राज्यसभा चुनाव के लिए BJP की नई बिसात: बंगाल और उत्तराखंड से किसे दिया टिकट?
Last Updated:
Rajya Sabha Elections 2026: राज्यसभा के चुनावी रण में भाजपा ने पश्चिम बंगाल और उत्तराखंड से अपने पत्ते खोलते हुए चौंकाने वाले नामों पर मुहर लगाई है. पार्टी केंद्रीय चुनाव समिति ने बंगाल में अपनी ही खाली की गई सीट पर उपचुनाव के लिए रुक्मिणी मल्लिक (कोयल मल्लिक) को कमल के निशान पर मैदान में उतार दिया है, जबकि दिनेश आर्य उत्तराखंड से चुनाव लड़ेंगे.
कोयल मल्लिक और दिनेश आर्य को बीजेपी ने राज्यसभा टिकट दिया है. (फाइल फोटो)
Rajya Sabha Elections 2026: भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने राज्यसभा के आगामी द्विवार्षिक चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की एक और सूची जारी कर दी है. पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति ने पश्चिम बंगाल और उत्तराखंड से एक-एक नाम पर अंतिम मुहर लगाई है. भाजपा ने पश्चिम बंगाल से बांग्ला सिनेमा की जानी-मानी अभिनेत्री रुक्मिणी मल्लिक (कोयल मल्लिक) को मैदान में उतारकर बड़ा राजनीतिक दांव चला है. वहीं, उत्तराखंड से संगठन से जुड़े वरिष्ठ नेता दिनेश आर्य को उच्च सदन का टिकट थमाया गया है.
दिनेश आर्य उत्तराखंड में राज्यस्तरीय पेयजल अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष (दर्जा राज्यमंत्री), मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जनसंपर्क अधिकारी, भाजपा के नैनीताल के पूर्व जिलाध्यक्ष और अनुसूचित मोर्चा के राष्ट्रीय मंत्री रह चुके हैं. वहीं, रुक्मिणी मल्लिक अभिनेत्री और राजनेता हैं, जिन्हें पेशेवर तौर पर कोयल मल्लिक या सिर्फ कोयल के नाम से जाना जाता है. उन्हें मुख्य रूप से बंगाली फिल्मों में उनके काम के लिए जाना जाता है. रुक्मिणी मल्लिक टीएमसी से राज्यसभा सदस्य रह चुकी हैं.
बता दें कि उत्तर प्रदेश की 10 और उत्तराखंड की 1 सीट पर द्विवार्षिक चुनाव होंगे जबकि पश्चिम बंगाल की एक सीट पर उपचुनाव होगा. इन सभी सीटों पर 16 अक्टूबर को मतदान होगा. उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के 11 राज्यसभा सदस्यों का कार्यकाल नवंबर 2026 में खत्म हो रहा है. इसकी वजह से इन सीटों पर चुनाव कराया जा रहा है। इसके अलावा पश्चिम बंगाल में एक सीट खाली हुई है. यहां से तृणमूल कांग्रेस से राज्यसभा सांसद रुक्मिणी मल्लिक ने 16 जुलाई को इस्तीफा दे दिया था. उनका कार्यकाल 2 अप्रैल 2032 तक था। इसी खाली सीट को भरने के लिए उपचुनाव होगा.
चुनाव आयोग के अनुसार, नामांकन भरने की आखिरी तारीख 6 अक्टूबर तक है. 7 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी और 9 अक्टूबर शुक्रवार तक उम्मीदवार अपना नाम वापस ले सकेंगे. मतदान 16 अक्टूबर को होगा. वोटिंग का समय सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक रहेगा. उसी दिन शाम 5 बजे वोटों की गिनती शुरू होगी. चुनाव की पूरी प्रक्रिया 19 अक्टूबर तक पूरी कर ली जाएगी.
चुनाव आयोग ने इस चुनाव के लिए एक खास नियम भी बताया है. वोट डालने के लिए बैलेट पेपर पर पसंद बताने के लिए केवल इंटीग्रेटेड वॉयलेट कलर के स्केच पेन का ही इस्तेमाल किया जा सकेगा. यह पेन रिटर्निंग ऑफिसर द्वारा दिया जाएगा. किसी और पेन से वोट नहीं डाला जा सकेगा. आयोग ने कहा है कि चुनाव को स्वतंत्र और निष्पक्ष बनाने के लिए पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की जाएगी और चुनाव प्रक्रिया पर कड़ी नजर रखी जाएगी.