लखनऊ एयरपोर्ट पार्किंग का बढ़ा किराया, 8 मिनट से ज्यादा देर वाहन खड़े करने पर देने होंगे इतने पैसे  

लखनऊ एयरपोर्ट पार्किंग का बढ़ा किराया, 8 मिनट से ज्यादा देर वाहन खड़े करने पर देने होंगे इतने पैसे  


लखनऊ: चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से आने-जाने वाले यात्रियों और वाहन चालकों के लिए जरूरी खबर है. एयरपोर्ट पर पार्किंग और वाहनों के आने-जाने की नई दरें लागू हो गई हैं. खास बात यह है कि कमर्शियल वाहनों के लिए शुल्क पहले से ज्यादा रखा गया है. निजी कार और एसयूवी को 8 मिनट तक पार्किंग के लिए कोई पैसा नहीं देना होगा, लेकिन इसके बाद तय शुल्क देना पड़ेगा. नई दरें गुरुवार आधी रात से लागू हुई हैं.

बाइक से एयरपोर्ट जाने पर कितना लगेगा?
अगर आप दोपहिया वाहन से एयरपोर्ट जाते हैं तो 8 मिनट तक के लिए 50 रुपये देने होंगे. 30 से 60 मिनट तक रुकने पर शुल्क 100 रुपये होगा. वहीं 24 घंटे के लिए दोपहिया वाहन का अधिकतम शुल्क 300 रुपये तय किया गया है.

ऑटो वालों के लिए भी बदली दरें
ऑटो के लिए 30 मिनट तक 80 रुपये और एक घंटे तक 100 रुपये देने होंगे. अगर ऑटो 24 घंटे तक पार्क रहता है तो अधिकतम 500 रुपये शुल्क लगेगा.

निजी कार वालों को 8 मिनट की राहत
निजी कार और एसयूवी से यात्रियों को एयरपोर्ट छोड़ने या लेने वालों के लिए 8 मिनट तक पार्किंग मुफ्त रहेगी. इसके बाद 30 मिनट तक 180 रुपये और एक घंटे तक 200 रुपये शुल्क देना होगा. 24 घंटे के लिए निजी कार और एसयूवी का अधिकतम शुल्क 1000 रुपये रखा गया है.

कमर्शियल कार पर पहले मिनट से शुल्क
कमर्शियल कार वालों के लिए नियम ज्यादा सख्त हैं. इन वाहनों पर 8 मिनट से ही 200 रुपये शुल्क लगेगा. 24 घंटे तक कमर्शियल कार के लिए अधिकतम शुल्क 1200 रुपये तय किया गया है.

बस, ट्रक और पिकअप वालों की जेब पर ज्यादा असर
टेंपो, पिकअप, मिनीबस, बस और ट्रक जैसे बड़े वाहनों के लिए 8 मिनट तक का शुल्क 600 रुपये है. 24 घंटे में इन वाहनों से अधिकतम 3000 रुपये लिए जाएंगे. यानी बड़े कमर्शियल वाहन लेकर एयरपोर्ट आने वालों को अब पार्किंग के लिए ज्यादा रकम चुकानी होगी.

मासिक पास की दरें भी बदलीं
एयरपोर्ट पर नियमित आने वाले वाहनों के लिए मासिक पास की दरें भी तय की गई है. स्टाफ के दोपहिया वाहन के लिए 300 रुपये और चार पहिया वाहन के लिए 800 रुपये मासिक शुल्क होगा. कमर्शियल टैक्सी और ऑटो का पास 1000 रुपये, कैश कैरी वैन का 1500 रुपये, क्रू वाहन का 8000 रुपये, होटल वाहन का 15000 रुपये और क्रूजर का 20000 रुपये मासिक होगा.

नो-पार्किंग में गाड़ी खड़ी की तो कार्रवाई
एयरपोर्ट प्रशासन ने नो-पार्किंग जोन और पिकअप-ड्रॉप लेन में तय समय से ज्यादा गाड़ी खड़ी करने वालों को भी चेतावनी दी है. ऐसे वाहनों के पहिए क्लैंप किए जा सकते हैं या क्रेन से गाड़ी हटाई जा सकती है. दोपहिया वाहन पर 500 रुपये और कार, एसयूवी, टेंपो, मिनीबस, बस और ट्रक पर 1000 रुपये का जुर्माना लगाया जा सकता है. एयरपोर्ट प्रशासन के मुताबिक नई दरें एयरपोर्ट की ट्रैफिक व्यवस्था, सुरक्षा और पार्किंग व्यवस्था को बेहतर तरीके से चलाने के लिए लागू की गई हैं.



Source link