5 ASP, 21 DSP, 2500 जवान, RAF और STF संभाल रहे मोर्चा, उज्जैन में शाही मस्जिद का हट रहा प्रभावित हिस्सा

5 ASP, 21 DSP, 2500 जवान, RAF और STF संभाल रहे मोर्चा, उज्जैन में शाही मस्जिद का हट रहा प्रभावित हिस्सा


उज्जैन में सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के बीच मंगलवार को शाही मस्जिद के प्रभावित हिस्से की मीनार पर मचान तैयार करने का काम शुरू किया गया था. बुधवार को मजदूरों ने कार्रवाई तेज करते हुए प्रभावित हिस्से के अलग-अलग भागों को हटाना शुरू कर दिया. मुस्लिम समाज की ओर से करीब 40 मजदूर दिन-रात इस काम में जुटे हुए हैं. काम की गति धीमी होने के कारण अब तक करीब 35 प्रतिशत हिस्सा ही हटाया जा सका है. प्रशासन के मुताबिक पूरी कार्रवाई में अभी करीब चार दिन और लग सकते हैं.

इधर, 28 सितंबर को हुए उपद्रव को लेकर पुलिस की जांच भी लगातार आगे बढ़ रही है. पुलिस ने अब तक 8 एफआईआर दर्ज कर 35 आरोपियों को नामजद किया है, जबकि 24 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज के साथ सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म की भी लगातार निगरानी कर रही है. ऐसे में आने वाले दिनों में आरोपियों की संख्या और बढ़ सकती है.

उज्जैन एसपी प्रदीप शर्मा के मुताबिक पथराव, भड़काऊ संदेश और उपद्रव से जुड़े मामलों में पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है. पुलिस ने अब तक 100 से ज्यादा वायरल कंटेंट को ब्लॉक करवाया है. गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड दूसरे जिलों से भी मंगाया जा रहा है. यदि किसी आरोपी की दूसरे मामलों में संलिप्तता सामने आती है तो उसकी जमानत निरस्त कराने की कार्रवाई भी की जाएगी.

एएसपी, डीएसपी, 2500 जवान, RAF और STF संभाल रहे मोर्चा
पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि गिरफ्तार आरोपी किन-किन संगठनों से जुड़े हैं. आरोपियों के मोबाइल की सीडीआर और दूसरी डिजिटल जानकारी खंगाली जा रही है. करीब 500 मीटर के क्षेत्र में 8 ड्रोन और 100 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखी जा रही है.

उपद्रव के बाद इलाके में सुरक्षा का भारी बंदोबस्त किया गया है. करीब 2500 जवानों की तैनाती की गई है. उज्जैन के अलावा रतलाम, नीमच, इंदौर, देवास और शाजापुर समेत दूसरे जिलों से 5 एएसपी, 21 डीएसपी और 32 टीआई स्तर के अधिकारी सुरक्षा व्यवस्था संभाल रहे हैं. इसके अलावा RAF और STF की तीन कंपनियां भी तैनात हैं. महिला पुलिसकर्मियों समेत करीब 850 जवान सुरक्षा ड्यूटी में लगाए गए हैं.

आरोपियों के पुराने रिकॉर्ड की जांच कर रही पुलिस
छत्री चौक, लखेरवाड़ी, सराफा, कालिदास स्कूल क्षेत्र, गोपाल मंदिर, ढाबा रोड, खड़े हनुमान और सती गेट से कंठाल तक के इलाकों में बैरिकेडिंग की गई है. बाहर से आए पुलिस बल को शहर की अलग-अलग धर्मशालाओं में ठहराया गया है और जवानों के लिए दो शिफ्ट में ड्यूटी के साथ भोजन, नाश्ता और चाय की व्यवस्था की गई है.

फिलहाल एक तरफ शाही मस्जिद के प्रभावित हिस्से को हटाने की कार्रवाई चल रही है, तो दूसरी तरफ उपद्रव के मामले में पुलिस की जांच लगातार जारी है. सीसीटीवी, सोशल मीडिया, मोबाइल सीडीआर और आरोपियों के पुराने रिकॉर्ड की जांच के आधार पर पुलिस आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां कर सकती है.



Source link