Last Updated:
Ujjain Garba News: हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं ने संचालक को चेतावनी देते हुए कहा कि उज्जैन में पेड गरबा आयोजनों को किसी भी सूरत में अनुमति नहीं दी जाएगी. इस दौरान दोनों पक्षों के बीच कुछ देर बहस होती रही. बाद में विरोध जताते हुए कार्यकर्ताओं ने दुकान पर लगे पोस्टर और बैनर फाड़ दिए.
उज्जैन में हिंदूवादी संगठनों ने पेड गरबा आयोजनों के खिलाफ मुहिम छेड़ी है.
उज्जैन. मध्य प्रदेश के उज्जैन में नवरात्रि से पहले पेड गरबा आयोजनों को लेकर विरोध शुरू हो गया है. शुल्क लेकर युवक-युवतियों और कपल्स को गरबा इवेंट में एंट्री देने वाले आयोजनों के खिलाफ हिंदू जागरण मंच ने मोर्चा खोल दिया है. बुधवार रात संगठन के कार्यकर्ता एक आयोजन के स्पॉन्सर प्रतिष्ठान पर पहुंचे और पेड गरबा नहीं कराने की चेतावनी दी. इस दौरान करीब 15 मिनट तक दोनों पक्षों के बीच बहस हुई और बाद में दुकान पर लगे पोस्टर-बैनर भी फाड़ दिए गए.
दरअसल इस बार नवरात्रि पर्व 11 से 20 अक्टूबर तक मनाया जाएगा. इसी दौरान शहर में कई जगह गरबा और डांडिया कार्यक्रम आयोजित किए जाने की तैयारियां चल रही हैं. इन्हीं में से कुछ आयोजनों में शुल्क लेकर एंट्री दिए जाने की जानकारी सामने आने के बाद हिंदू जागरण मंच ने विरोध शुरू किया है.
शुभ बेकरी कार्यक्रम की स्पॉन्सर
बुधवार रात संगठन की महिला विंग और कार्यकर्ता तीन बत्ती स्थित शुभ बेकरी पहुंचे. संगठन का आरोप है कि शुभ बेकरी 13 से 15 अक्टूबर तक राजराम रिसोर्ट में होने वाले ‘डांडिया बीट्स’ कार्यक्रम की स्पॉन्सर है. बेकरी के सोशल मीडिया अकाउंट से कार्यक्रम के पास खरीदने के लिए प्रचार किए जाने और दुकान पर पोस्टर लगे होने की बात सामने आने के बाद कार्यकर्ताओं ने यहां पहुंचकर संचालक से बातचीत की.
हिंदू जागरण मंच की संचालक को चेतावनी
हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं ने संचालक को चेतावनी दी कि उज्जैन में पेड गरबा आयोजनों को किसी भी स्थिति में अनुमति नहीं दी जाएगी. इस दौरान दोनों पक्षों के बीच करीब 15 मिनट तक बहस होती रही. बाद में विरोध जताते हुए कार्यकर्ताओं ने दुकान पर लगे कुछ पोस्टर और बैनर फाड़ दिए.
गरबा आयोजन में अश्लीलता फैलाने का आरोप
हिंदूवादी नेता अर्जुन सिंह भदौरिया ने कहा कि नवरात्रि के दौरान धार्मिक भावनाओं के अनुरूप गरबा आयोजन किए जाएं लेकिन ऐसे पेड इवेंट, जिनमें अश्लीलता फैलाने का आरोप लगाया जाता है, उन्हें उज्जैन में आयोजित नहीं होने दिया जाएगा.
बहरहाल नवरात्रि से पहले पेड गरबा आयोजनों के विरोध में शुरू हुई इस मुहिम के बाद अब शहर में होने वाले गरबा कार्यक्रमों को लेकर माहौल गरमा गया है.