Last Updated:
Bihar Crime News: बिहार में लड़कियों से बदसलूकी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रहीं. जमुई, समस्तीपुर के बाद अब पटना और गया से भी ऐसे मामले सामने आए हैं. जहां छात्राओं के साथ छेड़खानी की गई तो, कहीं युवती के साथ घूम रहे युवक को स्थानीय युवकों ने घेरकर मारपीट की. गया में घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है.
बिहार पुलिस. (फाइल फोटो)
रिपोर्टः एलेन लिली (गया)
पटना/गयाः बिहार में मनचलों के आतंक पर लगाम नहीं लग रही. जमुई के बाद अब गया और पटना से भी ऐसे मामले सामने आए हैं. गया में पहाड़ी के पास दोस्त के साथ घूमने गई युवती और उसके साथ मौजूद युवक को स्थानीय युवकों ने घेर लिया. युवक के साथ मारपीट और बदसलूकी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसके बाद पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया. वहीं पटना सिटी में कोचिंग से घर लौट रही तीन किशोरियों के साथ छेड़खानी और विरोध करने पर मारपीट का मामला सामने आया.
गया के शेरघाटी थाना क्षेत्र में एक युवक और युवती के साथ बदसलूकी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की है. मामला सोमवार दोपहर का बताया जा रहा है. जानकारी के मुताबिक, गुरुआ थाना क्षेत्र का रहने वाला युवक शेरघाटी थाना क्षेत्र की रहने वाली युवती के साथ बाइक से महुआदीह स्थित पहाड़ी के पास घूमने गया था. आरोप है कि इसी दौरान कुछ स्थानीय युवकों ने दोनों को रोक लिया. इसके बाद युवक के साथ मारपीट की गई. उसकी बाइक की चाबी भी छीन ली गई. इस पूरी घटना का वीडियो बनाया गया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.
दो आरोपी गिरफ्तार
वीडियो में एक युवक हाथ में डंडा लेकर सवाल करता नजर आ रहा है कि यहां क्यों आए हो और क्या करने आए हो. इस पर युवती जवाब देती है कि क्या यहां कोई घूमने नहीं आ सकता? वीडियो आर्यन नाम की इंस्टाग्राम आईडी से वायरल होने की बात सामने आई है. वीडियो पुलिस के संज्ञान में आने के बाद पुलिस ने पीड़ित युवक से संपर्क किया. एसएसपी सुशील कुमार ने बताया कि मामले में FIR दर्ज की गई है और दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है. उन्होंने कहा कि घटना में शामिल अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है और उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.
पटना में तीन किशोरियों से छेड़खानी
पटना सिटी के खाजेकला थाना क्षेत्र में भी तीन किशोरियों के साथ छेड़खानी और मारपीट का मामला सामने आया है. घटना बरकत खां अखाड़ा मोहल्ले की बताई जा रही है. पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक, मेहंदीगंज थाना क्षेत्र के रानीपुर कस्बा मोहल्ले की रहने वाली दसवीं कक्षा की एक नाबालिग छात्रा अपनी दो सहेलियों के साथ गुरहट्टा स्थित कोचिंग से घर लौट रही थी. आरोप है कि इसी दौरान दो युवकों ने तीनों छात्राओं को रास्ते में रोक लिया और मोबाइल नंबर मांगने लगे. छात्राओं ने इसका विरोध किया तो उनके साथ हाथापाई और मारपीट की गई.
पुलिस जांच में जुटी
मामले को लेकर एक पीड़ित छात्रा के पिता ने खाजेकला थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है. घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस जांच में जुट गई. पुलिस ने पीड़ित छात्राओं का बयान भी मजिस्ट्रेट के सामने दर्ज कराया है. पटना सिटी के अपर पुलिस अधीक्षक सुबोध कुमार के मुताबिक, पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर ली है. उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. इस तरह गया और पटना से सामने आए इन दोनों मामलों में पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है. गया में दो आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि पटना में आरोपियों की तलाश जारी है.