Last Updated:
बहराइच में आंधी-बारिश से बिजली आपूर्ति ठप, बहाली में 10 दिन लगेंगे. DC चार्जर और सोलर लाइटों की मांग बढ़ी. ग्रामीण और शहरी इलाकों में पसरे अंधेरे ने लोगों की दिनचर्या पूरी तरह बदलकर रख दी है. ग्रामीण इलाकों में अनगिनत बिजली के खंभे और पेड़ धराशायी हो गए हैं, जिससे विद्युत आपूर्ति पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है. विद्युत विभाग की टीम लगातार मरम्मत और सुधार के काम में जुटी हुई है, लेकिन नुकसान इतना बड़ा है कि बिजली आपूर्ति पूरी तरह बहाल होने में कम से कम 10 दिन या उससे भी अधिक का समय लगने की संभावना जताई जा रही है.
बहराइच: आंधी, बारिश और भीषण तूफान के बाद बहराइच के ग्रामीण और शहरी इलाकों में पसरे अंधेरे ने लोगों की दिनचर्या पूरी तरह बदलकर रख दी है. ग्रामीण इलाकों में अनगिनत बिजली के खंभे और पेड़ धराशायी हो गए हैं, जिससे विद्युत आपूर्ति पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है. विद्युत विभाग की टीम लगातार मरम्मत और सुधार के काम में जुटी हुई है, लेकिन नुकसान इतना बड़ा है कि बिजली आपूर्ति पूरी तरह बहाल होने में कम से कम 10 दिन या उससे भी अधिक का समय लगने की संभावना जताई जा रही है.
हालात की गंभीरता को देखते हुए बहराइच के जिलाधिकारी ने ग्राम प्रधानों से आगे आकर मदद करने की अपील की है. जिलाधिकारी ने प्रधानों से अपेक्षा की है कि वे इस संकट की घड़ी में ग्रामीणों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहें और विभाग की मदद करें, ताकि सड़कों व लाइनों पर गिरे पेड़-पौधों और टूटे खंभों को हटाकर व्यवस्था को जल्द से जल्द फिर से पटरी पर लाया जा सके.
गायब हो चुके DC चार्जर की अचानक बढ़ी डिमांड
दूसरी ओर, कई दिनों तक बिजली आने की कोई उम्मीद न देखकर लोग अब वैकल्पिक रास्तों की ओर रुख कर रहे हैं. एक दौर ऐसा था जब घर-घर बिजली पहुंचने के बाद 12-बोल्ट की बैटरी से चलने वाले DC चार्जर और छोटी सोलर प्लेटें बाजारों से लगभग गायब हो चुकी थीं. लेकिन आज इसी बेकाबू संकट में लोग उन्हें ढूंढ रहे हैं. मोबाइल डिस्चार्ज होते ही लोग 12V की बैटरी से चलने वाले DC चार्जर की दुकानों पर लाइन लगा रहे हैं.
बाजारों में आउट ऑफ स्टॉक के बोर्ड, बाहर से पहुंचे व्यापारी
बहराइच के फुटपाथों और मोबाइल दुकानों पर पावर बैंक, डीसी चार्जर और सोलर लाइटों की भारी किल्लत हो गई है. ज्यादातर दुकानदार ग्राहकों को देखते ही आउट ऑफ स्टॉक का जवाब दे रहे हैं. इस स्थिति को देखते हुए बाहरी शहरों से आए व्यापारी भी अवसर का लाभ उठाने में लग गए हैं. बाजारों में खासतौर पर ऐसी मल्टी-पर्पज सोलर लाइटें बेची जा रही हैं, जिन्हें सूरज की किरणों धूप से भी चार्ज किया जा सकता है और जरूरत पड़ने पर सीधे बिजली या बैटरी की लीड लगाकर भी. साथ ही इनमें मोबाइल चार्ज करने की भी सुविधा है.
₹800 से ₹1000 तक में बिक रही हैं लाइटें
अंधेरे से राहत पाने और मोबाइल के जरिए संपर्क साधे रखने के लिए ग्रामीण और शहरी क्षेत्र के लोग शहर आकर भारी खरीदारी कर रहे हैं. बाजारों में ये खास सोलर लाइटें ₹800 से ₹1000 के बीच धड़ल्ले से बिक रही हैं. जब तक विद्युत विभाग और स्थानीय प्रशासन मिलकर इस बड़ी तबाही से उबरने की कोशिश में जुटे हैं, तब तक बहराइच के लोग सोलर पावर और DC चार्जर के सहारे ही इस पावर कट का सामना करने को मजबूर हैं.