‘अच्छे से लड़ो और जीतो’, अनंत सिंह के विरोध के बीच नीतीश कुमार का क्लियर मैसेज, नीरज कुमार को मिला जीत का आशीर्वाद

‘अच्छे से लड़ो और जीतो’, अनंत सिंह के विरोध के बीच नीतीश कुमार का क्लियर मैसेज, नीरज कुमार को मिला जीत का आशीर्वाद


Last Updated:

Neeraj Kumar Meets Nitish Kumar: पटना ग्रेजुएट MLC इलेक्शन में अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच चल रहे घमासान के बीच जदयू उम्मीदवार नीरज कुमार ने मुख्यमंत्री और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार से मुलाकात की है. नीतीश कुमार ने नीरज कुमार को जीत का आशीर्वाद दिया है और चुनाव में पूरी ताकत से लड़ने को कहा है. पूरी खबर विस्तार से आगे पढ़िये.

Zoom

अनंत सिंह के विरोध के बीच नीतीश कुमार से नीरज कुमार की मुलाकात.

पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को लेकर जनता दल यूनाइटेड में चल रहे अनंत सिंह और नीरज कुमार के विवाद के बीच नीरज कुमार ने जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार से मुलाकात की है. इस मुलाकात में नीतीश कुमार ने नीरज कुमार को चुनाव में मजबूती से लड़ने और जीतने का आशीर्वाद दिया. नीरज कुमार ने मुलाकात के बाद सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट लिखकर नीतीश कुमार के प्रति आभार जताया है. सूत्रों के मुताबिक 1 अणे मार्ग में हुई मुलाकात में नीतीश कुमार ने नीरज कुमार को पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र चुनाव 2026 के लिए NDA समर्थित जदयू उम्मीदवार होने का प्रपत्र सौंपा. इस दौरान नीतीश ने कहा कि अच्छे से लड़ो और जीतो.

नीतीश ने कहा- अच्छे से लड़ो और जीतो

मिली जानकारी के मुताबिक नीरज कुमार ने नीतीश कुमार से मुलाकात कर पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को लेकर चर्चा की. इसी दौरान नीतीश कुमार ने उन्हें कहा कि अच्छे से लड़ो और जीतो. इस मुलाकात को जदयू का क्लियर मैसेज माना जा रहा है. एक तरफ मोकामा विधायक अनंत सिंह जन सुराज के अनुज सिंह के समर्थन में नवादा में दौरा कर रहे हैं, तो दूसरी तरफ नीतीश कुमार खुलकर नीरज कुमार के साथ खड़े हो गए हैं.

नीरज कुमार का भावुक पोस्ट, लिखा – ये कार्यकर्ताओं की पूंजी है

मुलाकात के बाद नीरज कुमार ने X पर भावुक पोस्ट किया. उन्होंने लिखा -“जनता दल यूनाइटेड के माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष, क्लाइमेट लीडर एवं ग्लोबल थिंकर आदरणीय श्री नीतीश कुमार जी द्वारा मुझे पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र चुनाव 2026 के लिए NDA समर्थित उम्मीदवार के रूप में जनता दल यूनाइटेड के उम्मीदवार होने का प्रपत्र प्रदान किया गया. इस महत्वपूर्ण दायित्व के लिए मैं आदरणीय नीतीश कुमार जी के प्रति हृदय से आभार एवं कृतज्ञता व्यक्त करता हूँ. यह सम्मान मेरे लिए नहीं, बल्कि पार्टी के प्रत्येक समर्पित कार्यकर्ता की पूंजी है. आप सभी का स्नेह, आशीर्वाद, विश्वास और सहयोग ही मेरी सबसे बड़ी शक्ति है. सादर आभार एवं हृदय से धन्यवाद.”

बता दें कि जेडीयू ने 23 सितंबर को पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से मौजूदा एमएलसी नीरज कुमार को फिर उम्मीदवार घोषित किया था. वह इस सीट से चौथी बार चुनाव मैदान में हैं. उनके नाम की घोषणा से पहले ही मोकामा से जेडीयू विधायक अनंत सिंह ने नीरज कुमार की उम्मीदवारी का विरोध किया था. नीरज कुमार के लिए नीतीश कुमार से यह मुलाकात इसलिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है क्योंकि पटना स्नातक सीट को लेकर अनंत सिंह ने अब तक अपने तेवर नरम नहीं किए हैं.

अनंत सिंह ने जेडीयू उम्मीदवार के खिलाफ खोला मोर्चा

इसके उलट विवाद और बढ़ता हुआ लग रहा है क्योंकि अनंत सिंह ने जेडीयू उम्मीदवार नीरज कुमार के बजाय जन सुराज के प्रत्याशी डॉ. अनुज कुमार सिंह के समर्थन का खुला ऐलान कर दिया. अनंत सिंह अनुज सिंह के नामांकन कार्यक्रम में भी शामिल हुए. उन्होंने नीरज कुमार को हराने के लिए प्रचार करने की बात कही है. मामला जेडीयू के शीर्ष नेतृत्व तक भी पहुंचा. पार्टी के नेताओं ने नीतीश कुमार से इस विवाद पर चर्चा की. इसके बाद 2 अक्टूबर को जेडीयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने कहा कि पार्टी ने केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह को अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच विवाद सुलझाने की जिम्मेदारी दी है.

23 अक्टूबर को होना है चुनाव

बता दें कि पटना स्नातक समेत बिहार विधान परिषद की आठ सीटों के लिए चुनाव 23 अक्टूबर को होना है और मतगणना 27 अक्टूबर को होगी. पटना स्नातक सीट पर जेडीयू ने नीरज कुमार को उम्मीदवार बनाया है, जबकि जन सुराज की ओर से डॉ. अनुज कुमार सिंह मैदान में हैं. चुनाव से पहले अनंत सिंह का रुख और अब नीरज कुमार की नीतीश कुमार से मुलाकात ने इस सीट के मुकाबले को खासा चर्चित बना दिया है.



Source link