Russia Nuclear News: पुतिन की न्यूक्लियर धमकी से ट्रंप का माथा ठनका, रूस के पड़ोस में अमेरिकी सेना उतारने की तैयारी

Russia Nuclear News: पुतिन की न्यूक्लियर धमकी से ट्रंप का माथा ठनका, रूस के पड़ोस में अमेरिकी सेना उतारने की तैयारी


NATO News: यूरोप में रूस और नाटो के बीच बढ़ते तनाव के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पोलैंड में अमेरिकी सैन्य बेस बनाने की संभावना जताई है. ट्रंप ने कहा है कि उनका प्रशासन इस प्रस्ताव पर विचार कर रहा है और इस दिशा में फैसला पहले ही लिया जा चुका हो, इसकी संभावना से भी उन्होंने इनकार नहीं किया. पोलैंड में अमेरिकी सैन्य मौजूदगी बढ़ाने की यह चर्चा ऐसे वक्त में सामने आई है, जब रूस ने कलिनिनग्राद को लेकर नाटो देशों को परमाणु हथियारों के इस्तेमाल तक की चेतावनी दी है. पोलैंड की सीमा रूस के ही इलाके कलिनिनग्राद से लगती है.

टेक्सास रवाना होने से पहले पत्रकारों से बातचीत में ट्रंप ने पोलैंड में अमेरिकी सैन्य बेस बनाने के सवाल पर कहा कि उनके मन में पोलैंड के राष्ट्रपति के लिए बहुत सम्मान है. उन्होंने कहा, ‘हम इस पर विचार कर रहे हैं और पोलैंड के राष्ट्रपति के लिए हमारे मन में बहुत सम्मान है. इसलिए हम इसे देख रहे हैं और ऐसा हो सकता है.’ जब उनसे पूछा गया कि उन्होंने अभी तक अमेरिकी सैन्य बेस बनाने पर अंतिम फैसला क्यों नहीं लिया है, तो ट्रंप ने जवाब दिया, ‘आपको नहीं पता कि मैंने फैसला लिया है या नहीं. हो सकता है मैंने फैसला पहले ही ले लिया हो. मुझे पोलैंड पसंद है.’

कलिनिनग्राद को लेकर रूस की परमाणु चेतावनी

ट्रंप का यह बयान ऐसे समय आया है, जब रूस ने हाल ही में नाटो को कलिनिनग्राद के मुद्दे पर कड़ी चेतावनी दी है. 30 सितंबर को सामने आए एक राजनयिक दस्तावेज के मुताबिक, रूस ने कहा है कि अगर नाटो देश कलिनिनग्राद को रूस के बाकी हिस्सों से अलग करने या उसकी नाकेबंदी करने की कोशिश करते हैं, तो रूस अपने पूरे सैन्य संसाधनों का इस्तेमाल कर सकता है. इसमें परमाणु हथियार भी शामिल हैं.
कलिनिनग्राद.

कलिनिनग्राद रूस का एक अहम क्षेत्र है, जो बाल्टिक सागर के किनारे पोलैंड और लिथुआनिया के बीच स्थित है. यह रूस के मुख्य भूभाग से अलग है और यहां उसकी महत्वपूर्ण सैन्य मौजूदगी है. इस क्षेत्र को लेकर रूस और नाटो के बीच तनाव बढ़ने से यूरोप की सुरक्षा को लेकर चिंताएं भी बढ़ी हैं.

यूक्रेन को अमेरिकी समर्थन पर क्या बोले ट्रंप?

पत्रकारों ने ट्रंप से यूक्रेन को अमेरिकी समर्थन और रूस-यूक्रेन युद्ध के समाधान को लेकर भी सवाल किया. इस पर अमेरिकी राष्ट्रपति ने संक्षिप्त जवाब देते हुए कहा, ‘मुझे लगता है कि इसका समाधान निकल जाएगा.’ इराक से अमेरिका की वापसी के बाद अपने सहयोगियों को समर्थन जारी रखने से जुड़े सवाल पर ट्रंप ने कहा कि अमेरिका अपने सहयोगियों का साथ नहीं छोड़ेगा.

ब्राजील के चुनाव पर भी रख रहे हैं नजर

ट्रंप ने बातचीत के दौरान ब्राजील के चुनाव का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि वह इस चुनाव पर बहुत करीब से नजर रख रहे हैं. दक्षिण अमेरिका में ब्राजील की अहमियत बताते हुए उन्होंने कहा, ‘ब्राजील बहुत महत्वपूर्ण देश है. यह एक शानदार देश है. ब्राजील के लोग शानदार हैं. यह बहुत महत्वपूर्ण चुनाव है.’ जब उनसे पूछा गया कि क्या अमेरिका वेनेजुएला या दक्षिण अमेरिका के किसी दूसरे हिस्से में सैन्य बेस बनाने की योजना बना रहा है, तो ट्रंप ने कहा कि वॉशिंगटन कई विकल्पों पर विचार कर रहा है. उन्होंने कहा कि अमेरिका के रिश्ते अच्छे चल रहे हैं.

(एजेंसी इनपुट के साथ)



Source link