Last Updated:
UP Weather Today: उत्तर प्रदेश के अधिकांश जिलों में बारिश का सिलसिला जारी है. इस बीच मौसम विभाग ने कई जिलों में बारिश और आंधी को लेकर अलर्ट जारी किया है. बहराइच, फर्रुखाबाद, गोंडा, हरदोई, कानपुर शहर, कानपुर देहात, खीरी, श्रावस्ती, उन्नाव, सीतापुर और कन्नौज में बारिश व बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है.
यूपी में बारिश को लेकर येलो और ऑरेंज अलर्ट. (फाइल फोटो एएनआई)
लखनऊः आईएमडी की ताजा अपडेट के मुताबिक उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश और उत्तरी छत्तीसगढ़ के ऊपर बने लो प्रेशर एरिया के चलते उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज खराब हो गया है. इस वेदर सिस्टम के उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने और दक्षिण-पूर्वी उत्तर प्रदेश की तरफ केंद्रित होने के चलते राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश दर्ज की गई है. बीते 24 घंटों में पूर्वी उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में 34 सेंटीमीटर, सीतापुर में 27 सेमी, बहराइच में 24 सेमी और बांदा में 23 सेमी बारिश रिकॉर्ड की गई. वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश के हमीरपुर में 21 सेमी, महोबा और शाहजहांपुर में 19-19 सेमी तक अत्यधिक भारी वर्षा दर्ज की गई है.
यूपी के इन जिलों में बारिश की चेतावनी
यूपी के बहराइच, फर्रुखाबाद, गोंडा, हरदोई, कानपुर शहर, कानपुर देहात, खीरी, श्रावस्ती, उन्नाव, सीतापुर और कन्नौज में बारिश व बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है. वहीं पश्चिमी यूपी के बदायूं, बरेली, एटा, इटावा, फिरोजाबाद, कासगंज, मैनपुरी, पीलीभीत, शाहजहांपुर, रामपुर और मुरादाबाद जिले में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, बिजली कड़कने और आंधी-तूफान की संभावना जताई गई है. हालांकि यूपी आईएमडी ने अपने पोर्टल पर किसी भी तरह की चेतावनी नहीं जारी की है.
लोगों को सावधानी बरतने की सलाह
मौसम विभाग की तरफ से लोगों को सलाह दी गई है कि वह नदियों और नहरों के आसपास न जाएं. मौसम विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि वे धान, मक्का, अरहर, तिल और गन्ने जैसी खड़ी फसलों के खेतों में जलजमाव न होने दें और जल निकासी का उचित प्रबंध करें. जब तक हालात सामान्य न हो, तब तक सिंचाई, खाद व कीटनाशकों के छिड़काव को टालने की सिफारिश की गई है.