बेटियों ने रचा इतिहास! महिला हॉकी में 44 साल बाद गोल्ड, बिलासपुर के पूर्व खिलाड़ी बोले- गर्व का पल

बेटियों ने रचा इतिहास! महिला हॉकी में 44 साल बाद गोल्ड, बिलासपुर के पूर्व खिलाड़ी बोले- गर्व का पल


Last Updated:

Asian Games 2026: भारतीय महिला हॉकी टीम ने एशियन गेम्स 2026 में चीन को 1-0 से हराया. भारत ने 44 साल बाद महिला हॉकी में एशियन गेम्स का गोल्ड जीता. बिलासपुर के पूर्व हॉकी खिलाड़ियों ने टीम की जीत पर खुशी जताई. इस जीत से भारत ने लॉस एंजिल्स 2028 ओलंपिक के लिए क्वालीफाई किया.

Asian Games 2026: भारतीय महिला हॉकी टीम ने एशियन गेम्स 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए चीन को 1-0 से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया है. इस जीत के साथ भारतीय महिला हॉकी टीम ने 44 साल बाद एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीतकर इतिहास रच दिया. भारत की इस ऐतिहासिक जीत के बाद बिलासपुर में भी खेल प्रेमियों और पूर्व हॉकी खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला. बिलासपुर के पूर्व हॉकी खिलाड़ी राकेश शर्मा समेत खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों ने टीम इंडिया की इस उपलब्धि को देश के लिए गर्व का पल बताया. खिलाड़ियों का कहना है कि फील्ड गोल से मिली यह जीत भारतीय महिला हॉकी की शानदार तकनीक, मेहनत और मजबूत डिफेंस का नतीजा है.

44 साल बाद महिला हॉकी में भारत का गोल्ड
भारतीय महिला हॉकी टीम ने एशियन गेम्स 2026 के फाइनल मुकाबले में चीन को 1-0 से शिकस्त दी. इस जीत के साथ भारत ने 44 साल बाद महिला हॉकी में एशियन गेम्स का स्वर्ण पदक जीता है. इससे पहले भारतीय महिला टीम ने साल 1982 में दिल्ली में आयोजित एशियाई खेलों में गोल्ड मेडल हासिल किया था. लंबे इंतजार के बाद मिली इस ऐतिहासिक जीत से देशभर में खुशी का माहौल है.

फील्ड गोल से मिली ऐतिहासिक जीत
बिलासपुर के पूर्व हॉकी खिलाड़ी राकेश शर्मा ने भारतीय टीम की जीत पर खुशी जताते हुए कहा कि फील्ड गोल से जीत हासिल करना अपने आप में बड़ी उपलब्धि है. उन्होंने कहा कि पेनल्टी शूटआउट या पेनल्टी कॉर्नर में जीत में किस्मत और खेल दोनों की भूमिका हो सकती है, लेकिन फील्ड गोल के जरिए जीत हासिल करना टीम के खेल और प्रदर्शन को दर्शाता है. चीन की टीम ने भी शानदार खेल दिखाया, लेकिन भारतीय खिलाड़ियों का प्रदर्शन उससे बेहतर रहा.

मजबूत डिफेंस ने दिलाई जीत
राकेश शर्मा ने बताया कि भारतीय महिला टीम ने मुकाबले में डीप डिफेंस की रणनीति को बखूबी अपनाया. हॉकी में डीप डिफेंस का मतलब पीछे जाकर मजबूती से डिफेंड करना और मौका मिलने पर गोल कर टीम को बढ़त दिलाना होता है. भारतीय खिलाड़ियों ने इसी रणनीति के दम पर चीन को गोल करने का ज्यादा मौका नहीं दिया और अंत तक अपनी बढ़त बनाए रखी.

बिलासपुर के खिलाड़ियों में दिखा उत्साह
भारतीय महिला हॉकी टीम की इस ऐतिहासिक जीत के बाद बिलासपुर के खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में भी खासा उत्साह है. पूर्व खिलाड़ियों का कहना है कि देश की महिला खिलाड़ियों ने वर्षों की मेहनत और कड़ी तैयारी के बाद यह मुकाम हासिल किया है. टीम की इस उपलब्धि से युवा खिलाड़ियों को भी प्रेरणा मिलेगी और हॉकी के प्रति उनका रुझान बढ़ेगा.

देश के लिए गर्व का पल
खेल प्रेमियों ने कहा कि भारतीय महिला खिलाड़ियों ने एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीतकर पूरे देश का गौरव बढ़ाया है. खिलाड़ियों की मेहनत और संघर्ष का परिणाम आज पूरे देश के सामने है. लोगों को उम्मीद है कि आने वाले समय में भारतीय महिला हॉकी टीम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और भी बड़ी उपलब्धियां हासिल करेगी.

2028 ओलंपिक के लिए भी मिली सीधी एंट्री
एशियन गेम्स 2026 में स्वर्ण पदक जीतने के साथ भारतीय महिला हॉकी टीम ने लॉस एंजिल्स 2028 ओलंपिक के लिए सीधे क्वालीफाई भी कर लिया है. ऐसे में एशियन गेम्स का यह गोल्ड भारत के लिए दोहरी खुशी लेकर आया है. बिलासपुर के खेल प्रेमियों को अब ओलंपिक में भी भारतीय महिला टीम से शानदार प्रदर्शन की उम्मीद है.



Source link