Motihari News: कंधे पर बालू का बोरा, खुद बांध की मरम्मत में जुटे विधायक, बोले- अफसरों की CM से करेंगे कंप्लेंट

Motihari News: कंधे पर बालू का बोरा, खुद बांध की मरम्मत में जुटे विधायक, बोले- अफसरों की CM से करेंगे कंप्लेंट


Last Updated:

Motihari Flood: अरेराज के जितवारपुर मिश्र टोला के पास चंपारण तटबंध में कई जगह रिसाव ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी. एक जगह बांध का हिस्सा टूटने लगा तो विधायक राजू तिवारी मौके पर पहुंच गए. उन्होंने इंतजार नहीं किया और ग्रामीणों के साथ खुद बचाव कार्य में जुट गए. विधायक ने कंधे पर बालू का बोरा उठाया और टूटते तटबंध को बचाने में मदद की.

Zoom

लोजपा विधायक राजू तिवारी ने कंधे पर उठाई बालू,

मोतिहारीः पूर्वी चंपारण में बाढ़ के बीच तटबंधों पर दबाव बढ़ गया. पानी के दबाव से रिंग बांध टूट गया. अरेराज के जितवारपुर मिश्र टोला के पास चंपारण तटबंध में भी कई जगह रिसाव शुरू हो गया. एक जगह बांध का हिस्सा टूटने लगा. इसकी जानकारी मिलते ही विधायक राजू तिवारी मौके पर पहुंचे. उन्होंने ग्रामीणों के साथ मिलकर खुद मोर्चा संभाला. विधायक ने कंधे पर बालू का बोरा उठाया और टूट रहे बांध की मरम्मत में जुट गए. उन्होंने जल संसाधन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया और मुख्यमंत्री से शिकायत करने की बात कही.

अरेराज अनुमंडल के जितवारपुर मिश्र टोला के पास गंडक नदी का मुख्य तटबंध है. यहां कई जगहों पर पानी का रिसाव शुरू हो गया है. एक जगह तटबंध का करीब आधा हिस्सा टूट गया था. इसके बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे. विधायक राजू तिवारी भी वहां पहुंचे. ग्रामीणों के साथ मिलकर टूटे हिस्से को बचाने का काम शुरू किया गया. बालू के बोरे लगाए गए. विधायक ने भी खुद बोरा उठाकर बचाव कार्य में हिस्सा लिया. इस दौरान मौके पर काफी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे.

विधायक बोले- दर्जनों जगह हो रहा रिसाव
विधायक राजू तिवारी ने कहा कि तटबंध में दर्जनों जगह रिसाव हो रहा है. ग्रामीणों के साथ मिलकर लगातार पेट्रोलिंग की जा रही है. उन्होंने जल संसाधन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया. विधायक ने कहा कि अभी आरोप-प्रत्यारोप में नहीं पड़ना चाहते. लेकिन पूरे मामले की शिकायत मुख्यमंत्री से की जाएगी. उनका कहना है कि तटबंध की स्थिति को लेकर विभाग को और गंभीरता से काम करने की जरूरत है.

SDO बोले- फ्लड फाइटिंग का काम जारी
मौके पर अरेराज एसडीओ सुजीत कुमार भी पहुंचे. उन्होंने तटबंध की स्थिति का जायजा लिया. एसडीओ ने कहा कि बाढ़ से निपटने की तैयारी को और बेहतर करने की जरूरत थी. फिलहाल फ्लड फाइटिंग का काम चल रहा है. उन्होंने बताया कि पूरे तटबंध पर निगरानी रखी जा रही है. जहां भी रिसाव या कमजोर हिस्सा मिल रहा है, वहां बचाव का काम कराया जा रहा है.

केसरिया, संग्रामपुर और अरेराज में बाढ़ का असर
पूर्वी चंपारण के केसरिया, संग्रामपुर और अरेराज प्रखंड के कई इलाके बाढ़ से प्रभावित हैं. पानी के दबाव के कारण कई रिंग बांध भी क्षतिग्रस्त हुए हैं. ऐसे में जिला प्रशासन की ओर से राहत और बचाव का काम लगातार चल रहा है. बाढ़ प्रभावित इलाकों में सामुदायिक किचन भी चलाए जा रहे हैं. यहां लोगों को खाना खिलाया जा रहा है. प्रशासन की ओर से बाढ़ पीड़ितों को राहत सामग्री भी उपलब्ध कराई जा रही है.



Source link