Last Updated:
Shai Hope 13 Records: क्रिकेट के गलियारों में कुछ पारियां सिर्फ स्कोरबोर्ड पर रन नहीं जोड़तीं, बल्कि इतिहास के पन्नों पर अपना नाम अमर कर जाती हैं. न्यू चंडीगढ़ में खेले गए तीसरे और रोमांचक एकदिवसीय मुकाबले में वेस्टइंडीज के कप्तान शाई होप ने एक ऐसी ही ऐतिहासिक और अविश्वसनीय पारी खेली. भारत के खिलाफ चुनौतीपूर्ण 353 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए, जब दूसरे छोर पर विकेट लगातार गिर रहे थे, तब कप्तान शाई होप ने एक छोर को चट्टान की तरह संभाला. उनकी इस साहसिक और नाबाद 162 रनों की पारी ने न केवल वेस्टइंडीज को 5 विकेट से शानदार जीत दिलाई, बल्कि रिकॉर्ड बुक में भी भूचाल ला दिया. शाई होप की इस ऐतिहासिक पारी के दौरान बने 13 प्रमुख रिकॉर्ड इस प्रकार हैं.
शाई होप (Shai Hope) ने अपनी 162 रनों की नाबाद पारी के दम पर डेसमंड हेंस के 1989 में जॉर्जटाउन में बनाए गए नाबाद 152 रनों के 37 साल पुराने रिकॉर्ड को ध्वस्त कर दिया. इसके साथ ही उन्होंने शिवनारायण चंद्रपॉल (नाबाद 149 रन) और विवियन रिचर्ड्स (149) जैसे कैरेबियाई दिग्गजों को पीछे छोड़ते हुए भारत के खिलाफ वनडे में सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर बनाने का ऐतिहासिक कीर्तिमान अपने नाम कर लिया. वेस्टइंडीज की वनडे में रन चेज करते हुए यह सबसे बड़ी जीत है.
एक विकेटकीपर के तौर पर भारत के खिलाफ वनडे इतिहास में यह किसी भी बल्लेबाज का सबसे बड़ा स्कोर है. शाई होप ने न्यूजीलैंड के टॉम लैथम (नाबाद 145) और जिम्बाब्वे के दिग्गज एंडी फ्लावर (145) को पीछे छोड़ते हुए भारत के खिलाफ वनडे मैच में 150 से अधिक रन बनाने वाले दुनिया के पहले विकेटकीपर बनने का गौरव हासिल किया.
वेस्टइंडीज के कप्तान ने लक्ष्य का पीछा करते हुए इतिहास रच दिया. उन्होंने श्रीलंका के तिलकरत्ना दिलशान (160 रन, 2009) और इंग्लैंड के एंड्रयू स्ट्रॉस (158 रन, 2011) को पीछे छोड़ते हुए भारत के खिलाफ रनचेज में सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारी खेलने का 15 साल पुराना रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया.
Add News18 as
Preferred Source on Google
रनचेज के दौरान बतौर विकेटकीपर वनडे में सबसे बड़ी पारियों की सूची में शाई होप अब चौथे स्थान पर आ गए हैं. इस लिस्ट में एमएस धोनी का श्रीलंका के खिलाफ जयपुर में बनाया गया नाबाद 183 रनों का रिकॉर्ड शीर्ष पर है, जिसके बाद क्विंटन डी कॉक और अब शाई होप का नाम आता है.
कप्तान के रूप में भारत के खिलाफ वनडे में यह दूसरा सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर है. इस मामले में सनथ जयसूर्या (189 रन, शारजाह 2000) पहले स्थान पर हैं, जबकि शाई होप ने एंड्रयू स्ट्रॉस और जॉर्ज बेली जैसे कप्तानों को पीछे छोड़ते हुए दूसरा पायदान हासिल किया.
शाई होप का यह वनडे करियर का दूसरा 150-प्लस स्कोर रहा. इसके साथ ही उन्होंने वेस्टइंडीज के लिए इस खास फेहरिस्त में अपनी जगह पक्की कर ली, जहां क्रिस गेल (5 बार), विवियन रिचर्ड्स और ब्रायन लारा (3-3 बार) के बाद अब होप (2 बार) का नाम शामिल हो गया है.
भारतीय सरजमीं पर भारत के खिलाफ वनडे में यह शाई होप का चौथा शतक था. वह इस मामले में न्यूजीलैंड के डेरिल मिचेल (4 शतक) के साथ संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर हैं, जबकि दक्षिण अफ्रीका के एबी डी विलियर्स (5 शतक) पहले पायदान पर काबिज हैं.
एक ओपनर के रूप में शाई होप के नाम अब वनडे क्रिकेट में 12 शतक दर्ज हो चुके हैं. वह इस सूची में क्रिस गेल (25 शतक) और डेसमंड हेंं (17 शतक) के ठीक बाद तीसरे स्थान पर हैं, जबकि गॉर्डन ग्रीनिज 11 शतकों के साथ उनके पीछे हैं.
शाई होप ने विकेटकीपर-कप्तान की भूमिका निभाते हुए अपने करियर का आठवां वनडे शतक जड़ा और वह इस विशिष्ट सूची में दुनिया में पहले स्थान पर पहुंच गए हैं. उन्होंने भारत के पूर्व कप्तान एमएस धोनी (6 शतक) और एबी डी विलियर्स (4 शतक) को पीछे छोड़ दिया है.
अपने शानदार करियर में 21वां वनडे शतक पूरा करते हुए शाई होप कैरेबियाई क्रिकेट इतिहास के दूसरे सबसे बड़े शतकवीर बन गए हैं. इस सूची में केवल क्रिस गेल (25 शतक) उनसे आगे हैं, जबकि महान ब्रायन लारा (19 शतक) अब तीसरे स्थान पर खिसक गए हैं.
शाई होप ने अपने 21वें वनडे शतक तक पहुंचने के लिए 152 पारियां लीं. इस उपलब्धि के साथ उन्होंने डेविड वार्नर (ऑस्ट्रेलिया) और क्विंटन डी कॉक (दक्षिण अफ्रीका) की बराबरी कर ली है. हाशिम अमला (116 पारी) और विराट कोहली (138 पारी) ही इस मामले में उनसे आगे हैं.
क्रिकेट के सभी फॉर्मेट को मिलाकर कप्तान के रूप में शाई होप के नाम अब 9 अंतरराष्ट्रीय शतक हो गए हैं. वह इस मुकाम के साथ क्रिस गेल और विवियन रिचर्ड्स के साथ संयुक्त रूप से वेस्टइंडीज के तीसरे सबसे सफल कप्तान बन गए हैं, जहां ब्रायन लारा (19 शतक) शीर्ष पर हैं.