MP CG News in Hindi: अगर आप मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की हर हलचल से अपडेट रहना चाहते हैं, तो दोनों राज्यों की ताजा खबरें पढ़ने के लिए हमारे साथ बने रहें. यहां आपको भोपाल, उज्जैन, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर, रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग जैसे प्रमुख शहरों के समाचार और सभी जरूरी अपडेट्स मिलेंगे. इसके अलावा आपको राजनीति, अपराध, मौसम, प्रशासन, क्षेत्र के विकास से जुड़ी और अन्य काम की खबरें भी मिलेंगी. चलिए जानते हैं आज मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में क्या-क्या है खास. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की लेटेस्ट खबरें…
भोपाल रिटायर्ड IAS हत्या मामला: फरार आरोपी वरुण कुमार पर 50 हजार का इनाम
भोपाल में रिटायर्ड IAS राकेश अग्रवाल हत्या मामले में पुलिस ने फरार आरोपी वरुण कुमार पर 50 हजार रुपये का इनाम रखा है. वहीं पुलिस मोबाइल और डिजिटल फिंगर प्रिंट्स खंगाल रही है. पांच राज्य में पुलिस की 12 टीमें केयरटेकर वरुण की तलाश में जुटी हैं.
धमतरी में रेत से भरा हाइवा रोक कांग्रेसियों ने किया प्रदर्शन
धमतरी में बीती रात कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रेत से भरा हाइवा रोक सड़क पर प्रदर्शन किया. उन्होंने महानदी से रेत चोरी होने का आरोप लगाया और इसमें शामिल लोगों पर कार्रवाई की मांग की.
बस्तर में दिव्यांगजनों के पुनर्वास के लिए महाअभियान
बस्तर में दिव्यांगजनों के पुनर्वास के लिए महाअभियान चलाया जाएगा. जगदलपुर और दंतेवाड़ा में दिव्यांग शिविर लगेंगे. IED पीड़ितों को कृत्रिम अंग और सहायक उपकरण मिलेंगे. 5 से 7 अक्टूबर तक जगदलपुर में शिविर चलेगा. जगदलपुर में 2,953 हितग्राही चिह्नित किए गए. 15 से 17 अक्टूबर तक दंतेवाड़ा में शिविर लगेगा. दंतेवाड़ा में 846 हितग्राहियों को उपकरण मिलेंगे. जयपुर की विशेषज्ञ टीम कृत्रिम अंगों का वितरण करेगी.
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सिंगापुर दौरे का दूसरा दिन
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सिंगापुर दौरे का आज दूसरा दिन है. सिंगापुर में SING फोरम 2026 का आयोजन होगा. सीएम साय अंतर्राष्ट्रीय मंच पर प्रदेश की उपलब्धियां गिनाएंगे. वह निवेशकों को छत्तीसगढ़ की नई उद्योग नीति की जानकारी देंगे. CEO राउंड टेबल में सिंगापुर के प्रमुख निवेशकों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों से चर्चा करेंगे.
मुरैना के पहाड़गढ़ की कन्हार वन चौकी में हंगामा, माफिया जबरन ले गए जब्त सामान
मुरैना के पहाड़गढ़ की कन्हार वन चौकी से माफिया वन विभाग द्वारा जब्त किया गया हल और कल्टीवेटर ले गए. वन भूमि जोतने के मामले में करीब एक माह पहले सामान जब्त हुआ था. 8-10 लोग चौकी परिसर पहुंचे और जब्त सामान उठा ले गए. इनमें कुछ महिलाएं भी शामिल थीं. आरोपी लग्जरी कार से आए थे. वनकर्मियों ने रोकने का प्रयास किया लेकिन दबंग नहीं माने. वनकर्मियों ने चौकी से जब्त माल को ले जाते लोगों का वीडियो बनाया. वीडियो में महिलाएं और आधा दर्जन से अधिक लोग दिखाई दे रहे हैं. झूठे केस में फंसाकर जब्त माल को ले जाने का आरोप है. वनकर्मियों ने थाने में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की.
बिलासपुर हाईकोर्ट का बच्चे की पहचान पर बड़ा फैसला
बिलासपुर हाईकोर्ट ने एक केस की सुनवाई के दौरान फैसला सुनाया कि शादी के दौरान जन्मी बच्ची को कानूनन वैध माना जाएगा. DNA रिपोर्ट में पति बच्ची का जैविक पिता नहीं निकला. इसके बावजूद बेटी के दस्तावेजों से पति का नाम नहीं हटेगा. पति ने बेटी के रिकॉर्ड से नाम हटाने की मांग की थी. हाईकोर्ट ने कहा कि सिर्फ DNA रिपोर्ट के आधार पर बच्चे की पहचान नहीं बदली जा सकती. बच्चे को माता-पिता की लड़ाई का केंद्र नहीं बनाया जा सकता. कोर्ट ने कहा कि बच्चे की पहचान और गरिमा सबसे अहम है.
मुख्यमंत्री मोहन यादव आज मंडला दौरे पर, तेंदूपत्ता संग्राहकों को देंगे बोनस
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव आज मंडला जाएंगे. वह करीब दो घंटे मंडला में रुकेंगे. सीएम तेंदूपत्ता संग्राहकों को 36 करोड़ 17 लाख रुपये से अधिक की बोनस राशि वितरित करेंगे. इस राशि से प्रदेश के 9 लाख से अधिक तेंदूपत्ता संग्राहक लाभान्वित होंगे. इसके साथ ही 84 वन समितियों को 26 करोड़ 56 लाख रुपये से अधिक का काष्ठ लाभांश भी वितरित किया जाएगा. इस कार्यक्रम से मंडला के अलावा जबलपुर, डिंडौरी, बालाघाट और सिवनी के हितग्राहियों को भी लाभ मिलेगा. इसके साथ ही सीएम कई विकास कार्यों का भूमिपूजन करेंगे और स्कूटी वितरण भी करेंगे. इसके बाद मुख्यमंत्री शाम 4 बजकर 50 मिनट पर जबलपुर के लिए रवाना होंगे.
जांजगीर-चांपा में मजदूर की मौत के बाद प्रदर्शन
जांजगीर-चांपा में मजदूर की मौत के बाद मुरारकरा ब्रदर्स के खिलाफ प्रदर्शन किया गया. राजस्व और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मोर्चा संभाला. परिजनों और प्रदर्शनकारियों ने तिरुपति मोटर्स के सामने मुआवजा और न्याय की मांग की. प्रदर्शनकारियों ने ‘मजदूरों का शोषण बंद करो’ के नारे लगाए. अधिकारियों ने मृतक के परिजनों से बात की. उन्होंने प्रदर्शनकारियों को उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया. इस दौरान मौके पर काफी पुलिसबल तैनात रहा.