Last Updated:
Raw Banana Tikki Recipe: बरसात के मौसम में बुरहानपुर की फेमस कच्चे केले की टिकिया बनाने की आसान विधि जानिए. यह स्वादिष्ट और बनाने में आसान डिश है, जिसकी सामग्री घर की रसोई में आसानी से मिल जाती है.
Raw Banana Tikki Recipe: मध्य प्रदेश का बुरहानपुर अपने ऐतिहासिक स्थलों के साथ-साथ खानपान की खास परंपराओं के लिए भी जाना जाता है. यहां मौसम के अनुसार कई ऐसे पारंपरिक पकवान बनाए जाते हैं. जिनका स्वाद लोगों को सालों से पसंद आता है. बरसात के मौसम में ऐसी ही एक खास डिश है कच्चे केले की टिकिया.यह स्वादिष्ट होने के साथ बनाने में भी आसान होती है और इसकी सामग्री भी घर की रसोई में आसानी से मिल जाती है. कच्चे केले से बनने के कारण इसे कई लोग उपवास के दौरान भी खाते हैं. हालांकि, उपवास में इस्तेमाल होने वाले नमक और अन्य सामग्री व्यक्ति की परंपरा पर निर्भर करती है. कम सामग्री, आसान विधि और स्वाद के कारण कच्चे केले की टिकिया बुरहानपुर के पारंपरिक खानपान में अपनी अलग पहचान रखती है.
एक्सपर्ट महिला ने दी जानकारी
लोकल 18 की टीम को एक्सपर्ट महिला फुला बाई ने जानकारी देते हुए बताया कि कच्चे केले की टिकिया बनाने के लिए सबसे पहले कच्चे केले लिए जाते हैं. इसके साथ हरा धनिया जीरा धनिया नमक हरी मिर्च और तेल की आवश्यकता होती है. सबसे पहले कच्चे केले को उबालकर उनके छिलके निकाल लिए जाते हैं. इसके बाद केले को अच्छी तरह मैश किया जाता है.अब मैश किए हुए केले में बारीक कटी हरी मिर्च हरा धनिया जीरा धनिया और स्वादानुसार नमक मिलाया जाता है. सभी सामग्री को अच्छी तरह मिलाकर इसका मिश्रण तैयार किया जाता है. इसके बाद हाथों से छोटी-छोटी लोई बनाकर उन्हें टिकिया का आकार दिया जाता है.
ऐसे होती हैं तैयार
एक कड़ाही या तवे पर थोड़ा तेल गर्म किया जाता है. तेल गर्म होने के बाद तैयार टिकियों को धीमी या मध्यम आंच पर दोनों तरफ से सुनहरा होने तक सेंका जाता है.अच्छी तरह सिकने के बाद केले की टिकिया तैयार हो जाती है. इसे गर्मागर्म चटनी या अपनी पसंद की किसी अन्य संगत के साथ परोसा जा सकता है. बुरहानपुर में इस टिकिया को खासतौर पर बरसात के मौसम में पसंद किया जाता है. इसकी एक खास बात यह भी बताई जाती है कि इसे बनाकर कुछ समय तक रखा जा सकता है. और सामान्य परिस्थितियों में यह करीब दो दिन तक खराब नहीं होती.