Last Updated:
Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर के हथौड़ी थाना क्षेत्र से बड़ी खबर सामने आई. भवानीपुर गांव में सामुदायिक भवन के बरामदे का प्लास्टर अचानक भरभरा कर गिर गया. हादसे के वक्त वहां कई बच्चे और अन्य लोग मौजूद थे. प्लास्टर गिरने से छह से ज्यादा लोग घायल हो गए.
मुजफ्फरपुर में कम्यूनिटी हॉल का प्लास्टर गिरा.
मुजफ्फरपुरः बिहार के मुजफ्फरपुर में हादसा हो गया. यहां एक कम्यूनिटी हॉल का प्लास्टर अचानक गिर गया. जिससे छत ने नीचे पढ़ाई कर रहे बच्चे मलबे की चपेट में आने से घायल हो गए. घटना से अफरा-तफरी मच गई. घटना हथौड़ी थाना क्षेत्र के भवानीपुर गांव की है. हादसे में छह लोग घायल हुए हैं. सभी को आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया. बताया जा रहा है कि हादसे के समय सामुदायिक भवन में एक युवती बच्चों को निजी तौर पर पढ़ा रही थी. इसी दौरान बरामदे की छत का प्लास्टर अचानक टूटकर नीचे गिर गया.
बताया जा रहा है कि भवानीपुर गांव के सामुदायिक भवन में रोज की तरह बच्चों को पढ़ाया जा रहा था. कुछ बच्चे और अन्य लोग भवन के बरामदे में मौजूद थे. इसी दौरान छत का प्लास्टर अचानक भरभराकर नीचे गिर गया. किसी को संभलने का मौका नहीं मिला. प्लास्टर गिरते ही मौके पर अफरातफरी मच गई. आसपास मौजूद लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और मलबे की चपेट में आए लोगों को बाहर निकाला. हादसे में आधा दर्जन से ज्यादा लोगों के घायल होने की जानकारी है. घायलों का स्थानीय स्तर पर इलाज कराया गया है.
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शुरू की जांच
हादसे की सूचना मिलते ही हथौड़ी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि सामुदायिक भवन की हालत कैसी थी और छत का प्लास्टर अचानक गिरने की वजह क्या रही. स्थानीय लोगों के मुताबिक, सामुदायिक भवन में बच्चों की पढ़ाई समेत दूसरे काम भी होते हैं. ऐसे में भवन की स्थिति को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं.हादसे के बाद लोगों में डर का माहौल है. फिलहाल पुलिस की जांच के बाद ही प्लास्टर गिरने की सही वजह सामने आएगी.