Last Updated:
हिमाचल प्रदेश के एनआईटी हमीरपुर के हॉस्टलों में चोरी करते हुए एक युवक आदित्य चौधरी को पकड़ा गया. पुलिस ने 21,510 रुपये नकद, लैपटॉप और मोबाइल फोन बरामद किए. आरोपी ने फर्जी आईडी से प्रवेश किया था. ऑनलाइन गेमिंग में पैसे लुटाने के बाद आरोपी युवक चोर बन गया था.
हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर में एनआईटी हमीरपुर है.
हमीरपुर. हिमाचल प्रदेश के एनआईटी हमीरपुर के हिमगिरि और उदयगिरि छात्रावासों में सुरक्षा व्यवस्था को चकमा देकर छात्रों के कमरों से नकदी चोरी करने का मामला सामने आया है. चोरी करते हुए पकड़े गए युवक से पुलिस ने 21,510 रुपये नकद समेत लैपटॉप, मोबाइल फोन और अन्य सामान बरामद किया है.
आरोपी की पहचान आदित्य चौधरी निवासी ई-48, ब्लॉक-ई, ओम विहार, फेज-5, उत्तम नगर, नई दिल्ली के रूप में हुई है. पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है.घटना उस समय सामने आई जब हिमगिरि हॉस्टल के परिचारक गुरभाग सिंह निवासी जनयानकड़, कांगड़ा और मैस प्रबंधक तेज कुमार निरीक्षण कर रहे थे. इसी दौरान उन्होंने आदित्य को कमरा नंबर जी-54 से बाहर निकलते देखा. युवक से पूछताछ की गई, लेकिन वह संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया.
एसपी हमीरपुर बलबीर सिंह ठाकुर ने बताया कि एनआईटी हमीरपुर में एक युवक को चोरी करते हुए पकड़ा गया है. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की और आरोपी के कब्जे से 21,510 रुपये बरामद हुए. युवक 28 सितंबर को हमीरपुर पहुंचा था और फर्जी आईडी से एनआईटी कैंपस में दाखिल हुआ.आरोपी को हॉस्टल की व्यवस्था की जानकारी थी. वह खुले कमरे देखकर अंदर जाता और नकदी या अन्य सामान चोरी करता था.
हमीरपुर के एसपी बलबीर सिंह.
एसपी ने बताया कि वह पहले आईआईटी मंडी में बीएससी कंप्यूटर साइंस का विद्यार्थी रहा है और हॉस्टल में रह चुका है.पूछताछ में ऑनलाइन गेमिंग में पैसे गंवाने की बात सामने आई है. प्रारंभिक जांच में आशंका है कि इसी नुकसान की भरपाई के लिए उसने चोरी की वारदातों को अंजाम दिया. सदर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फर्जी आईडी से प्रवेश समेत पहले की संभावित चोरियों की जांच की जा रही है. आरोपी को अदालत में पेश किया जाएगा.