Last Updated:
Reporting Live Trailer: परिणीति चोपड़ा की अपकमिंग फिल्म ‘रिपोर्टिंग लाइव’ का ट्रेलर जारी हो गया है. नेटफ्लिक्स की इस अपकमिंग फिल्म में परिणीति एक रिपोर्टर के किरदार में नजर आएंगी जो रेत माफिया का काला सच उजागर करने के मिशन पर है. नेटफ्लिक्स की फिल्म 9 अक्टूबर को रिलीज होगी और इसका ट्रेलर काफी दमदार है.
‘रिपोर्टिंग लाइव’ के ट्रेलर को काफी पसंद किया जा रहा है.
नई दिल्ली. परिणीति चोपड़ा की हालिया सीरीज ‘शक’ इन दिनों नेटफ्लिक्स पर ट्रेंड कर रही है. ‘शक’ की सफलता के बीच परिणीति चोपड़ा की अपकमिंग थ्रिलर फिल्म ‘रिपोर्टिंग लाइव’ का ट्रेलर रिलीज हो गया है. यह फिल्म देश में तेजी से फैल रहे अवैध रेत खनन और इसके खतरनाक माफिया नेटवर्क के काले सच को बड़े पर्दे पर बेनकाब करती नजर आएगी. ये फिल्म सच्ची घटनाओं पर आधारित है. फिल्म का ट्रेलर 2 मिनट 2 सेकंड का है, एक भयावह और डरावनी दुनिया की झलक दिखाता है. एक ऐसी दुनिया जहां अवैध रेत के काले कारोबार का जाल फैला हुआ है.
इस धंधे की सच्चाई को दुनिया के सामने लाने की कीमत लोगों को अपनी जान देकर चुकानी पड़ती है. कहानी की शुरुआत एक जानलेवा हादसे से होती है, जिसके बाद एक महत्वाकांक्षी फील्ड रिपोर्टर (परिणीति चोपड़ा) और उनका कैमरामैन (देवेन भोजानी) सिस्टम और ताकतवर लोगों से कुछ तीखे सवाल पूछना शुरू कर देते हैं.
दमदार है फिल्म का ट्रेलर
ये ऐसे सवाल हैं जिनका जवाब रसूखदार लोग कभी नहीं देना चाहते. जैसे-जैसे ये दोनों इस संगीन मामले की गहराई में उतरते जाते हैं, यह खतरनाक दुनिया उनके लिए और अधिक जानलेवा बनती जाती है. ट्रेलर में दिखाया गया है कि कैसे हर एक नया जवाब एक नया सवाल खड़ा करता है और हर सुराग के साथ खतरा और भी ज्यादा गहराता चला जाता है.
इस फिल्म के जरिए ध्रुव त्रिपाठी निर्देशन के क्षेत्र में बतौर फीचर फिल्म डायरेक्टर अपना कदम रख रहे हैं. फिल्म की कहानी मिहिर जाधव और ध्रुव त्रिपाठी ने मिलकर लिखी है, जबकि इसका निर्माण पार्थ किरण ठाकुर और जोशुआ शिरसाट ने किया है.
9 अक्टूबर को रिलीज होगी फिल्म
फिल्म में कई शानदार कलाकार नजर आएंगे. नेटफ्लिक्स की अपकमिंग फिल्म ‘रिपोर्टिंग लाइव’ में परिणीति चोपड़ा लीड रोल में दिखेंगी. वहीं देवेन भोजानी उनके कैमरापर्सन का रोल अदा करेंगे. इनके अलावा इस थ्रिलर में अमोल पालेकर, आदिल हुसैन और शेखर सुमन जैसे मंझे हुए कलाकार भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे. फिल्म 9 अक्टूबर को रिलीज होगी.