Last Updated:
Khatu Shyam Aarti Time: विश्व प्रसिद्ध खाटूश्याम जी मंदिर के भक्तों के लिए बड़ी अपडेट है. श्री श्याम मंदिर कमेटी ने मंदिर की श्रृंगार आरती के समय में बदलाव किया है. अब श्रृंगार आरती सुबह 7:15 की बजाय 7:30 बजे होगी. मंदिर में रोजाना पांच प्रमुख आरतियां होती हैं. कमेटी ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे नई समय-सारणी के अनुसार ही दर्शन के लिए आएं. बाबा श्याम को हारे का सहारा कहा जाता है और उन्हें भगवान श्रीकृष्ण का अवतार माना जाता है. महाभारत युद्ध में बर्बरीक के शीश दान के बाद उन्हें श्याम नाम से पूजने का वरदान मिला था.
Sikar विश्व प्रसिद्ध खाटूश्याम जी मंदिर के भक्तों के लिए एक बड़ी अपडेट सामने आई है. श्री श्याम मंदिर कमेटी ने मंदिर की श्रृंगार आरती के समय में बदलाव किया है. इसको लेकर मंदिर प्रशासन की तरफ से आधिकारिक सूचना भी जारी कर दी गई है. ऐसे में अगर कोई भक्त खाटूश्याम जी मंदिर में होने वाली शृंगार आरती में शामिल होना चाहता है तो, उसे नई समय-सारणी के बारे में जरूर जान लेना चाहिए. बाबा के दर्शन के लिए जाने वाले हर श्रद्धालु के लिए यह अपडेट बहुत जरूरी है.
कमेटी के मंत्री मानवेंद्र सिंह चौहान ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि मंदिर परंपरा के अनुसार समय समय पर बाबा श्याम के मंदिर की आरती के समय में बदलाव होता है. उन्होंने बताया कि खाटूश्याम जी मंदिर में रोजाना पांच प्रमुख आरतियां होती हैं. इन सभी आरती का अपना अलग अलग धार्मिक महत्व है. इन पांच आरतियों में से दो आरतियां सबसे खास होती हैं. ऐसा इसलिए है क्योंकि इनमें बाबा श्याम का विशेष श्रृंगार किया जाता है और इसके बाद भक्तों को बाबा के अलग-अलग रूपों में दर्शन प्राप्त होते हैं. ऐसे में मंदिर कमेटी ने इन्हीं दो आरती में से एक मुख्य श्रृंगार आरती के समय में बदलाव किया है.
ये रहेगा आरती का नया टाइम
श्री श्याम मंदिर कमेटी के अनुसार बाबा श्याम की श्रृंगार आरती के समय में बदलाव किया गया है. आपको बता दें कि इस श्रृंगार आरती में सबसे अधिक भक्त शामिल होते हैं. नई व्यवस्था के अनुसार, अब श्रृंगार आरती सुबह 7:30 होगी. इससे पहले यह आरती सुबह 7:15 बजे होती थी. मंदिर कमेटी ने सभी श्रद्धालुओं से विशेष रूप से अपील की है कि वे नई समय-सारणी के अनुसार ही दर्शन के लिए आएं, ताकि उन्हें किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े और वे आराम से बाबा के दर्शन कर सकें.
ये है सभी आरतियों का समय
श्री श्याम मंदिर कमेटी के अनुसार, अभी मंदिर खुलते ही बाबा श्याम की सबसे पहली मंगला आरती सुबह 4:30 बजे होती है. इसके बाद दिन की दूसरी श्रृंगार आरती होती है, जिसमें बाबा श्याम की विशेष सजावट की जाती है. उन्हें रंग-बिरंगे फूलों और देव वस्त्रों से सजाया जाता है. इस आरती के समय में भी समय समय पर बदलाव किया जाता है. अब यह आरती सुबह 7:30 होगी. इसके बाद तीसरी भोग आरती दोपहर 12:30 बजे अपने तय समय पर ही होगी, जिसमें बाबा को विशेष पकवानों का भोग लगाया जाता है. इसके बाद चौथी संध्या आरती होती है. यह आरती शाम 7:00 बजे होती है. वहीं, दिन की अंतिम शयन आरती रात 10:00 बजे होगी, जिसके बाद आम दिनों में मंदिर के कपाट बंद कर दिए जाते हैं.
जानिए कौन हैं बाबा श्याम
बाबा श्याम को हारे का सहारा कहा जाता है और उन्हें भगवान श्रीकृष्ण का अवतार माना जाता है. महाभारत युद्ध के दौरान भीम के पौत्र बर्बरीक कौरवों की ओर से युद्ध में उतरने जा रहे थे. तभी भगवान श्रीकृष्ण ने ब्राह्मण का वेश धारण किया और उनसे शीश का दान मांगा. वीर बर्बरीक ने बिना कोई झिझक दिखाए भगवान कृष्ण को अपना शीश दान कर दिया. बर्बरीक के इस महान बलिदान से प्रसन्न होकर श्रीकृष्ण ने उन्हें वरदान दिया कि कलियुग में उन्हें श्याम नाम से पूजा जाएगा. साथ ही श्रीकृष्ण ने कहा था कि वे हारे हुए और असहाय लोगों के सहारा बनेंगे. तभी से बाबा श्याम अपने भक्तों के बीच हारे के सहारे के नाम से पूजे जाते हैं.