Bihar News: बिहार से झारखंड जाने वालों के लिए अलर्ट, भलजोर पुल से भारी वाहनों की नो-एंट्री, जानें क्या है वजह

Bihar News: बिहार से झारखंड जाने वालों के लिए अलर्ट, भलजोर पुल से भारी वाहनों की नो-एंट्री, जानें क्या है वजह


Last Updated:

Bihar News: बिहार से झारखंड जाने वालों के लिए जरूरी खबर. बांका के भलजोर पुल से जल्द ही भारी वाहनों की आवाजाही बंद की जाएगी. पुल की जर्जर हालत और पिलरों में आई दरारों को देखते हुए यह फैसला लिया गया. बांका डीएम अंशुल अग्रवाल ने मंगलवार को मौके पर पहुंचकर पुल की स्थिति का जायजा लिया.

Zoom

सांकेतिक तस्वीर AI से बनाई गई.

बांकाः बिहार और झारखंड के बीच आने-जाने वाले वाहन चालकों के लिए जरूरी खबर है. बांका के भलजोर पुल से जल्द ही भारी वाहनों की आवाजाही बंद की जाएगी. यह पुल भागलपुर-हंसडीहा मार्ग का अहम हिस्सा है. इसी रास्ते से भागलपुर-बांका की ओर से झारखंड की तरफ वाहनों की आवाजाही होती है. पुल की स्थिति को देखते हुए बांका के डीएम अंशुल अग्रवाल ने मंगलवार को मौके पर पहुंचकर पुल और सड़क का जायजा लिया. इसके बाद उन्होंने सुरक्षा के लिहाज से भारी वाहनों को रोकने की तैयारी शुरू करने के निर्देश दिए.

दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के मुताबिक, भलजोर पुल बिहार-झारखंड सीमा के पास स्थित है. भागलपुर से हंसडीहा तक का यह मार्ग झारखंड की ओर जाने वाले वाहनों के लिए अहम सड़क है. इस रूट पर मालवाहक वाहनों की आवाजाही भी काफी रहती है. ऐसे में पुल पर भारी वाहनों का दबाव कम करने के लिए प्रशासन ने यह कदम उठाने का फैसला किया है. डीएम ने बताया कि भारी वाहनों को पुल पर जाने से रोकने के लिए दोनों तरफ बैरिकेडिंग की व्यवस्था की जाएगी. बड़े और भारी वाहनों को वैकल्पिक रास्ते से भेजा जाएगा. वहीं कार, बाइक और दूसरे छोटे वाहनों का परिचालन जारी रखने की योजना है.

पुल के पिलर में दिखीं दरारें
भारी वाहनों के लिए वैकल्पिक रूट की व्यवस्था भी की जाएगी, ताकि भागलपुर-बांका से झारखंड की ओर जाने वाले मालवाहक वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रभावित न हो. प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को ट्रैफिक व्यवस्था पहले से तैयार रखने के निर्देश दिए हैं. निरीक्षण के दौरान पुल के कई हिस्सों में नुकसान सामने आया. स्थानीय लोगों के मुताबिक, भारी वाहन गुजरने पर पुल में कंपन महसूस होता है. पुल की रेलिंग भी कई जगह टूट चुकी है. पुल के निचले हिस्से में भी नुकसान दिखाई दे रहा है. हालिया निरीक्षण और विभागीय रिपोर्ट में पुल के गर्डर में कई दरारें मिलने की बात सामने आई है. इसी वजह से सुरक्षा के लिहाज से भारी और बड़े मालवाहक वाहनों पर रोक लगाने का फैसला लिया गया.

भलजोर से बौंसी तक सड़क भी खराब
भलजोर बॉर्डर से बौंसी की तरफ जाने वाली सड़क पर भी कई जगह बड़े गड्ढे हैं. बारिश के बाद इन गड्ढों में पानी जमा हो जाता है. इससे वाहन चालकों को परेशानी होती है. कई हिस्सों में सड़क की ऊपरी परत भी उखड़ गई है. भलजोर पुल भागलपुर और झारखंड के बीच महत्वपूर्ण कनेक्टिविटी देता है. इसलिए भारी वाहनों को रोकने के फैसले का असर इस रूट से गुजरने वाले मालवाहक वाहनों पर पड़ेगा.



Source link