2027 वर्ल्ड कप में 3 बार हो सकती है भारत-पाकिस्तान की भिड़ंत, टीम इंडिया ने हर बार पाक को चटाई है धूल

2027 वर्ल्ड कप में 3 बार हो सकती है भारत-पाकिस्तान की भिड़ंत, टीम इंडिया ने हर बार पाक को चटाई है धूल


Last Updated:

IND vs PAK 2027 ODI World Cup: आईसीसी की ओर से जारी 2027 वनडे वर्ल्ड कप के शेड्यूल के अनुसार, भारत और पाकिस्तान को ग्रुप-ए में रखा गया है. टूर्नामेंट का रोमांच इस बात से सबसे बढ़ गया है कि नए फॉर्मेट के चलते दोनों चिर-प्रतिद्वंद्वी इस महाकुंभ में एक नहीं बल्कि कुल तीन बार आमने-सामने टकरा सकते हैं. पहला मुकाबला 10 अक्टूबर को जोहान्सबर्ग में खेला जाएगा, जबकि दोनों टीमें सुपर-7 और नॉकआउट चरणों में भी दोबारा भिड़ सकती हैं.

Zoom

भारत पाकिस्तान वनडे विश्व कप 2027 में तीन भर टकरा सकते हैं.

नई दिल्ली.  2027 वनडे वर्ल्ड कप का शेड्यूल जारी हो गया है. जिसके साथ ही क्रिकेट प्रेमियों की धड़कनें तेज हो गईं हैं. इस बार का विश्व कप कई मायनों में ऐतिहासिक होने जा रहा है. क्योंकि टूर्नामेंट का आयोजन 2 अक्टूबर से 21 नवंबर तक दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया की संयुक्त मेजबानी में किया जाएगा. इस महाकुंभ में चिर-प्रतिद्वंद्वी भारत और पाकिस्तान एक ही ग्रुप में होने के कारण टूर्नामेंट के दौरान कुल तीन बार आमने-सामने हो सकते हैं. क्रिकेट इतिहास में यह पहला मौका होगा जब पुरुष वनडे वर्ल्ड कप में 14 टीमें हिस्सा लेंगी और कुल 57 मुकाबले खेले जाएंगे. अफ्रीकी महाद्वीप में पूरे 24 साल बाद वनडे वर्ल्ड कप की वापसी हो रही है. इससे पहले साल 2003 में यहां विश्व कप का आयोजन हुआ था. जहां भारतीय टीम ने फाइनल तक का सफर तय किया था.

इस बार के टूर्नामेंट का रोमांच इस बात से सबसे ज्यादा बढ़ गया है कि चिर-प्रतिद्वंद्वी भारत और पाकिस्तान एक ही ग्रुप-ए में रखे गए हैं. ग्रुप-ए में इन दोनों दिग्गजों के अलावा गत चैंपियन ऑस्ट्रेलिया, अफगानिस्तान, मेजबान जिम्बाब्वे और एक क्वालीफायर टीम भी शामिल है. वहीं ग्रुप-बी में इंग्लैंड, दक्षिण अफ्रीका, श्रीलंका, बांग्लादेश, न्यूजीलैंड और दूसरी क्वालीफायर टीम को जगह मिली है. इस महामुकाबले के पूरे शेड्यूल में सबसे बड़ा आकर्षण यह है कि भारत और पाकिस्तान इस टूर्नामेंट के दौरान एक नहीं बल्कि पूरे तीन बार आमने-सामने आ सकते हैं.

