Last Updated:
Ghanshyam Chandravanshi: राजनीति में अक्सर देखा जाता है कि नेता अपनी गलती मानने से कतराते हैं, लेकिन विधायक घनश्याम चंद्रवंशी ने लीक से हटकर एक अलग मिसाल पेश की है. उनका सोशल मीडिया पर हाथ छोड़कर बुलेट बाइक चलाने का वीडियो वायरल हुआ था. इसके बाद उनकी जमकर किरकिरी हुई थी. उन्होंने माफी भी मांगी थी और अब थाने जाकर खुद चालान भरा है. आइए जानते हैं, उनके बारे में.
कौन हैं घनश्याम चंद्रवंशी
Who Is Ghanshyam Chandravanshi: मध्य प्रदेश की राजनीति में अक्सर नेताओं के भाषण, बयान और शक्ति प्रदर्शन चर्चा में रहते हैं, लेकिन इस बार कालापीपल से भाजपा विधायक घनश्याम चंद्रवंशी एक अलग ही वजह से सुर्खियों में हैं. चलती बुलेट पर दोनों हाथ छोड़कर स्टंट करने वाले विधायक जी का जब वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, तो फजीहत के बाद उन्होंने माफी भी मांगी. जब इतने से भी पीछा नहीं छुड़ा, तो आखिरकार उन्हें कानून का पालन करते हुए खुद थाने पहुंचकर चालान की राशि भरनी पड़ी है. आइए जानते हैं कि घनश्याम चंद्रवंशी कौन हैं?
कौन हैं घनश्याम चंद्रवंशी?
घनश्याम चंद्रवंशी मध्य प्रदेश के शाजापुर जिले की कालापीपल विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी के विधायक हैं. वह मालवा अंचल के उभरते और सक्रिय युवा नेताओं में गिने जाते हैं. साल 2023 में जब प्रदेश में भाजपा की लहर चली थी, तब उन्होंने कांग्रेस के कद्दावर नेता कुणाल चौधरी को हराकर बड़ी जीत हासिल की थी, जिसके बाद से क्षेत्र में उनका सियासी प्रभाव काफी बढ़ा. क्योंकि कुणाल पहले से ही विधायक थे.
घनश्याम चंद्रवंशी की राजनीति मुख्य रूप से जमीनी जनसंपर्क, आक्रामक प्रचार और युवाओं के बीच पैठ पर टिकी है. वह लगातार अपनी क्षेत्र की जनता के बीच रैलियों, कार्यक्रमों और सोशल मीडिया के जरिए सक्रिय बने रहते हैं.
जब हवा में हाथ लहराकर चलाई बुलेट
हाल ही में आयोजित ‘जल जन सेवा यात्रा’ (सेवा संकल्प यात्रा) की बाइक रैली निकल रही थी. इस दौरान विधायक घनश्याम चंद्रवंशी बुलेट बाइक चलाते नजर आए थे. रैली के उत्साह में विधायक जी इतने मग्न हो गए कि उन्होंने चलती बाइक के हैंडल से दोनों हाथ छोड़ दिए और हवा में लहराते हुए स्टंट करने लगे. इसका यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. कई लोगों ने जनप्रतिनिधि होने के नाते उनकी जमकर क्लास लगा दी. उन्हें कहा कि नियम सबके लिए बराबर होने चाहिए.
थाने पहुंचे विधायक जी ने भरा चालान
चौतरफा घिरने और किरकिरी होने के बाद विधायक घनश्याम चंद्रवंशी ने एक जिम्मेदार नागरिक की तरह अपनी गलती स्वीकार की. वे खुद कालापीपल थाने पहुंचे और यातायात नियमों के उल्लंघन के एवज में 1000 रुपये की चालान राशि जमा की.
चालान कटवाने के बाद उन्होंने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा कि आगे से प्रयास करूंगा कि ऐसी गलती दोबारा न हो. राज्य से बाहर होने के कारण चालान भरने में थोड़ी देरी हुई. आज कालापीपल थाने पहुंचकर चालान की राशि जमा कर दी है.