Last Updated:
Bahubali Truck Belgium Vessel: इन दिनों 308 पहिए वाले बाहुबली ट्रक की चर्चा खूब हो रही है. इसके अपडेट को लेकर लोग सोशल मीडिया पर लगातार बने हुए हैं. इस बीच यह खास बाहुबली ट्रक यूपी के गाजीपुर जिला पहुंच चुका है. बताया जा रहा है कि इस बेल्जियम वेसल को लखीमपुर के शुगर मिल पहुंचने में अभी चार हफ्ते लग सकते हैं.
बेल्जियम वेसल को लेकर रवाना हुआ बाहुबली ट्रक पहुंचा गाजीपुर.
गाजीपुरः ओडिशा के पारादीप बंदरगाह से बलरामपुर चीनी मिल के लिए रवाना हुआ 200 टन से अधिक वजन का विशाल औद्योगिक बॉयलर आज सिधौना के रास्ते गाजीपुर पहुंचा. करीब 100 फीट लंबे इस बॉयलर को 308 पहियों वाले विशेष मल्टी-एक्सल हाइड्रोलिक ट्रक पर ले जाया जा रहा है. देर शाम तक काफिला महराजगंज के पास पहुंच चुका था. बेल्जियम में तैयार यह बॉयलर समुद्री रास्ते से पारादीप पहुंचा था. वहां से विशेष काफिले के जरिए इसे बलरामपुर चीनी मिल ले जाया जा रहा है. अत्यधिक वजन और आकार के कारण काफिले की रफ्तार बेहद धीमी है और रोजाना सीमित दूरी ही तय की जा रही है.
लोग रास्ते में रुककर बना रहे वीडियो
रास्ते में बिजली के तार, पेड़ और सड़क की चौड़ाई जैसी बाधाओं को देखते हुए विशेष सावधानी बरती जा रही है. जरूरत के अनुसार रास्ते से अवरोध हटाकर काफिले को आगे बढ़ाया जा रहा है. विशालकाय बॉयलर को देखने के लिए रास्ते भर ग्रामीणों और राहगीरों की भीड़ जुट रही है. लोग मोबाइल से इसकी तस्वीरें और वीडियो बनाते नजर आए.
हर रोज 10-20 किलोमीटर की दूरी तय कर रहा बाहुबली ट्रक
प्राप्त जानकारी के मुताबिक 200 टन वजनी शुगर मिल वेसल का रूट भी बदला गया है. गाजीपुर होते ही यह लखीमपुर खीरी की तरफ बढ़ेगा और फिर कुंभी स्थित बलरामपुर चीनी मिल में वेसल को लगाया जाएगा. इसके अपने गंतव्य तक पहुंचने में अभी तीन से चार हफ्तों का समय लग सकता है. क्योंकि इसकी स्पीड बहुत कम है. दिनभर में महज 10-20 किलोमीटर ही चल पाता है. वाराणसी से पहले यह चंदौली में भी दो दिनों तक फंसा रहा.
308 पहिए वाले ट्रक पर रवाना हुआ बेल्जियम वेसल
बता दें कि बेल्जियम से समुद्री रास्ते के जरिए करीब 200 टन वजन और लगभग 41 मीटर लंबी औद्योगिक वेसल भारत लाई गई है. फिर करीब चार महीने की कागजी कार्रवाई के बाद यह ओडिशा के पारादीप बंदरगाह से 308 पहिए वाले विशेष मल्टी-एक्सल हाईड्रोलिक ट्रक ट्रेलर पर लादकर सड़क के रास्ते झारखंड, बिहार होते हुए उत्तर प्रदेश लाई जा रही है.