Last Updated:
MP BJP News: भोपाल में आयोजित बीजेपी कोर समिति की 10वीं बैठक में संगठन और सरकार के कामकाज पर चर्चा हुई. प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि फैसले परफॉर्मेंस के आधार पर होते हैं. बैठक में सत्ता-संगठन में तालमेल, हारे बूथों को जोड़ने और भावी रणनीति पर विचार किया गया.
भोपाल में हुई बीजेपी कोर कमेटी की बैठक.
रिपोर्ट: रमाकांत दुबे
भोपाल में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की कोर समिति की बैठक आयोजित की गई. कोर कमेटी के गठन के बाद यह इसकी 10वीं बैठक थी. पार्टी विधान के तहत कोर कमेटी की यह बैठक हर 3 महीने में आयोजित की जाती है. बैठक संपन्न होने के बाद बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने चर्चा के प्रमुख बिंदुओं की जानकारी साझा की. उन्होंने बताया कि इस बैठक में संगठन और सरकार के कामकाज की विस्तृत समीक्षा की गई है.
संगठन और सत्ता के बीच तालमेल पर जोर
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के मुताबिक, बैठक में सभी महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई. मुख्य रूप से सत्ता और संगठन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर बल दिया गया. साथ ही संगठन और जनप्रतिनिधियों के बीच आपसी तालमेल को मजबूत करने की रणनीति बनाई गई. आगे के कार्यक्रमों की रूपरेखा के लिए कोर कमेटी के सभी सदस्यों ने अपने सुझाव रखे. बैठक के दौरान विप्लव देव और चंद्रशेखर द्वारा विभिन्न राज्यों में किए गए संगठनात्मक कार्यों का भी उल्लेख हुआ.
परफॉर्मेंस के आधार पर होंगे फैसले
बैठक में आने वाली चुनौतियों से निपटने की योजना पर विशेष मंथन हुआ. हेमंत खंडेलवाल ने स्पष्ट किया कि पार्टी में निर्णय परफॉर्मेंस के आधार पर ही किए जाते हैं. पार्टी के सामने सबसे बड़ी चुनौती हारे हुए बूथों को फिर से जीतना है. इसके अतिरिक्त जो वर्ग पार्टी से छूट गए हैं, उन्हें संगठन के साथ जोड़ना प्राथमिक लक्ष्य है. बीजेपी नेतृत्व का मुख्य उद्देश्य सरकार के कार्यों को जनता तक पहुंचाना और संगठन को जमीनी स्तर पर लगातार सक्रिय रखना है.
सरकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचाने की रणनीति
बैठक में इस विषय पर गहन विचार किया गया कि पार्टी आने वाले समय में किन मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी. सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी संगठन के माध्यम से लोगों तक अधिक प्रभावी ढंग से कैसे पहुंचे, इसका खाका तैयार किया गया. बुधवार को आयोजित इस बैठक में तय किया गया कि दिए गए सुझावों की प्रगति की समीक्षा आने वाले महीनों की कोर ग्रुप बैठकों में होगी.
राहुल गांधी के बालाघाट दौरे पर बयान
बैठक के उपरांत हेमंत खंडेलवाल ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बालाघाट दौरे पर प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी विपक्ष के नेता हैं और एक राजनैतिक व्यक्ति हैं, जो बालाघाट के विषय पर आ रहे हैं. खंडेलवाल ने सवाल उठाया कि जब पूर्व में लखीराम कांवरे की हत्या नक्सलियों द्वारा की गई थी, तब क्या राहुल गांधी ने वहां आने का विचार किया था?