Nainital News : ‘भीड़ काफी, लेकिन इसका भी अलग मजा’, लॉन्ग वीकेंड पर नैनीताल सैलानियों से पैक, आने से पहले कर लें ये काम

Nainital News : ‘भीड़ काफी, लेकिन इसका भी अलग मजा’, लॉन्ग वीकेंड पर नैनीताल सैलानियों से पैक, आने से पहले कर लें ये काम


Last Updated:

Nainital ki local news : नैनीताल में सैलानियों की बाढ़ आ गई है. गांधी जयंती की छुट्टी के साथ मिले तीन दिन के लंबे वीकेंड में पर्यटक पहाड़ों का रुख कर रहे हैं. शनिवार को शहर में काफी चहल-पहल देखने को मिली. सुहावना मौसम, साफ आसमान और पहाड़ों के खूबसूरत नजारे पर्यटकों का दिल जीत रहे हैं. दिल्ली से आईं पूनम लोकल 18 से कहती हैं कि नैनीताल हमेशा से उनकी पसंदीदा जगह रही है. यहां के खूबसूरत नजारों के बीच घूमने की बात ही अलग है. शालू कहती हैं कि नैनीताल पहुंचने से पहले वह कैंची धाम भी गईं, जहां काफी भीड़ थी, लेकिन दर्शन अच्छे से हो गया. .

नैनीताल. लॉन्ग वीकेंड का असर सरोवर नगरी नैनीताल में साफ दिखाई देने लगा है. गांधी जयंती की छुट्टी के साथ मिले तीन दिन के लंबे वीकेंड में बड़ी संख्या में पर्यटक पहाड़ों का रुख कर रहे हैं. शुक्रवार से ही नैनीताल में सैलानियों की आवाजाही बढ़ गई और शनिवार को शहर के प्रमुख पर्यटन स्थलों, बाजारों और सड़कों पर काफी चहल-पहल देखने को मिल रही है. सुहावने मौसम, साफ आसमान और पहाड़ों के खूबसूरत नजारों ने पर्यटकों का उत्साह और बढ़ा दिया है. माल रोड, नैनीझील, भोटिया मार्केट, पंत पार्क और स्नो व्यू समेत प्रमुख पर्यटन स्थलों पर पर्यटक छुट्टियों का आनंद लेते नजर आ रहे हैं. नैनीझील में नौकायन के लिए भी पर्यटकों की अच्छी भीड़ देखने को मिली है. शहर की सड़कों पर वाहनों की संख्या बढ़ने से जगह-जगह ट्रैफिक का दबाव भी दिखाई दिया है. पुलिस और यातायात कर्मी विभिन्न स्थानों पर व्यवस्था संभालते नजर आए.

न करें ये गलती

दिल्ली से नैनीताल पहुंचीं पर्यटक पूनम ने लोकल 18 को बताया कि लॉन्ग वीकेंड के चलते शहर में काफी भीड़ है. होटल, बाजार और पर्यटन स्थलों पर बड़ी संख्या में लोग दिखाई दे रहे हैं. उन्होंने नैनीझील में नौकायन का भी आनंद लिया. हालांकि, शहर में ट्रैफिक काफी अधिक होने के कारण पर्यटकों को परेशानी भी हो रही है. पूनम कहती हैं कि नैनीताल हमेशा से उनकी पसंदीदा जगह रही है और यहां के खूबसूरत नजारों के बीच घूमना उन्हें पसंद है. पूनम ने आने वाले पर्यटकों को सलाह दी कि अगर वे अगले कुछ दिनों में नैनीताल आने की योजना बना रहे हैं तो होटल की बुकिंग पहले से करा लें, ताकि शहर पहुंचने के बाद ठहरने के लिए परेशानी न हो.

पहली बार आईं शालू

हरियाणा के पानीपत से नैनीताल पहुंचीं शालू पहली बार यहां आई हैं. उन्होंने बताया कि नैनीताल का मौसम काफी सुहावना है और यहां के लोग भी अच्छे हैं. उन्होंने नैनीझील में नौकायन किया और शहर के प्रमुख पर्यटन स्थलों का दीदार किया. नैनीताल पहुंचने से पहले वह कैंची धाम भी गईं, जहां काफी भीड़ थी, लेकिन दर्शन अच्छे हुए. इसके बाद उन्होंने घोड़ाखाल स्थित गोलू देवता मंदिर के भी दर्शन किए. शालू कहती हैं कि नैनीताल की सड़कों पर जाम और भीड़ जरूर है, लेकिन इसके बावजूद घूमने का अपना अलग आनंद है.

अब लौटी रौनक

नैनीताल होटल एसोसिएशन के सचिव वेद साह के मुताबिक, पिछले एक महीने के दौरान लगातार बारिश, रेड अलर्ट और खराब मौसम के कारण पर्यटन कारोबार प्रभावित हुआ था. स्कूलों के बंद रहने और मौसम से जुड़ी खबरों के चलते भी कई पर्यटक पहाड़ों की यात्रा करने से बच रहे थे. इस दौरान बड़ी संख्या में होटल बुकिंग कैंसिल हुईं और कई लोगों ने अपनी यात्राएं भी रद्द कर दी. वेद साह ने बताया कि करीब दो से तीन सप्ताह तक नैनीताल में पर्यटकों की संख्या काफी कम रही. पिछले एक-दो सप्ताह से मौसम में सुधार के बाद पर्यटन गतिविधियां फिर बढ़ने लगी हैं. अब धूप और घूमने के लिए मौसम बेहतर है. इसी बीच गांधी जयंती के चलते तीन दिन का लॉन्ग वीकेंड मिलने से बड़ी संख्या में पर्यटक नैनीताल पहुंच रहे हैं. करीब 90 प्रतिशत होटल फुल हैं. कैंची धाम में बढ़ते पर्यटकों का असर भी नैनीताल के पर्यटन कारोबार पर दिखाई दे रहा है. कैंची धाम जाने वाले कई पर्यटक नैनीताल का भी रुख कर रहे हैं.

फिर कब मिलेगा ऐसा मौका

होटल एसोसिएशन के सचिव वेद साह ने बताया कि 2 अक्टूबर के लॉन्ग वीकेंड के बाद दशहरे के आसपास भी छुट्टियों के चलते पर्यटकों की आवाजाही बढ़ सकती है. ऐसे में जो लोग आने वाले दिनों में नैनीताल घूमने का प्लान बना रहे हैं, उन्हें होटल की बुकिंग पहले से करा लेनी चाहिए. फिलहाल नैनीताल में मौसम सुहावना है और पर्यटकों की बढ़ती भीड़ ने पर्यटन कारोबारियों के चेहरे पर भी रौनक लौटा दी है. हालांकि, बढ़ती भीड़ के साथ ट्रैफिक का दबाव भी बढ़ रहा है. ऐसे में वीकेंड पर नैनीताल आने वाले पर्यटकों के लिए पहले होटल बुकिंग, यात्रा की बेहतर प्लानिंग और ट्रैफिक को ध्यान में रखना जरूरी होगा.



Source link