Aaj Ka MP Mausam: मध्य प्रदेश में मानसून का दौर खत्म होते ही मौसम का मिजाज बदलने लगा है. बारिश थम चुकी है. दिन में तेज धूप और गर्मी लग रही है, जबकि रात में हल्की ठंडक महसूस हो रही है. भोपाल, इंदौर और उज्जैन समेत कई शहरों में रात का तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है. वहीं, कुछ जिलों में दिन का पारा अभी भी 35 डिग्री के पार बना हुआ है.
बीती रात कहां ठंडा रहा
बीती रात अमरकंटक सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 17.1 डिग्री दर्ज किया गया. शाजापुर में पारा 17.3 डिग्री और धार में 17.5 डिग्री रहा. इसके अलावा इंदौर और पचमढ़ी में न्यूनतम तापमान 17.6 डिग्री दर्ज हुआ, जबकि भोपाल और उज्जैन में रात का पारा 18 डिग्री रहा.
दिन के तापमान की बात करें तो पचमढ़ी और अमरकंटक में यह 29 डिग्री से नीचे रहा. इसके उलट भोपाल, बड़वानी, धार, उज्जैन और नर्मदापुरम में दिन का तापमान 35 डिग्री से ज्यादा दर्ज किया गया.
अक्टूबर के पहले 15 दिन बदलाव वाले
आईएमडी के मुताबिक, 30 सितंबर को मानसून की अवधि पूरी हो जाती है. इसके बाद अक्टूबर के पहले 15 दिन मौसम बदलने का समय होता है. इस दौरान रातें धीरे-धीरे ठंडी होने लगती हैं, लेकिन दिन में गर्मी बनी रहती है. आने वाले कुछ दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में तेज धूप रहने की संभावना जताई गई है.
अब कब से मानसून की वापसी
IMD भोपाल के अनुसार, फिलहाल मानसून पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान से लौट रहा है. मध्य प्रदेश में इसकी वापसी ग्वालियर-चंबल और उज्जैन से शुरू होने की संभावना है. इसके बाद इंदौर, नर्मदापुरम, सागर, जबलपुर, रीवा, भोपाल और शहडोल से भी मानसून विदा हो सकता है. अगले दो से तीन दिनों में वापसी की शुरुआत हो सकती है और 10 अक्टूबर तक पूरे प्रदेश से मानसून के वापस जाने की उम्मीद है.
अगले दिनों में बारिश का अनुमान
3, 4 और 5 अक्टूबर को प्रदेश में कहीं बारिश की संभावना नहीं है. लेकिन 6 अक्टूबर को छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, सीधी, टीकमगढ़, सिंगरौली, उमरिया, शहडोल और अनूपपुर सहित कुछ जिलों में हल्की बारिश हो सकती है.
प्रदेश में इस साल कितनी हुई बारिश?
इस मानसून में प्रदेश में कुल 908.4 मिमी यानी 35.8 इंच बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य से करीब 1.5 इंच कम है. वहीं, पूर्वी हिस्से में औसत से 4 % ज्यादा पानी गिरा, जबकि पश्चिमी भाग में सामान्य से 12% कम बारिश हुई. कई जिलों में बारिश सामान्य से कम रही है. वहीं, 25 जिलों में बारिश का तय कोटा लगभग पूरा हो चुका है.