Stree 3 की रिलीज टली, 2027 नहीं तो कब आएगी श्रद्धा-राजकुमार की फिल्म? पहले विक्की कौशल बनेंगे भगवान परशुराम!

Stree 3 की रिलीज टली, 2027 नहीं तो कब आएगी श्रद्धा-राजकुमार की फिल्म? पहले विक्की कौशल बनेंगे भगवान परशुराम!


Last Updated:

Stree 3 And Mahavatar Updates: ‘स्त्री’ की वापसी का इंतजार कर रहे फैंस के लिए एक बड़ा अपडेट आया है. श्रद्धा कपूर और राजकुमार राव की फिल्म अब पहले तय समय पर रिलीज नहीं होगी. इसकी नई रिलीज विंडो सामने आ गई है. खास बात यह है कि फिल्म के निर्देशक अमर कौशिक पहले एक और महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट पर काम करेंगे. इसमें विक्की कौशल भगवान परशुराम के किरदार में नजर आएंगे. नेश विजान ने दोनों फिल्मों को लेकर खास जानकारी भी दी है.

Zoom

‘स्त्री 3’ और ‘महावतार’ को लेकर मेकर्स ने नया अपडेट दिया है.

नई दिल्ली. श्रद्धा कपूर और राजकुमार राव की जोड़ी एक बार फिर बड़े पर्दे पर लौटने वाली है. उनकी हॉरर-कॉमेडी फ्रेंचाइजी ‘स्त्री’ के तीसरे पार्ट का फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. पहले खबर थी कि फिल्म 2027 में सिनेमाघरों में आएगी. लेकिन अब मेकर्स की ओर से ऐसा अपडेट आया है, जिसने रिलीज के इंतजार को और लंबा कर दिया है. फिल्म की रिलीज को लेकर नई टाइमलाइन सामने आई है. इतना ही नहीं, निर्देशक अमर कौशिक की एक और बड़ी फिल्म भी चर्चा में है. इस बार वह विक्की कौशल के साथ भगवान परशुराम की कहानी लेकर आ रहे हैं. आखिर ‘स्त्री 3’ के लिए फैंस को कब तक इंतजार करना होगा और ‘महावतार’ की शूटिंग कब शुरू होगी?

हमारी सहयोगी वेबसाइट न्यूज18 में प्रकाशित एक खबर के मुताबिक हाल ही में निर्माता दिनेश विजान ने ये खुलासा किया. दरअसल, हाल ही में आयोजित FICCI Frames 2026 में निर्माता दिनेश विजान और एक्टर राजकुमार राव ने शिरकत की. यहां दोनों ने अपनी क्रिएटिव पार्टनरशिप और मैडॉक फिल्म्स के हॉरर-कॉमेडी यूनिवर्स पर बात की. इसी दौरान दिनेश विजान ने ‘स्त्री 3’ को लेकर भी जानकारी दी.

‘स्त्री 3’ की रिलीज डेट बढ़ी आगे?

‘स्त्री 3’ को लेकर अपडेट देते हुए दिनेश विजान ने बताया कि फिल्म 2028 में रिलीज होगी. हालांकि, अभी इसकी सटीक तारीख तय नहीं हुई है. दिनेश के मुताबिक, फिल्म को स्वतंत्रता दिवस या क्रिसमस के मौके पर रिलीज किया जा सकता है. इससे पहले फिल्म की रिलीज 13 अगस्त 2027 बताई जा रही थी.

पूरी हो चुकी है फिल्म की स्क्रिप्ट

‘स्त्री 3’ का निर्देशन अमर कौशिक करेंगे. फिल्म में श्रद्धा कपूर और राजकुमार राव की वापसी होगी. दिनेश विजान ने बताया कि अमर कौशिक ने फिल्म की स्क्रिप्ट पूरी कर ली है. उन्होंने कहानी के बारे में ज्यादा जानकारी तो नहीं दी पर कहा कि फिल्म में दर्शकों को वह सब मिलेगा, जो उन्हें पिछले पार्ट्स में पसंद आया था. उन्होंने बताया कि कहानी कहां से शुरू होगी और कहां खत्म, यह पूरी तरह नया एक्सपीरियंस होगा. उन्होंने मजाक में यह भी कहा कि ज्यादा स्पॉइलर देने पर अमर कौशिक उनसे नाराज हो सकते हैं.

‘महावतार’ की शूटिंग पर भी दिया अपडेट

दिनेश विजान ने अपनी दूसरी बड़ी फिल्म ‘महावतार’ पर भी बात की. इस फिल्म में विक्की कौशल भगवान परशुराम की भूमिका निभाएंगे. इसका निर्देशन भी अमर कौशिक कर रहे हैं. दिनेश के मुताबिक, ‘महावतार’ की शूटिंग जनवरी के आखिर में शुरू होगी. फिल्म की शूटिंग जून तक पूरी करने का लक्ष्य है. इसके बाद अगले साल के आखिर में टीम एक और प्रोजेक्ट की शूटिंग शुरू करेगी. हालांकि, इस बयान में उन्होंने उस अगले प्रोजेक्ट के नाम का खुलासा नहीं किया है.



Source link