driving license | driving license online apply

driving license | driving license online apply


Last Updated:

Driving License Online Process: जिन लोगों की उम्र 18 वर्ष या उससे अधिक हो गई है और वे कार या बाइक चलाते हैं, लेकिन अभी तक उनका ड्राइविंग लाइसेंस नहीं बना है, वे घर बैठे लर्निंग लाइसेंस के लिए आवेदन कर सकते हैं. आइए जानते हैं घर बैठे आवेदन की पूरी प्रक्रिया.

लखीमपुर खीरी: अगर आपकी उम्र 18 वर्ष या उससे अधिक हो चुकी है और आप बाइक या कार चलाते हैं, लेकिन अभी तक आपका ड्राइविंग लाइसेंस नहीं बना है, तो आपके लिए राहत की खबर है. लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के लिए बार-बार आरटीओ ऑफिस के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं होगी. परिवहन विभाग की फेसलेस और आधार ऑथेंटिकेशन आधारित व्यवस्था के तहत घर बैठे ऑनलाइन आवेदन कर सकते है.

लर्निंग लाइसेंस बनने के बाद निर्धारित अवधि में स्थायी यानी परमानेंट ड्राइविंग लाइसेंस के लिए आवेदन किया जा सकता है. इसके लिए आवेदक को परिवहन विभाग की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन पूरी करनी होगी.

घर बैठे ऐसे करें लर्निंग लाइसेंस के लिए आवेदन
लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के लिए सबसे पहले मोबाइल या कंप्यूटर पर parivahan.gov.in वेबसाइट खोलें. यहां Online Services के विकल्प में जाकर Driving License Related Services पर क्लिक करें. इसके बाद Learner License से संबंधित आवेदन प्रक्रिया शुरू करें. आवेदन के दौरान आधार ऑथेंटिकेशन यानी आधार के जरिए पहचान सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करनी होगी. सत्यापन होने के बाद आधार से जुड़ी उपलब्ध जानकारी आवेदन में खुद दर्ज हो जाएगी. इसके बाद जरूरी जानकारी भरकर निर्धारित शुल्क ऑनलाइन जमा करना होगा.

शुल्क जमा करने के बाद देना होगा ऑनलाइन टेस्ट
आवेदन और शुल्क जमा करने के बाद आवेदक को रोड सेफ्टी ट्यूटोरियल और ऑनलाइन टेस्ट की प्रक्रिया पूरी करनी होगी. इस टेस्ट में यातायात नियमों, सड़क संकेतों, ट्रैफिक सिग्नल और सुरक्षित ड्राइविंग से जुड़े सवाल पूछे जाते हैं. टेस्ट में सफल होने के बाद लर्निंग लाइसेंस की प्रक्रिया पूरी हो जाती है और आवेदक इसे ऑनलाइन डाउनलोड कर सकता है. इसके बाद निर्धारित अवधि पूरी होने पर स्थायी ड्राइविंग लाइसेंस के लिए आवेदन किया जा सकता है.

अधिकारी ने बताया आसान है पूरी प्रक्रिया
एआरटीओ लखीमपुर शांति भूषण पांडे ने बताया कि जिन लोगों की उम्र 18 वर्ष या उससे अधिक हो गई है और वे कार या बाइक चलाते हैं, लेकिन अभी तक उनका ड्राइविंग लाइसेंस नहीं बना है, वे घर बैठे लर्निंग लाइसेंस के लिए आवेदन कर सकते हैं. पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन है, इसलिए कार्यालय के अनावश्यक चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ती. उन्होंने बताया कि आवेदन करने के बाद आवेदक को ऑनलाइन टेस्ट देना होता है. टेस्ट में पास होने के बाद लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस की प्रक्रिया पूरी हो जाती है और लाइसेंस ऑनलाइन उपलब्ध हो जाता है.

कुछ जरूरी बात
बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन चलाना नियमों का उल्लंघन है. इसलिए 18 वर्ष की आयु पूरी होने के बाद वाहन चलाने वाले युवाओं को नियमानुसार पहले लर्निंग लाइसेंस और उसके बाद स्थायी ड्राइविंग लाइसेंस बनवाना चाहिए.



Source link