होने की जानकारी मिली तो उन्होंने उसके चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई. इसके आधार पर मोहिउद्दीननगर थाना कांड संख्या 25/26 दर्ज किया गया. इसी बीच मामले में मोड़ तब आया जब न्यायालय के आदेश के बाद कांड संख्या 113/25 में जब्त राइफल का भौतिक सत्यापन कराया गया.
Rifle No. 166109096 ने खोल दिया राज!
पुलिस के अनुसार, भौतिक सत्यापन में Rifle No. 166109096 वही राइफल निकली, जिसे राज कपूर सिंह ने कांड संख्या 25/26 में चोरी गया बताया था. इसके बाद पुलिस ने कांड संख्या 25/26 में दर्ज चोरी की घटना को असत्य बताया. अनुसंधान के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर कांड संख्या 113/25 में राज कपूर सिंह की संलिप्तता पाए जाने का दावा किया गया और उन्हें अप्राथमिकी अभियुक्त के रूप में गिरफ्तार कर लिया गया.
प्रशांत किशोर के करीबी नेताओं में होती है गिनती
राज कपूर सिंह की राजनीतिक पहचान भी इस मामले को चर्चा में ला रही है. वह जनसुराज के पूर्व जिला अध्यक्ष रह चुके हैं और मोहिउद्दीननगर विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी भी रह चुके हैं. राजनीतिक हलकों में उन्हें जनसुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर के करीबी नेताओं में माना जाता रहा है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है. हथियार बरामदगी, लाइसेंसी हथियार के कथित इस्तेमाल और उसके बाद चोरी की शिकायत दर्ज कराने से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है.