Last Updated:
Ashok Nagar News: बच्ची की मां भावना ने पुलिस को बताया कि शनिवार दोपहर जब उसने नवजात को देखा, तो उसके गले पर निशान थे. मुंह से खून निकल रहा था. उसने फौरन अपनी सास को बताया. वे लोग बच्ची को डॉक्टर के पास लेकर गए, जहां डॉक्टर ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.
नवजात बच्ची की गला दबाकर हत्या कर दी गई. (सांकेतिक तस्वीर)
अशोकनगर. मध्य प्रदेश के अशोकनगर में एक दिन की बच्ची की गला दबाकर हत्या का चौंकाने वाला मामला सामने आया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इसकी पुष्टि हुई है. मासूम के गले पर निशान मिले थे. उसके मुंह से खून निकल रहा था. वह परिवार की तीसरी बेटी थी. घटना के समय अस्पताल में सिर्फ बच्ची की मां और दादी ही थी. दादी बच्ची को दूध पिलाने के लिए अपने साथ लेकर गई थी. पुलिस ने मर्ग कायम कर मां और दादी से पूछताछ शुरू कर दी है.
मिली जानकारी के अनुसार, चंदेरी क्षेत्र के सकर्रा गांव की रहने वाली भावना पत्नी केदार विश्वकर्मा ने शुक्रवार रात करीब 11 बजे एक बच्ची को जन्म दिया था. जन्म के कुछ देर बाद बच्ची को पीएनसी वार्ड से एसएनसीयू में शिफ्ट किया गया था. शनिवार दोपहर बच्ची की तबीयत बिगड़ गई. परिजन फौरन उसे डॉक्टर के पास ले गए, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया.
भावना ने पुलिस को बताया कि शनिवार दोपहर में जब उसने बच्ची को देखा, तो उसके गले पर निशान थे. मुंह से खून निकल रहा था. उसने फौरन अपनी सास को इसकी जानकारी दी. वे लोग बच्ची को डॉक्टर के पास लेकर गए. डॉक्टर ने जांच के बाद बच्ची को मृत घोषित कर दिया.
सिविल सर्जन डॉ बीएल टैगोर के अनुसार, एसएनसीयू में बच्ची के पास मां भावना और दादी राजन बाई के अलावा कोई और परिजन नहीं गया. दादी ही नवजात को दूध पिलाने के लिए अपने साथ लेकर गई थी. घटना के समय अस्पताल में मां के अलावा पति केदार और सास-ससुर मौजूद थे लेकिन केदार सुबह ही अपनी चाची को लेकर गांव चले गया था.
अस्पताल के जिस एसएनसीयू वार्ड में बच्ची भर्ती थी, वहां सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे हैं. घटना का कोई भी सीसीटीवी रिकॉर्ड पुलिस को नहीं मिला है. पुलिस ने अस्पताल के दूसरे हिस्सों की सीसीटीवी फुटेज भी खंगाली है. इन सभी परिस्थितियों के आधार पर परिजन ही शक के घेरे में हैं. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बच्ची की गला दबाकर हत्या का खुलासा हुआ है. कोतवाली थाना प्रभारी रवि प्रताप सिंह चौहान ने कहा कि मामला संदिग्ध है. पुलिस ने मर्ग कायम कर मां और दादी से पूछताछ शुरू कर दी है. आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा.