मां से मिलने गए नाबालिग बेटे ने कर दी हत्या, पिता ने कहा- मानिसक बीमार है वह, जेंडर चेंज की प्रॉब्लम

मां से मिलने गए नाबालिग बेटे ने कर दी हत्या, पिता ने कहा- मानिसक बीमार है वह, जेंडर चेंज की प्रॉब्लम


Last Updated:

Lucknow Murder News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के राजेंद्र नगर चौराहे के पास विजन अपार्टमेंट के फ्लैट में नाबालिग लड़के ने अपनी मां की निर्ममता से हत्या कर दी. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी बेटे ने खुद पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने आरोपी नाबालिग को गिरफ्तार कर लिया.

Zoom

लखनऊ में नाबालिग ने की मां की हत्या.

लखनऊः उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के राजेंद्र नगर चौराहे के पास विजन अपार्टमेंट के एक फ्लैट में महिला की हत्या का मामला सामने आया है. फ्लैट के अंदर महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. मृतका की पहचान 42 वर्षीय गीता भागचंदानी के रूप में हुई है. प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, महिला का अपने नाबालिग बेटे समीर से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. आरोप है कि विवाद के दौरान बेटे ने किसी औजार से महिला के सिर पर प्रहार कर दिया. गंभीर चोट लगने से महिला की मौत हो गई. घटना के बाद नाबालिग बेटा मौके पर ही मौजूद मिला, जिसके बाद पुलिस ने उसे अभिरक्षा में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. पुलिस घटना के कारणों और पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है.

मानसिक समस्या से जूझ रहा था हत्यारोपी नाबालिग
मौके पर पहुंची फील्ड यूनिट ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं. महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. मामले की जांच जारी है. राजेंद्र नगर चौराहे के पास विजन अपार्टमेंट में महिला की हत्या के मामले में अब आरोपी के पिता का बयान सामने आया है. पिता राकेश के मुताबिक, उनका नाबालिग बेटा करीब 5-6 साल से मानसिक बीमारी से जूझ रहा था और उसका इलाज मेडिकल कॉलेज समेत कई जगहों पर चल रहा था.

जेंडर चेंज की समस्या से जूझ रहा था नाबालिग
राकेश ने बताया कि बेटे के इलाज को लेकर उनके पास CWC कोर्ट का पत्र भी है, जिसमें उसे मानसिक बीमारी का इलाज कराने की बात कही गई है. पिता के मुताबिक, बेटा पिछले करीब चार महीने से अलग किराए के मकान में रह रहा था, जहां उसके रहने, खाने और किराए का खर्च वह खुद उठा रहे थे. वह पढ़ाई करता था और उसकी उम्र करीब 16-17 साल है. पिता के मुताबिक, बेटे ने अपनी मां से मिलने की बात कही और इसके बाद वह घर आया. इसी दौरान यह घटना हुई. राकेश का दावा है कि बेटे की मानसिक परेशानी में जेंडर चेंज से जुड़ी समस्या भी शामिल थी.

आरोपी नाबालिग ने खुद पुलिस को दी हत्या की सूचना
घटना के बाद आरोपी बेटे ने खुद पुलिस को सूचना दी. पिता के अनुसार, उसने पुलिस से कहा कि उसने अपनी मां का मर्डर कर दिया है. पिता ने बताया कि बेटे ने रिंच से हमला किया था. पुलिस ने नाबालिग को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. मौके से साक्ष्य जुटाए गए हैं और महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. पिता द्वारा बताए गए मानसिक बीमारी और इलाज से जुड़े दावों की स्वतंत्र पुष्टि पुलिस जांच और संबंधित दस्तावेजों के आधार पर की जानी बाकी है.



Source link