Nainital Kainchi Dham: दिल्ली से कैची धाम घूमने आए पर्यटकों की कार खाई में गिरी, एक की मौत, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

Nainital Kainchi Dham: दिल्ली से कैची धाम घूमने आए पर्यटकों की कार खाई में गिरी, एक की मौत, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी


Last Updated:

उत्तराखंड के नैनीताल स्थित प्रसिद्ध कैंची धाम (बाबा नीम करौली आश्रम) जा रहे पर्यटकों की कार गहरी खाई में गिर गई. इस दर्दनाक हादसे में एक पर्यटक की मौत हो गई, जबकि तीन गंभीर रूप से घायल हैं. मौके पर एसडीआरएफ (SDRF) का रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है. वहीं, लंबे वीकेंड के चलते कैंची धाम और नैनीताल में दर्शनार्थियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है, जिससे भवाली, हल्द्वानी और भीमताल में भीषण जाम लग गया है. जाम से निपटने के लिए पुलिस ने रविवार के लिए नया ट्रैफिक और रूट प्लान लागू किया है.

Zoom

खाई में गिरी पर्यटकों की गाड़ी.

Kainchi Dham Accident: विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम (बाबा नीम करौली आश्रम) के दर्शन करने आ रहे पर्यटकों के साथ एक बड़ा और दर्दनाक हादसा हो गया है. दिल्ली-हरियाणा से आए पर्यटकों की एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी. हादसे के समय कार में कुल पांच लोग सवार थे. इस भीषण दुर्घटना में एक पर्यटक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और एसडीआरएफ (SDRF) की टीम मौके पर पहुंच गई है. एसडीआरएफ के अधिकारी मनीष भाकुनी के अनुसार, खाई में गिरे पर्यटकों को बाहर निकालने के लिए युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव का रेस्क्यू अभियान जारी है. घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही है.

पुलिस ने क्या बताया
एसडीआरएफ (SDRF) के उप-निरीक्षक (सब इंस्पेक्टर) मनीष भाकुनी ने बताया कि आपदा कंट्रोल रूम नैनीताल से हल्द्वानी वाले मुख्य रूट पर भूमियाधार (मुख्य गांव के नीचे) एक गाड़ी गिरने की सूचना मिली थी. मौके पर पहुंचने पर पता चला कि हरियाणा नंबर की एक महिंद्रा स्कॉर्पियो कार खाई में गिर गई है, जिसमें पांच व्यक्ति सवार थे. रेस्क्यू टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए चार घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल भेज दिया है, जबकि एक मृतक व्यक्ति के शव को निकालने के लिए रिकवरी का काम जारी है.

कैंची धाम में भक्तों की भीड़
इस लंबे वीकेंड के चलते कैंची धाम में बाबा नीम करौली के दर्शन के लिए भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है. श्रद्धालुओं और पर्यटकों के इस अप्रत्याशित हुजूम के कारण नैनीताल, हल्द्वानी, ज्योलीकोट, भीमताल और भवाली के स्थानीय निवासी दिनभर जाम से हलकान रहे. नैनीताल से कैंची धाम तक जगह-जगह भीषण जाम लगा हुआ है और वाहनों की लंबी कतारें रेंग रही हैं, जिससे ट्रैफिक पुलिस के भी पसीने छूट गए हैं. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने नैनीताल के रूसी बाईपास पर पर्यटकों के निजी वाहनों को रोक दिया है. यहां से श्रद्धालुओं को विशेष शटल सेवा और निर्धारित पार्किंग व्यवस्था के जरिए आगे कैंची धाम भेजा जा रहा है.

रविवार के लिए नया ट्रैफिक और रूट प्लान लागू

  • लगातार बिगड़ती यातायात व्यवस्था को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने रविवार के लिए एक नया ट्रैफिक प्लान लागू कर दिया है.
  • रविवार शाम 4 बजे से रात 10 बजे तक काठगोदाम से नारीमन पॉइंट होते हुए नैनीताल और भीमताल की ओर जाने वाला नेशनल हाईवे (NH) पूरी तरह बंद रहेगा.
  • इस समयावधि में केवल नैनीताल और भीमताल से हल्द्वानी की ओर आने वाला ट्रैफिक वन-वे (One-way) चालू रहेगा.
  • नैनीताल जाने वाले पर्यटकों को वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करना होगा. दिल्ली और देहरादून की ओर से आने वाली गाड़ियां सीधे कालाढूंगी रोड होते हुए नैनीताल जा सकेंगी.
  • वहीं, हल्द्वानी से नैनीताल, भीमताल और भवाली जाने वाली गाड़ियों को पटुवाडांगर-बेलुआखान के रास्ते आगे भेजा जाएगा.

लॉन्ग वीकेंड पर कैंची धाम पर भक्तों का जमावड़ा
तीन दिन के वीकेंड के चलते शनिवार को नैनीताल और कैंची धाम में श्रद्धालुओं व पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. कैंची धाम जाने वाले वाहनों की संख्या बढ़ने से नैनीताल से कैंची धाम तक जगह-जगह यातायात प्रभावित रहा और सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें नजर आईं. कैंची धाम में दर्शन के लिए सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचने लगे. वहीं पर्यटकों के वाहनों की बढ़ती संख्या के कारण नैनीताल-कैंची धाम मार्ग पर यातायात का दबाव बढ़ गया. नैनीताल से कैंची धाम तक कई स्थानों पर जाम की स्थिति बनी रही. यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने नैनीताल के रूसी बाईपास में पर्यटकों के वाहनों को रोककर यातायात को नियंत्रित किया. पर्यटकों को शटल सेवा और निर्धारित पार्किंग व्यवस्था के जरिए आगे भेजने की व्यवस्था की गई.वीकेंड पर अचानक बढ़ी पर्यटकों और श्रद्धालुओं की संख्या के चलते नैनीताल शहर के साथ-साथ भवाली, ज्योलीकोट और कैंची धाम क्षेत्र में भी यातायात का दबाव बढ़ गया है. पुलिस और यातायात कर्मी विभिन्न स्थानों पर व्यवस्था संभालने में जुटे हैं.



Source link