Last Updated:
Bihar Aaj Ka Mausam: बिहार में आज बारिश का कोई अलर्ट नहीं है. पटना समेत कई जिलों में तेज धूप और उमस से लोग परेशान रहेंगे. 4 अक्टूबर तक मौसम शुष्क रहेगा. वहीं नेपाल में भारी बारिश से बिहार के 6 जिलों में बाढ़ आ गई है. गंडक और कोसी नदियां उफान पर हैं.
बिहार वेदर अपडेट(सांकेतिक फोटो)
पटना: बिहार में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया है. अक्टूबर महीने की शुरुआत के साथ ही राज्य में बारिश की गतिविधियां थम गई हैं. मौसम विभाग ने आज यानी शुक्रवार को राज्य के किसी भी जिले के लिए बारिश का अलर्ट जारी नहीं किया है. राजधानी पटना समेत बिहार के ज्यादातर हिस्सों में आज सुबह से तेज धूप निकली हुई है, जिससे दिनभर भीषण उमस और गर्मी लोगों को परेशान करेगी.
पटना में 35 डिग्री तक जाएगा पारा
- मौसम विशेषज्ञों के अनुसार फिलहाल बिहार के ऊपर बारिश कराने वाली कोई मजबूत मौसमी प्रणाली सक्रिय नहीं है. हवा में मौजूद नमी और तेज धूप का असर मिलकर गर्मी को बढ़ा रहा है. पटना में आज का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है. धूप तेज होने की वजह से दोपहर में गर्मी का असर और ज्यादा महसूस होगा. 4 अक्टूबर तक राज्य में मौसम मुख्य रूप से शुष्क ही बना रहेगा.
6 जिलों में बाढ़ का तांडव, बांध टूटे
- एक तरफ जहां राज्य में बारिश रुकने से गर्मी बढ़ रही है. वहीं दूसरी तरफ नदियां उफान पर हैं. नेपाल में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण गंडक और कोसी जैसी प्रमुख नदियां तबाही मचा रही हैं. बिहार के 6 जिलों में करीब 2.03 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हैं. पटना से लेकर बेगूसराय और खगड़िया तक गंगा नदी का जलस्तर तेजी से चढ़ रहा है. सारण और मुजफ्फरपुर में कई स्थानों पर तटबंध टूटने से बाढ़ का पानी नेशनल हाईवे (NH) पर आ गया है.
अक्टूबर में कैसा रहेगा मौसम?
- मौसम विभाग के मासिक पूर्वानुमान के अनुसार इस पूरे अक्टूबर महीने में बिहार में सामान्य से कम बारिश होने की संभावना है. बिहार में अक्टूबर के दौरान सामान्य वर्षापात 57.2 मिमी होता है, लेकिन इस बार उत्तर-पश्चिम और उत्तर-मध्य बिहार को छोड़कर बाकी सभी हिस्सों में सूखापन रहेगा. अक्टूबर के पहले सप्ताह से ही दक्षिण-पश्चिम मानसून की बिहार से विदाई शुरू हो जाएगी.
- इसके साथ ही, इस महीने दिन और रात दोनों का तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया जा सकता है. बिहार में अक्टूबर का सामान्य अधिकतम तापमान 30 से 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 से 24 डिग्री रहता है. लेकिन इस बार बारिश कम होने और आसमान साफ रहने की वजह से पारा इससे ऊपर ही बना रहेगा.
सितंबर महीने का लेखा-जोखा
- बीते सितंबर महीने की बात करें तो बिहार में सामान्य से 3 प्रतिशत कम यानी 209.2 मिमी बारिश हुई. पूरे महीने में सबसे गर्म जिला कैमूर रहा, जहां का औसत अधिकतम तापमान 36 डिग्री रिकॉर्ड किया गया. 20 सितंबर को कैमूर में ही राज्य का सबसे अधिक 38.5 डिग्री तापमान दर्ज हुआ था. वहीं, पश्चिम चंपारण में 27 सितंबर को 24 घंटे के भीतर सबसे ज्यादा 168.4 मिमी बारिश हुई थी.
- गुरुवार के तापमान की बात करें तो कैमूर में सबसे अधिक 36.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. राजधानी पटना में अधिकतम तापमान 33 डिग्री, गया में 32.6 डिग्री, भागलपुर में 32.7 डिग्री, दरभंगा में 35.7 डिग्री और मुजफ्फरपुर में 32 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. आने वाले कुछ दिनों तक लोगों को इस धूप और उमस से राहत मिलने के आसार नहीं हैं.