Last Updated:
तनीषा मुखर्जी निर्देशक कपिल कौस्तुभ शर्मा की नई फिल्म ‘जिंदगी फिर भी खूबसूरत है’ से बड़े पर्दे पर वापसी करने जा रही हैं. मुंबई की पारसी कम्युनिटी पर आधारित इस फिल्म में तनीषा एक संवेदनशील किरदार में नजर आएंगी. असलियत का अहसास देने के लिए इसकी शूटिंग साउथ मुंबई के पारसी घरों में की गई है. फिल्म में कपिल खुद भी एक्टिंग कर रहे हैं, साथ ही सुष्मिता मुखर्जी और डेलनाज ईरानी जैसे सितारे भी अहम भूमिकाओं में हैं.
तनीषा मुखर्जी की बड़े पर्दे पर वापसी. (फोटो साभार: Instrgram@tanishaamukerji)
नई दिल्ली. बॉलीवुड एक्ट्रेस तनीषा मुखर्जी एक बार फिर बड़े पर्दे पर अपनी अदाकारी का जादू चलाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं. वह निर्देशक कपिल कौस्तुभ शर्मा की अपकमिंग फिल्म ‘जिंदगी फिर भी खूबसूरत है’ में मुख्य भूमिका निभाती नजर आएंगी. इस फिल्म में तनीषा एक बेहद संवेदनशील और गहरे किरदार में दिखेंगी, जो जिंदगी के कई उतार-चढ़ावों और अलग-अलग पड़ावों से गुजरता है. निर्देशक कपिल ने तनीषा की तारीफ करते हुए कहा कि इस चुनौतीपूर्ण भूमिका में जान फूंकने और कहानी के हर इमोशन को गहराई से पर्दे पर उतारने के लिए तनीषा ही उनकी पहली और सबसे सटीक पसंद थीं.
कपिल कौस्तुभ शर्मा ने कहा, ‘तनीषा एक ऐसी एक्टर हैं, जिनमें एक खास तरह की भावनात्मक समझ है और इस किरदार के लिए यह बहुत जरूरी थी. कहानी जिंदगी के अलग-अलग पड़ावों से होकर गुजरती है और मैं चाहता था कि इस सफर को कोई पूरी ईमानदारी और गहराई के साथ पर्दे पर उतारे.’
फिल्म को लेकर डायरेक्टर ने कही ये बात
कपिल ने आगे कहा, ‘फिल्म ‘जिंदगी फिर भी खूबसूरत है’ मेरे लिए बेहद खास है. यह रिश्तों, बदलते वक्त और आम जिंदगी में छिपी खूबसूरती के बारे में है. तनीषा ने अपने किरदार में एक खास तरह की संवेदनशीलता जोड़ी है, जो कहानी के लिए काफी अहम है.’ ‘जिंदगी फिर भी खूबसूरत है’ की कहानी मुंबई की पारसी कम्युनिटी के बीच सेट है. फिल्म 1990 के दशक से लेकर साल 2025 तक का दौर दिखाती है. इसमें रोमांस, ह्यूमर और इमोशन्स का मेल देखने को मिलेगा. फिल्म के कुछ हिस्सों की शूटिंग साउथ मुंबई के असली पारसी घरों और दादर पारसी कॉलोनी में की गई है.
पारसी कम्युनिटी के लोगों के साथ किया काम
फिल्म को पर्दे पर ज्यादा वास्तविक दिखाने के लिए कपिल ने पारसी कम्युनिटी के लोगों के साथ मिलकर भी काम किया. इस दौरान उनकी संस्कृति, रहन-सहन, बोलचाल, तौर-तरीकों और डायलेक्ट को समझने पर खास ध्यान दिया गया, ताकि फिल्म में कम्युनिटी की जिंदगी को सही तरीके से दिखाया जा सके.
कपिल कौस्तुभ शर्मा ने किया फिल्म का डायरेक्शन
बताते चलें कि फिल्म की कहानी लिखने के साथ कपिल कौस्तुभ शर्मा ने इसे डायरेक्ट भी किया है. इसके अलावा वह फिल्म को प्रोड्यूस कर रहे हैं और इसमें एक्टिंग भी कर रहे हैं. कपिल फिल्म में एक पारसी किरदार निभा रहे हैं, जिसकी कहानी जिंदगी के अलग-अलग पड़ावों को दिखाती है. किरदार के उम्रदराज हिस्से को पर्दे पर दिखाने के लिए उन्होंने लुक में फिजिकल ट्रांसफॉर्मेशन भी किया है. फिल्म में सुष्मिता मुखर्जी, परवीन दस्तूर, डेलनाज ईरानी, तनाज ईरानी, शाहरुख साइरस ईरानी, डॉली ठाकोर और अनन्या दत्ता जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे.