नैनीझील से लेकर कैंची धाम तक… वीकेंड पर नैनीताल में उमड़ी पर्यटकों की भीड़, सड़कों पर लंबा जाम

नैनीझील से लेकर कैंची धाम तक… वीकेंड पर नैनीताल में उमड़ी पर्यटकों की भीड़, सड़कों पर लंबा जाम


Last Updated:

Nainital News: 2 अक्टूबर की छुट्टी और वीकेंड ऑफ को देखते हुए नैनीताल में जमकर भीड़ देखने को मिल रही है. पर्यटकों की बढ़ती संख्या के साथ शहर की सड़कों पर वाहनों का दबाव भी बढ़ गया, जिससे कई जगह जाम की स्थिति बनी रही.

नैनीताल: 2 अक्टूबर की छुट्टी और लंबे वीकेंड का असर सरोवर नगरी नैनीताल में साफ दिखाई देने लगा है. शुक्रवार से ही शहर में पर्यटकों की आमद बढ़ गई और शनिवार को प्रमुख पर्यटन स्थलों पर भारी भीड़ देखने को मिली. माल रोड, नैनीझील, भोटिया मार्केट, स्नो व्यू और शहर के अन्य पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने से नैनीताल गुलजार नजर आया. वहीं, पर्यटकों की बढ़ती संख्या के साथ शहर की सड़कों पर वाहनों का दबाव भी बढ़ गया, जिससे कई जगह जाम की स्थिति बनी रही.

नैनीताल पहुंचे पर्यटक जहां नैनीझील में नौकायन, माल रोड पर घूमने और पहाड़ों के खूबसूरत नजारों का आनंद लेते नजर आए. वहीं दूसरी ओर वाहनों की लंबी कतारों ने उनकी परेशानी भी बढ़ाई. लंबे वीकेंड को देखते हुए पुलिस और प्रशासन की ओर से पहले से ही यातायात व्यवस्था को लेकर तैयारियां की गई हैं. शहर में सीजन के दौरान लागू होने वाला ट्रैफिक प्लान भी प्रभावी कर दिया गया है.

पर्यटकों की भीड़ से बढ़ा वाहनों का दबाव
एसपी ट्रैफिक डॉ. जगदीश चंद्र ने बताया कि लंबे वीकेंड के चलते नैनीताल समेत आसपास के पर्यटन और धार्मिक स्थलों पर पर्यटकों की संख्या बढ़ी है. पर्यटकों की बढ़ती आमद के कारण सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं. यातायात को व्यवस्थित रखने के लिए पुलिस की ओर से अतिरिक्त व्यवस्थाएं की गई हैं और सुरक्षा की दृष्टि से अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है.

उन्होंने बताया कि वीकेंड को देखते हुए ट्रैफिक प्लान लागू किया गया है. शहर की प्रमुख पार्किंग फुल होने की स्थिति में अस्थायी पार्किंग की व्यवस्था भी की गई है, ताकि सड़कों के किनारे वाहनों का अनावश्यक दबाव न बढ़े और यातायात सुचारू रखा जा सके.

कैंची धाम जाने वालों के लिए शटल सेवा
लंबे वीकेंड में कैंची धाम में भी श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संख्या बढ़ गई है. नैनीताल आने वाले कई पर्यटक कैंची धाम का रुख कर रहे हैं. इसके साथ ही भीमताल, मुक्तेश्वर और नौकुचियाताल समेत आसपास के पर्यटन स्थलों पर आने वाले पर्यटकों की आवाजाही भी कैंची धाम की ओर हो रही है. ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, कैंची धाम में वाहनों का दबाव कम करने के लिए पार्किंग और शटल व्यवस्था पर जोर दिया जा रहा है. पर्यटकों के वाहनों को निर्धारित पार्किंग में खड़ा कराया जा रहा है और वहां से शटल के माध्यम से उन्हें कैंची धाम भेजने की व्यवस्था की गई है. इसका उद्देश्य कैंची धाम और आसपास की सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारों और जाम को नियंत्रित करना है.

मोबाइल टीमों को किया तैनात
एसपी ट्रैफिक ने बताया कि यातायात व्यवस्था को संभालने के लिए मोबाइल टीमों को भी तैनात किया गया है. ये टीमें जरूरत के अनुसार मौके पर पहुंचकर यातायात को नियंत्रित कर रही हैं. वहीं वरिष्ठ अधिकारी लगातार व्यवस्थाओं की मॉनिटरिंग कर रहे हैं, ताकि लंबे वीकेंड के दौरान पर्यटकों को कम से कम परेशानी का सामना करना पड़े.



Source link