MP News in Hindi: अगर आप मध्य प्रदेश की हर हलचल से अपडेट रहना चाहते हैं, तो एमपी की ताजा खबरें पढ़ने के लिए हमारे साथ बने रहें. यहां आपको भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर जैसे प्रमुख शहरों के समाचार और सभी जरूरी अपडेट देंगे. इसके अलावा राजनीति, अपराध, मौसम, प्रशासन, क्षेत्र के विकास से जुड़ी और काम की खबरें भी मिलेंगी. चलिए जानते हैं आज मध्य प्रदेश में क्या-क्या है खास. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की लेटेस्ट खबरें…
डोंगरगढ़ में ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर लाखों की ठगी
राजनांदगांव के डोंगरगढ़ में ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर 82 लाख 50 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया है. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को दुर्ग से गिरफ्तार किया है. मामला डोंगरगढ़ थाना क्षेत्र का है.
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज सिंगापुर रवाना होंगे
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज सिंगापुर दौरे पर रवाना होंगे. दौरे में वे निवेशकों और उद्योग समूहों से मुलाकात कर राज्य में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा करेंगे. उनका दौरा 6 अक्टूबर तक प्रस्तावित है, इस दौरान वे कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में शामिल होंगे.
छत्तीसगढ़ से मानसून की विदाई शुरू
छत्तीसगढ़ में मानसून की वापसी शुरू हो गई है. सरगुजा, बिलासपुर और रायपुर संभाग के कुछ हिस्सों से मानसून विदा हो रहा है. इस सीजन सामान्य से 53 मिमी ज्यादा बारिश हुई, जबकि सितंबर में 34% अधिक बारिश दर्ज की गई. मानसून के जाते ही तापमान 34 डिग्री तक पहुंच गया है. अब मौसम शुष्क होगा और रात में ठंडक बढ़ेगी.
रायपुर में BJP की अहम संगठन बैठक आज
भाजपा के नवनियुक्त संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह आज रायपुर पहुंचेंगे. उनकी मौजूदगी में रविवार सुबह 11 बजे कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में संगठन की अहम बैठक होगी. इसमें प्रदेश पदाधिकारी, जिलाध्यक्ष और संभाग प्रभारी शामिल होंगे. बैठक में सेवा संकल्प अभियान समेत संगठन की गतिविधियों की समीक्षा की जाएगी.
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह पहुंचे भोपाल
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह शुक्रवार देर रात भोपाल पहुंचे. मुख्यमंत्री मोहन यादव ने एयरपोर्ट पर उनका स्वागत किया. शनिवार को शाह गोपालक सम्मेलन, नए आपराधिक कानूनों की प्रदर्शनी और IISER के अत्रि परिसर के शिलान्यास समेत कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे.
देवास में ड्रोन से निगरानी, खेत से 700 किलो गांजे के पौधे जब्त
देवास के सोनकच्छ में पुलिस ने ड्रोन से निगरानी के बाद काछी गुराड़िया गांव में कार्रवाई कर करीब 700 किलो गांजे के पौधे जब्त किए. करीब पौन बीघा खेत में गांजे की खेती की जा रही थी. पुलिस ने एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.
उज्जैन में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आईं दो बच्चियां
उज्जैन की तिरुपति धाम कॉलोनी में छत पर खेलते समय दो बच्चियां हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गईं.13 वर्षीय आराध्या चौहान को बचाने पहुंची मीनल जैन भी करंट की चपेट में आ गई. दोनों का शासकीय चरक भवन के बर्न वार्ड में इलाज चल रहा है. पुलिस हादसे की जांच कर रही है.
सिंहस्थ 2028: शिप्रा को स्वच्छ रखने के लिए सफाई अभियान
उज्जैन में सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के तहत शिप्रा नदी को निर्मल और प्रवाहमान बनाए रखने के लिए त्रिशूल शिवगण वाहिनी लगातार सफाई अभियान चला रही है. मध्य प्रदेश सरकार और नगर निगम के सहयोग से लोगों को शिप्रा स्वच्छ रखने का संदेश दिया जा रहा है, ताकि श्रद्धालु और साधु-संत स्वच्छ नदी में स्नान कर सकें.