भारत और पाकिस्तान की तीन बार भिड़ंत की पूरी संभावना
नया टूर्नामेंट फॉर्मेट कुछ इस तरह तैयार किया गया है कि फैंस को भारत और पाकिस्तान की भिड़ंत का लुत्फ तीन अलग-अलग मौकों पर मिल सकता है. पहला मुकाबला तो ग्रुप स्टेज के तहत तय हो चुका है. जहां दोनों टीमें 10 अक्टूबर को ऐतिहासिक जोहान्सबर्ग के वांडरर्स स्टेडियम में एक-दूसरे के खिलाफ मैदान पर उतरेंगी. इस मुकाबले पर पूरी दुनिया की नजरें टिकी होंगी. हालांकि, वनडे वर्ल्ड कप के इतिहास में पाकिस्तान की टीम कभी भी भारत को हराने में कामयाब नहीं हो सकी है. दोनों टीमों के बीच वर्ल्ड कप के मैदान पर अब तक 8 मुकाबले खेले गए हैं और सभी में भारत ने जीत दर्ज की है. वहीं, अगर वनडे वर्ल्ड कप और चैंपियंस ट्रॉफी जैसे सभी बड़े ICC इवेंट्स को मिला लिया जाए. तो दोनों के बीच कुल 23 मुकाबले खेले गए हैं. जिसमें से 19 बार भारतीय टीम विजयी रही है और पाकिस्तान के हाथ सिर्फ निराशा लगी है.

सुपर-7 और नॉकआउट चरण में मुकाबला
ग्रुप स्टेज के बाद दोनों टीमों के बीच दूसरी भिड़ंत सुपर-7 स्टेज में हो सकती है. ग्रुप स्टेज के मुकाबलों के बाद दोनों ग्रुप्स की टॉप टीमें सुपर-7 चरण में प्रवेश करेंगी. जहां सभी टीमें एक-दूसरे का सामना करेंगी. यदि टीम इंडिया और पाकिस्तान अपने बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर इस दौर में पहुंचते हैं. तो फैंस को एक बार फिर दोनों के बीच रोमांचक मुकाबला देखने को मिलेगा.

इसके बाद तीसरी और सबसे रोमांचक भिड़ंत नॉकआउट यानी सेमीफाइनल या फाइनल में संभव है. सुपर-7 चरण की समाप्ति के बाद अंक तालिका की टॉप-4 टीमें सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई करेंगी. अगर सफर यहीं नहीं थमता और दोनों टीमें नॉकआउट मुकाबलों में जीत हासिल करती हैं. तो खिताबी जंग या सेमीफाइनल में भारत और पाकिस्तान तीसरी बार एक-दूसरे के आमने-सामने आ सकते हैं.

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले मैच से अभियान की शुरुआत
टूर्नामेंट के अन्य प्रमुख मुकाबलों की बात करें तो भारतीय टीम अपने अभियान की शुरुआत 7 अक्टूबर को केप टाउन में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ करेगी. यह मुकाबला 2023 के वनडे वर्ल्ड कप फाइनल का रीमेक होगा. जहां टीम इंडिया को कंगारुओं के हाथों हार का सामना करना पड़ा था. इस बार कुल 12 चुनिंदा वेन्यू पर 57 मैच खेले जाएंगे. जिसमें दक्षिण अफ्रीका के 8, जिम्बाब्वे के 3 और नामीबिया का 1 मैदान शामिल है. नामीबिया पहली बार पुरुषों के सीनियर वर्ल्ड कप मैचों की मेजबानी करेगा.

सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबलों का पूरा शेड्यूल
टूर्नामेंट के सेमीफाइनल मुकाबले 17 नवंबर को केप टाउन और 18 नवंबर को त्श्वाने के सुपरस्पोर्ट पार्क में खेले जाएंगे. दोनों सेमीफाइनल के लिए रिजर्व डे का प्रावधान भी रखा गया है. इसके बाद 21 नवंबर को वांडरर्स स्टेडियम, जोहान्सबर्ग में खिताबी मुकाबला खेला जाएगा. जिसके लिए 22 नवंबर का दिन रिजर्व डे के रूप में सुरक्षित रखा गया है. दिलचस्प बात यह है कि इसी जोहान्सबर्ग के मैदान पर 2003 वर्ल्ड कप का फाइनल भी खेला गया था. कुल मिलाकर, क्रिकेट प्रेमियों के लिए यह विश्व कप इतिहास के सबसे रोमांचक टूर्नामेंट्स में से एक बनने जा रहा है.



Source link