Last Updated:
Drishyam 3 Audience Review: अजय देवगन की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘दृश्यम 3: द कन्क्लूजन’ 2 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है. जयपुर के मल्टीप्लेक्स में फर्स्ट डे फर्स्ट शो देखने के लिए दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ रही है. 11 सालों से चली आ रही सैम देशमुख की मर्डर मिस्ट्री इस फिल्म के साथ अपने फाइनल क्लाइमेक्स पर पहुंच गई है. दर्शकों को अजय देवगन और जयदीप अहलावत की बेहतरीन एक्टिंग और कोर्टरूम सीन बेहद पसंद आ रहे हैं. 130 करोड़ के बजट में बनी यह फिल्म फुल सस्पेंस और थ्रिलर से भरपूर है, जिसे फैंस 5 स्टार दे रहे हैं.
Jaipur: 2 अक्टूबर का दिन इतिहास में महात्मा गांधी की जयंती के रूप में दर्ज है. लेकिन सिनेमा प्रेमियों के लिए इस तारीख का एक अलग ही मतलब है. उनके लिए 2 अक्टूबर का मतलब है पाव भाजी, सत्संग और विजय सलगांवकर का वो शातिर दिमाग जिसने पुलिस को सालों तक एक उलझी हुई मर्डर मिस्ट्री में फंसाए रखा. इसी 2 अक्टूबर के सच ने हर फैन को ‘दृश्यम’ फ्रेंचाइजी के साथ मजबूती से जोड़े रखा है. आज इसी कड़ी में अजय देवगन की मोस्ट अवेटेड थ्रिलर और सस्पेंस से भरी फिल्म ‘दृश्यम: द क्नक्यूजन’ सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है. हर बार की तरह दृश्यम के फैंस इस बार भी यह जानने के लिए बेताब हैं कि आखिर उस दिन विजय कहां था. मीरा देशमुख और विजय सलगांवकर के बीच का यह सस्पेंस अब अपने अंतिम पड़ाव पर है, जिसे देखने के लिए दर्शक सिनेमाघरों का रुख कर रहे हैं.
राजस्थान की राजधानी जयपुर में ‘दृश्यम 3’ को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है. फिल्म के रिलीज होते ही फर्स्ट डे फर्स्ट शो देखने के लिए जयपुर के मल्टीप्लेक्स और सिंगल स्क्रीन सिनेमाघरों में दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है. लोकल-18 की टीम ने जयपुर के एक प्रमुख मल्टीप्लेक्स में पहुंचकर फिल्म ‘दृश्यम: द क्नक्यूजन’ देखकर बाहर आ रहे दर्शकों से बातचीत की. दर्शकों ने फिल्म की कहानी, सस्पेंस और कलाकारों की एक्टिंग को लेकर अपनी बेबाक राय रखी. फिल्म देखकर बाहर आए एक दर्शक राहुल ने बताया कि इस बार फिल्म में पिछली दोनों फिल्मों से जुड़ी पूरी मर्डर मिस्ट्री को अंतिम रूप तक पहुंचाया गया है, जो बेहद शानदार और रोमांचक था. राहुल ने इस फिल्म को 5 में से 5 स्टार दिए हैं.
क्लाइमेक्स में खुलेगा मर्डर मिस्ट्री का पूरा राज
‘दृश्यम’ के इस आखिरी पार्ट की कहानी दर्शकों को बहुत पसंद आ रही है. एक अन्य दर्शक गौतम शर्मा ने बताया कि फिल्म में सलगांवकर परिवार अपनी पुरानी और शांत जिंदगी में लौटने की पूरी कोशिश कर रहा है. लेकिन दूसरी तरफ सैम देशमुख की मौत का दर्द और बदला लेने की आग मीरा देशमुख के अंदर अब भी पूरी तरह से जिंदा है. यह फिल्म इस पूरी कहानी की आखिरी किश्त है, जिसमें कहानी अपने फाइनल क्लाइमेक्स तक पहुंचती है और 11 सालों से चली आ रही इस मर्डर मिस्ट्री का हर राज खुलकर सामने आ जाता है. दर्शकों का मानना है कि 11 साल के इस सफर में थ्रिल बिल्कुल कम नहीं हुआ है. ‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ की कहानी ठीक वहीं से शुरू होती है, जहां दृश्यम 2 का अंत हुआ था. फिल्म पूरे ढाई घंटे तक अपनी फ्रेश कहानी और जबरदस्त सस्पेंस के जरिए दर्शकों को कुर्सी से बांधे रखती है.
अजय देवगन और जयदीप अहलावत की एक्टिंग ने लूटा दिल
एक्टिंग की बात करें तो दर्शकों का कहना है कि हर कलाकार ने अपना सौ प्रतिशत दिया है. खासतौर पर अजय देवगन और जयदीप अहलावत के बीच की बातचीत और टकराव फिल्म को एक नई ऊंचाई पर ले जाते हैं. अजय देवगन पिछले 11 सालों से इस फ्रेंचाइजी की जान रहे हैं. इस बार भी उनके चेहरे पर ज्यादा हलचल नहीं दिखाई देती है और आवाज भी बिल्कुल शांत है, लेकिन उनकी आंखें ही सारा अभिनय कर जाती हैं. उनकी यही खूबी उन्हें एक शानदार अभिनेता बनाती है. जयदीप अहलावत के साथ उनका आमना-सामना फिल्म की सबसे बड़ी ताकत है. इसके अलावा कोर्टरूम के दृश्य और प्रकाश राज के साथ अजय देवगन का पहला सीन भी फिल्म की बड़ी खासियत बनकर उभरा है.
130 करोड़ के बजट में बनी है फिल्म, एडवांस बुकिंग रही फुल
दृश्यम फ्रेंचाइजी पिछले 11 सालों से भारतीय दर्शकों को एक बेहतरीन सिनेमा का अनुभव दे रही है. अब ‘दृश्यम 3’ के साथ विजय सलगांवकर की यह दिलचस्प कहानी हमेशा के लिए खत्म हो रही है. अभिषेक पाठक के डायरेक्शन में बनी इस फिल्म का बजट लगभग 130 करोड़ रुपये बताया जा रहा है. फिल्म में अजय देवगन के साथ तब्बू, श्रिया सरन, इशिता दत्ता, मृणाल जाधव, रजत कपूर, प्रकाश राज और जयदीप अहलावत जैसे दिग्गज कलाकारों ने अपने अभिनय का जलवा बिखेरा है. फिल्म को लेकर दर्शकों का उत्साह एडवांस बुकिंग में ही साफ नजर आ गया था. 27 सितंबर से शुरू हुई एडवांस बुकिंग के महज 5 दिनों में ही 12 लाख से ज्यादा टिकट बुक हो चुके थे. अगर आप भी सस्पेंस और थ्रिलर फिल्मों के शौकीन हैं, तो अपने परिवार के साथ यह फिल्म देखने जा सकते हैं. यह पूरी तरह से पैसा वसूल फिल्म है.