Last Updated:
CA Exam Preparation: CA बनने के लिए सिर्फ मेहनत ही नहीं, सही रणनीति भी जरूरी है. बिना प्लानिंग, बार-बार स्टडी मैटेरियल बदलना, रिवीजन और प्रैक्टिस पेपर से दूरी तैयारी कमजोर कर सकती है. लिखने की आदत न छोड़ें, इंस्टीट्यूट की सामाग्री से रिवीजन करते रहें. कई छात्र पढ़ाई करते समय सिर्फ किताबें पढ़ते रहते हैं और लिखकर अभ्यास नहीं करते. इसका असर परीक्षा के समय देखने को मिल सकता है.
सुल्तानपुरः अगर आपका सपना चार्टर्ड अकाउंटेंट यानी CA बनने का है, तो सिर्फ मेहनत करना ही काफी नहीं है, बल्कि पढ़ाई के दौरान सही रणनीति अपनाना भी जरूरी है. CA की तैयारी लंबी और चुनौतीपूर्ण होती है, ऐसे में कई छात्र कुछ ऐसी गलतियां कर बैठते हैं, जिनका असर उनकी तैयारी और रिजल्ट पर पड़ सकता है. बिना प्लानिंग के पढ़ाई करना, बार-बार स्टडी मैटेरियल बदलना, रिवीजन को नजरअंदाज करना और प्रैक्टिस पेपर से दूरी बनाना तैयारी को कमजोर कर सकता है. अगर आप भी CA बनने की तैयारी कर रहे हैं, तो इन 5 गलतियों से बचना बेहद जरूरी है.
लिखने की आदत बिल्कुल न छोड़ें
चार्टर्ड अकाउंटेंट मनमोहित सिंह बताते हैं कि CA की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों को लिखने की आदत कभी नहीं छोड़नी चाहिए. कई छात्र पढ़ाई करते समय सिर्फ किताबें पढ़ते रहते हैं और लिखकर अभ्यास नहीं करते. इसका असर परीक्षा के समय देखने को मिल सकता है. परीक्षा में निर्धारित समय के भीतर उत्तर लिखने के लिए नियमित रूप से लिखने का अभ्यास जरूरी है. इसलिए पढ़ाई के साथ उत्तर लिखने की प्रैक्टिस भी करते रहें.
इंस्टीट्यूट की सामग्री और नोटिस पढ़ें
CA की तैयारी के दौरान इंस्टीट्यूट की ओर से जारी किए गए नोटिस, स्टडी मैटेरियल और दूसरी जरूरी सामग्री को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए. मनमोहित सिंह के मुताबिक इन सामग्रियों से विद्यार्थियों को परीक्षा के पैटर्न और तैयारी को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी मिलती है. इसलिए सिर्फ बाजार की किताबों या दूसरे स्रोतों पर निर्भर रहने के बजाय इंस्टीट्यूट की आधिकारिक सामग्री का भी अच्छी तरह अध्ययन करें.
हर विद्यार्थी की पढ़ने की क्षमता, समय और समझ अलग होती है. ऐसे में किसी दूसरे छात्र की पढ़ाई की रणनीति को ज्यों का त्यों अपनाना सही तरीका नहीं है. अपनी दिनचर्या और कमजोर विषयों को ध्यान में रखते हुए खुद की स्ट्रैटेजी तैयार करें. साथ ही किसी भी विषय को सिर्फ रटकर तैयार करने के बजाय उसके कॉन्सेप्ट को समझने पर ध्यान दें. कॉन्सेप्ट स्पष्ट होने से सवालों को समझना आसान होता है और जानकारी लंबे समय तक याद रहती है.
पढ़ाई में नियमितता बनाए रखें
CA की तैयारी में नियमित पढ़ाई बेहद जरूरी है. कई दिन तक पढ़ाई छोड़कर एक साथ कई घंटे पढ़ने की कोशिश करने के बजाय रोजाना एक तय समय पढ़ाई करें. नियमित रिवीजन और लिखकर अभ्यास को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं. धीरे-धीरे कमजोर टॉपिक को दोहराते रहें और अपनी तैयारी का आकलन करते रहें. नियमित मेहनत से पढ़ाई का दबाव कम किया जा सकता है और परीक्षा के समय तैयारी को बेहतर तरीके से संभाला जा सकता है.