गोएबल्स की राह पर चल रहे राहुल गांधी? बीजेपी ने SIR को लेकर बोला हमला
Last Updated:
Rahul Gandhi News: एसआईआर और फॉर्म-6 में कथित फेरबदल को लेकर राहुल गांधी के आरोपों पर भाजपा ने बेहद आक्रामक पलटवार किया है. भाजपा के वरिष्ठ नेता राजीव चंद्रशेखर ने राहुल गांधी को ‘भारतीय राजनीति का सबसे बड़ा धोखेबाज’ और ‘अप्रामाणिक नेता’ करार दिया.
बीजेपी ने SIR को लेकर राहुल गांधी पर निशाना साधा है. (पीटीआई)
Rahul Gandhi News: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के मुद्दे पर निर्वाचन आयोग और सरकार पर राहुल गांधी के हमले की आलोचना करते हुए उन्हें ‘भारतीय राजनीति का सबसे बड़ा धोखेबाज’ और ‘अप्रामाणिक राजनेता’ करार दिया, साथ ही आरोप लगाया कि राहुल गांधी झूठ और गलत सूचनाओं के सहारे राजनीति करते हैं. दिल्ली भाजपा मुख्यालय में प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए पार्टी के वरिष्ठ नेता राजीव चंद्रशेखर ने कहा, “राहुल गांधी न तो धर्मनिरपेक्षता के रक्षक हैं और न ही संविधान के। वह केवल अपने परिवार के हितों के रक्षक हैं.”
भाजपा की केरल इकाई के अध्यक्ष चंद्रशेखर ने कहा कि राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को ‘देशद्रोही’ कहना उनकी ‘फर्जी और अप्रामाणिक राजनीति’ का ‘चरम उदाहरण’ है, जिसका उद्देश्य लोगों को गुमराह करना है. राहुल गांधी ने 1 अक्टूबर को कहा कि नए मतदाता पंजीकरण के लिए इस्तेमाल होने वाले ऑनलाइन फॉर्म-6 में ‘अवैध रूप से’ बदलाव किया गया है. उन्होंने सवाल उठाया कि निर्वाचन आयोग में किसने टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) को यह बदलाव करने का निर्देश दिया और कंपनी में किस अधिकारी ने इसे मंजूरी दी.
कांग्रेस महासचिव (संचार प्रभारी) जयराम रमेश ने प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधते हुए दावा किया कि फॉर्म-6 में यह बदलाव ‘पीएम-एचएम की जोड़ी’ के इशारे पर किया गया. इस पर पलटवार करते हुए चंद्रशेखर ने कहा, “राहुल गांधी भारतीय राजनीति के सबसे बड़े धोखेबाज हैं. वह एक अप्रामाणिक राजनेता हैं, जो किसी सकारात्मक एजेंडे के बिना झूठ और गलत सूचनाओं के सहारे राजनीति करते हैं.”
चंद्रशेखर ने कहा, “वह एडोल्फ हिटलर के प्रचार मंत्री जोसेफ गोएबल्स के सिद्धांत के जीवंत उदाहरण हैं.” भाजपा नेता ने कहा, “गांधी ने दावा किया था कि ईवीएम को व्यवस्थित तरीके से हैक किया गया। यह गलत साबित हुआ. उन्होंने कहा था कि लोकतंत्र की चोरी हो रही है. यह भी बार-बार गलत साबित हुआ, खासकर तब जब उनकी पार्टी चुनाव जीत रही थी.”