लेनदेन और ब्याज पर विवाद के बाद हत्या मामले में पुलिस का बड़ा खुलासा, दुर्गंध फैलने से मिला था शव, तीन गिरफ्तार

लेनदेन और ब्याज पर विवाद के बाद हत्या मामले में पुलिस का बड़ा खुलासा, दुर्गंध फैलने से मिला था शव, तीन गिरफ्तार


Last Updated:

सतना में पशुपतिनाथ धाम के पास अधेड़ रमाशंकर गर्ग की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. पुलिस के मुताबिक हत्या रुपये के लेनदेन और ब्याज के विवाद को लेकर हुई थी. मृतक ब्याज पर रकम उधार देता था और मोटी ब्याज दर वसूलने का आरोप है. पुलिस ने जांच के बाद मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है.

Zoom

ब्याज के पैसे के विवाद में अधेड़ की हत्या का मामला

सतना. सतना में करीब एक पखवाड़े पहले पशुपतिनाथ धाम के पास हुई अधेड़ की हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है. पुलिस के मुताबिक हत्या रुपये के लेनदेन और ब्याज के विवाद को लेकर की गई थी. मृतक ब्याज पर रकम उधार देता था और आरोप है कि मोटी ब्याज दर वसूल करता था. हत्या के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें दो सगे भाई हैं.

घटना 14 और 15 सितंबर की दरमियानी रात की बताई जा रही है. मृतक की पहचान रमाशंकर गर्ग के रूप में हुई थी. 18 सितंबर को घर से बदबू आने के बाद पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची सिविल लाइन थाना पुलिस ने घर से अध सड़ी हालत में रमाशंकर का शव बरामद किया था. इसके बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की.

जांच में सामने आई वजह
जांच में सामने आया कि करीब दो साल पहले रमाशंकर गर्ग ने अंकित रैकवार को 30 हजार रुपये 10 प्रतिशत ब्याज की दर पर उधार दिए थे. रकम के बदले अंकित ने अपने छोटे भाई सचिन रैकवार के नाम का ब्लैंक चेक दिया था. ब्याज की रकम नहीं मिलने पर रमाशंकर ने चेक कोर्ट में पेश कर दिया और न्यायालय में मामले की पेशी शुरू हो गई.

पुलिस के मुताबिक घटना वाली रात अंकित रैकवार, उसका भाई सचिन और रिश्तेदार नीरज रमाशंकर के घर पहुंचे थे. आरोपियों ने मूल रकम वापस लेकर मामले में समझौता करने की बात कही, लेकिन रमाशंकर इसके लिए तैयार नहीं हुए. इसी दौरान विवाद बढ़ गया.

शव के सड़ने पर पड़ोसियों लगी दुर्गंध
आरोप है कि अंकित ने घर में रखे लोटे से रमाशंकर पर हमला किया. इसके बाद चाकू और कुल्हाड़ी से वार कर उनकी हत्या कर दी गई. हत्या के बाद आरोपी घर का दरवाजा बंद कर मौके से फरार हो गए. शव कई दिन तक घर में पड़ा रहा, जिसके बाद दुर्गंध आने पर पड़ोसियों को घटना की जानकारी हुई.

सिविल लाइन थाना पुलिस ने जांच के बाद तीनों आरोपियों, अंकित रैकवार, सचिन रैकवार और नीरज को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर वारदात में इस्तेमाल हथियार और घटना से जुड़े अन्य साक्ष्यों की भी जांच कर रही है.

फिलहाल, पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. हत्या के पीछे मुख्य वजह रुपये का लेनदेन और ब्याज की रकम को लेकर चल रहा विवाद सामने आया है.



Source link