Last Updated:
UP Weather News: उत्तर प्रदेश में अब मानसून की विदाई का दौर शुरू हो गया है. मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटे में प्रदेश के बाकी हिस्सों से भी मानसून लौट सकता है. इसके बाद कई इलाकों में मौसम साफ होने लगेगा और दिन में धूप तेज होने से गर्मी बढ़ेगी.
यूपी मौसम का हाल
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में मानसून अब विदाई की ओर है. अगले 24 घंटे में प्रदेश के बचे हिस्सों से भी मानसून लौटने की स्थिति बन रही है. इसके बाद ज्यादातर इलाकों में बारिश थमने और मौसम साफ होने का अनुमान है. दिन में तेज धूप निकलने से तापमान बढ़ेगा और लोगों को गर्मी के साथ उमस भी महसूस हो सकती है. हालांकि, मौसम पूरी तरह एक जैसा नहीं रहेगा. आने वाले दिनों में पूर्वी और पश्चिमी यूपी के कुछ हिस्सों में फिर से हल्की बारिश देखने को मिल सकती है.
मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक मानसून की वापसी के लिए मौसम की स्थिति लगातार अनुकूल हो रही है. मानसून के पीछे हटते ही प्रदेश में बारिश की गतिविधियां कम होंगी और आसमान साफ रहने लगेगा. इसका सीधा असर तापमान पर पड़ेगा. दिन का पारा धीरे-धीरे ऊपर जाएगा और दोपहर में धूप ज्यादा तेज महसूस होगी.
लखनऊ में भी इसका असर दिखने लगा है. शुक्रवार को दिनभर मौसम साफ रहा और तेज धूप के चलते लोगों को गर्मी महसूस हुई. राजधानी में अधिकतम तापमान 33.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस रहा. पिछले 24 घंटे की तुलना में दिन के तापमान में 0.9 डिग्री और रात के तापमान में 0.3 डिग्री की बढ़ोतरी हुई.
तराई के इलाकों में सोमवार को बूंदाबांदी
मानसून की विदाई के बीच तराई वाले जिलों में मौसम थोड़ी करवट ले सकता है. मौसम विभाग के मुताबिक सोमवार को इन इलाकों में कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना है. इससे इन जिलों में कुछ समय के लिए बादल छा सकते हैं और तापमान में मामूली बदलाव देखने को मिल सकता है.
5 से 8 अक्टूबर तक पूर्वी यूपी में बारिश के आसार
प्रदेश के पूर्वी हिस्से में भी अगले कुछ दिनों में मौसम पूरी तरह शांत नहीं रहेगा. 5 से 8 अक्टूबर के बीच कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है. हालांकि, इसी दौरान कई इलाकों में मौसम साफ रहने का भी अनुमान है. यानी पूर्वी यूपी के सभी जिलों में लगातार बारिश जैसी स्थिति नहीं रहेगी. पश्चिमी उत्तर प्रदेश की बात करें तो यहां 6 और 7 अक्टूबर को कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. इस दौरान हल्की हवा चलने का भी अनुमान है.
6-7 अक्टूबर को करीब 45 जिलों में बदल सकता है मौसम
मौसम विभाग के अनुसार 6 और 7 अक्टूबर को पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के करीब 45 जिलों में छिटपुट बारिश देखने को मिल सकती है. इसके बाद मौसम फिर से साफ होने की उम्मीद है. बारिश का दौर कमजोर पड़ने के साथ रात के तापमान में धीरे-धीरे गिरावट आने के संकेत भी हैं.
अक्टूबर में दिन गर्म, रात में बढ़ेगी हल्की ठंडक
मानसून के पूरी तरह लौटने के बाद यूपी में मौसम का मिजाज धीरे-धीरे बदलने लगेगा. दिन में धूप और तापमान बढ़ने से गर्मी महसूस होगी, जबकि सुबह और रात के समय मौसम अपेक्षाकृत आरामदायक हो सकता है. अक्टूबर के दूसरे सप्ताह में भी कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के आसार बने रह सकते हैं, जबकि प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम शुष्क रहेगा.