Last Updated:
Garlic Gardening Tips: यदि आपके किचन में लहसुन का इस्तेमाल ज्यादा होता है, तो इसे आप अपनी बालकनी में भी उगा सकते हैं. इससे सहलियत तो बढ़ेगी ही साथ ही मार्केट में मिलने वाले केमिकल और नकली लहसुन से भी आप बच जाएंगे. यहां जानिए इसे गमले में उगाने का आसान और स्टेप बाय स्टेप गाइड.
Garlic Gardening Tips: लहसुन भारतीय रसोई का एक ऐसा मसाला है, जिसका इस्तेमाल दाल, सब्जी, चटनी और कई तरह के व्यंजनों में किया जाता है. यह न सिर्फ खाने का स्वाद बढ़ाता है, बल्कि सेहत के लिए भी फायदेमंद माना जाता है. अगर आप भी हर दूसरे पकवान में लहसुन डालना पसंद करते हैं, तो इसे घर पर उगाना एक अच्छा विकल्प हो सकता है.अच्छी बात यह है कि लहसुन उगाने के लिए आपको बड़े खेत या ज्यादा जगह की जरूरत नहीं पड़ती. इसे घर की छत, बालकनी या छोटे से किचन गार्डन में भी आसानी से लगाया जा सकता है.आइए जानते हैं कि घर पर लहसुन उगाने के लिए किन बातों का ध्यान रखना चाहिए और इसकी सही देखभाल कैसे की जाती है.
लहसुन उगाने का तरीका
लहसुन लगाने का सबसे अच्छा समय ठंड शुरू होने से कुछ सप्ताह पहले का होता है. इस दौरान लगाए गए जवे जमीन के अंदर मजबूत जड़ें बना लेते हैं.
लहसुन उगाने की शुरुआत सही बीज और सही समय चुनने से होती है. इसके लिए बाजार में मिलने वाले सामान्य लहसुन की बजाय किसी नर्सरी या गार्डन सेंटर से बीज वाला लहसुन लेना बेहतर माना जाता है.
लहसुन के लिए भुरभुरी और अच्छी जल निकासी वाली मिट्टी चुनें. मिट्टी में पर्याप्त मात्रा में कम्पोस्ट या जैविक खाद मिलाएं. इसके बाद लहसुन की गांठ को अलग-अलग जवे में तोड़ लें. बड़े और स्वस्थ जवे चुनकर उन्हें लगभग 2 इंच गहराई में लगाएं. हर जवे के बीच करीब 5 इंच की दूरी रखें. ध्यान रखें कि नुकीला हिस्सा ऊपर और जड़ वाला हिस्सा नीचे की ओर रहे.
लहसुन लगाने के बाद मिट्टी के ऊपर सूखी पत्तियां, भूसा या अन्य जैविक मल्च की मोटी परत बिछा दें. इससे पौधों को ठंड से सुरक्षा मिलती है, मिट्टी का तापमान संतुलित रहता है और खरपतवार भी कम उगते हैं.
जब नीचे की पत्तियां पीली और सूखी होने लगें, तो समझ लें कि लहसुन तैयार है. पौधों को सावधानी से मिट्टी से निकालें और अतिरिक्त मिट्टी साफ कर दें. लहसुन को धोने की बजाय किसी छायादार और हवादार जगह पर 3 से 4 सप्ताह तक सुखाएं. जब इसकी बाहरी परत पूरी तरह सूख जाए, तब जड़ और डंठल काटकर इसे स्टोर कर सकते हैं.