Last Updated:
Chirag Paswan News: लोक जनशक्ति पार्टी प्रमुख और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान रायपुर पहुंचे. रायपुर एयरपोर्ट पर कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया. चिराग पासवान ने छत्तीसगढ़ में पार्टी की राज्य इकाई गठित करने, संगठन विस्तार और आगामी चुनाव लड़ने की घोषणा की. साथ ही उन्होंने चुनाव आयोग और कांग्रेस के बयानों पर भी अपनी राय रखी.
चिराग पासवान
रिपोर्ट: विशु शुक्ला
Raipur News: लोक जनशक्ति पार्टी प्रमुख, सांसद और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर पहुंचे. रायपुर एयरपोर्ट पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया. चिराग पासवान रायपुर में आयोजित ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम में शामिल होने आए हैं.
छत्तीसगढ़ में होगा पार्टी का विस्तार
रायपुर पहुंचने पर चिराग पासवान ने कहा कि छत्तीसगढ़ में लोक जनशक्ति पार्टी की नई राज्य इकाई स्थापित की जाएगी. पार्टी के भीतर जल्द ही नियुक्तियां की जाएंगी. उन्होंने स्पष्ट किया कि आगामी चुनावों में पार्टी की सक्रिय मौजूदगी रहेगी. चुनाव के दृष्टिकोण से पार्टी छत्तीसगढ़ में अपना विस्तार करेगी.
यूपी, पंजाब में भी चुनाव लड़ेंगे!
जब उनसे पूछा गया कि क्या छत्तीसगढ़ में पार्टी बीजेपी को सपोर्ट करेगी तो उन्होंने कहा कि समय और परिस्थिति को देखकर राज्य की इकाई ही इसका निर्णय लेगी. उन्होंने बताया कि कई राज्यों में उनकी पार्टी इंडिविजुअल (स्वतंत्र) होकर कार्य कर रही है. इसके अलावा, पार्टी उत्तर प्रदेश और पंजाब में भी चुनाव लड़ने की तैयारी में जुटी है.
युवाओं से संवाद क्यों जरूरी?
युवा संवाद कार्यक्रम पर बोलते हुए केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा कि उनकी पार्टी ने युवाओं से सीधे जुड़ने की सोच रखी है. उन्होंने कहा कि भारत को एक विकसित देश बनाने में युवाओं की सबसे अहम भूमिका होगी, इसलिए अलग-अलग मंचों के जरिए युवाओं से लगातार संवाद होना बहुत जरूरी है.
चुनाव आयोग को विश्वास जीतना होगा
चुनाव आयोग पर उठ रहे संदेह के सवालों पर चिराग पासवान ने अपनी बात रखी. उन्होंने कहा कि यदि देश के किसी भी मतदाता को चुनाव आयोग पर संदेह है, तो आयोग को उनका विश्वास जीतना होगा. SIR में काटे गए नामों पर उन्होंने कहा कि जिन लोगों के नाम काटे गए, वे आम लोग नहीं थे. अगर आम मतदाताओं के नाम कटते तो बड़े पैमाने पर आंदोलन होता.
SIR आया तो EVM का मुद्दा गायब!
कांग्रेस द्वारा चुनाव रद्द कर दोबारा चुनाव कराने की मांग पर चिराग पासवान ने पलटवार किया. उन्होंने सवाल पूछा कि क्या हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस चुनाव रद्द कराएगी? क्या राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और कांग्रेस के विधायक फिर से चुनाव लड़ेंगे? उन्होंने कहा कि आवाज उठाना विपक्ष का काम है, लेकिन उनकी आवाज कुछ ही दिनों में खो जाती है. आज SIR का मुद्दा आने के बाद कांग्रेस ने EVM का मुद्दा ही गायब कर दिया है.