UP Weather Live: बाढ़ पीड़ितों के बीच पहुंचे सीएम योगी, राहत सामग्री का करेंगे वितरण

UP Weather Live: बाढ़ पीड़ितों के बीच पहुंचे सीएम योगी, राहत सामग्री का करेंगे वितरण


UP Weather News Live: उत्तर प्रदेश के अधिकांश जिलों में बारिश का सिलसिला जारी है. आलम यह है कि जगह-जगह पानी भरा हुआ है. हालांकि अब बारिश के कोई आसार नजर नहीं आ रहे हैं. क्योंकि यूपी आईएमडी ने किसी भी तरह की चेतावनी जारी नहीं की है. मौसम विभाग का कहना है कि यूपी में मानसून का असर खत्म हो गया है. चक्रवात का असर भी प्रदेश से खत्म हो गया है. अब किसी जिले में बारिश का पूर्वानुमान नहीं है. बारिश और तेज हवाओं की रफ्तार भी थम गई है. प्रदेश में तापमान बढ़ने का सिलसिला शुरू हो गया है. बंगाल की खाड़ी का मौसम तंत्र कमजोर पड़ गया है. अगले एक सप्ताह में 5 से 8 डिग्री तक बढ़ेगा पारा. यहां पढ़ें पल-पल के अपडेट्स…

बाढ़ पीड़ितों के बीच पहुंचे सीएम योगी आदित्यनाथ
कुशीनगर में बाढ़ पीड़ितों के बीच पहुंचेंगे सीएम योगी आदित्यनाथ. बाढ़ पीड़ितों के जख्मों पर लगाएंगे मरहम. बाढ़ पीड़ितों में राहत सामग्री का करेंगे वितरण. तमकुही के बेंदूपार इंटर कॉलेज में पहुंचेंगे सीएम योगी.

गंगा-यमुना का फिर बढ़ा जलस्तर
प्रयागराज में गंगा और गंगा नदियों का एक बार फिर से बढ़ रहा जलस्तर. बीते 24 घंटे में नैनी में यमुना नदी का जलस्तर 44 सेंटीमीटर बढ़ा है. जबकि फाफामऊ में गंगा नदी का जलस्तर 66 सेंटीमीटर और छतनाग में 47 सेंटीमीटर बढ़ा है. हालांकि प्रयागराज में बीते 48 घंटे में बारिश नहीं हुई है. सुबह 8:00 बजे नैनी में यमुना नदी का जलस्तर 80.60 मीटर दर्ज किया गया. जबकि गंगा नदी का फाफामऊ में जलस्तर 80.28 मीटर और छतनाग में 80.15 मीटर दर्ज किया गया. हालांकि दोनों नदियां अभी खतरे के निशान के नीचे बह रही हैं.

कुशीनगर में तटबंध टूटने से तबाही
कुशीनगर में एपी तटबंध टूटने के बाद तबाही. लगभग 35 गाँव में पहुंचा नारायणी नदी का पानी. पानी भरे गाँव से पलायन कर रहे लोग. ऊंचे स्थानों पर रहने को मजबूर हैं लोग. बीती रात से खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं ग्रामीण. अपनी गृहस्थी का सामान लेकर घर छोड़कर भाग रहे लोग. तमकुहीराज तहसील के जवहीं दयाल एहतमाली , चैनपट्टी , घघवा जगदीश , जगलीपट्टी सहित तमाम गाँव में पहुंचा बाढ़ का पानी. जिला प्रशासन , SDRF, और पीएसी की टीम लोगों की मदद में जुटी.

775 फीसदी ज्यादा हुई बारिश
राहत आयुक्त ने बताया कि 25 सितम्बर से 27 सितम्बर की सुबह तक प्रदेश में 66.5 मिमी वर्षा दर्ज की गई. जबकि इस अवधि में सामान्य वर्षा 7.6 मिमी है. इस प्रकार प्रदेश में वर्षा सामान्य से 775 प्रतिशत अधिक दर्ज की गई. उन्होंने बताया कि प्रदेश के 75 जनपदों में से 56 जनपदों में अत्यधिक वर्षा दर्ज की गई है. उन्होंने बताया कि फर्रूखाबाद में सामान्य से 7385 प्रतिशत, कन्नौज में 5664 प्रतिशत, शाहजहांपुर में 4408 प्रतिशत, हमीरपुर में 4240 प्रतिशत तथा महोबा में 4100 प्रतिशत अधिक वर्षा दर्ज की गई है.

लखनऊ में आज कैसा रहेगा मौसम
राजधानी लखनऊ में बीते दिनों मानसून की मेहरबानी के बाद सोमवार को धूप खिली. हालांकि बीच-बीच में बादल भी आए. लेकिन मौसम साफ ही रहा. मौसम के बदलने से शहर में तापमान में बढ़ोतरी हुई. दिन का पारा 8 डिग्री बढ़कर 32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अब शहर में मौसम साफ रहेगा. मंगलवार को शहर में मौसम साफ रहेगा. साथ ही दिन का पारा 33 डिग्री और रात का पारा 23 डिग्री तक पहुंच सकता है.

56 जनहानि, 107 पशुहानि एवं 1021 मकानों के क्षतिग्रस्त होने की सूचना
राहत आयुक्त ने बताया कि पिछले 60 घंटों में अतिवृष्टि एवं आंधी-तूफान के कारण प्रदेश में 56 जनहानि, 107 पशुहानि तथा 1021 मकानों के क्षतिग्रस्त होने की सूचना प्राप्त हुई है. इसके अतिरिक्त 46 व्यक्तियों के घायल होने की सूचना है. जनहानि के मामलों में सीतापुर में 7, लखीमपुर खीरी में 5, बहराइच में 5, बलरामपुर में 5, अयोध्या में 4 तथा गोरखपुर में 4 जनहानि की सूचना प्राप्त हुई है. घायलों में हरदोई में 7, मैनपुरी में 5, श्रावस्ती में 5 तथा बाराबंकी में 5, जबकि सीतापुर एवं लखीमपुर खीरी में 3-3 घायल होने की सूचना है. पशुहानि के मामलों में हरदोई में 28, सीतापुर में 16, कन्नौज में 14, बहराइच में 7, कानपुर देहात में 7 तथा उन्नाव में 6 पशुहानि की सूचना प्राप्त हुई है. मकान क्षति के मामलों में हरदोई में 272, सीतापुर में 108, चंदौली में 75, औरैया में 60, गोंडा में 54, हमीरपुर में 51, शाहजहांपुर में 47 तथा बहराइच में 44 मकान क्षतिग्रस्त होने की सूचना है.

फील्ड में रहकर राहत कार्यों को सर्वाेच्च प्राथमिकता देने के निर्देश
राहत आयुक्त ने सभी संबंधित जिलाधिकारियों, अपर जिलाधिकारियों एवं आपदा विशेषज्ञों को फील्ड में रहकर राहत एवं बचाव कार्यों की प्रभावी निगरानी करने तथा उच्च प्राथमिकता के आधार पर राहत सामग्री एवं सहायता राशि का वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. उन्होंने अधिकारियों को आमजन को मौसम के प्रति सतर्क करने तथा राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी के लिए संबंधित अधिकारियों को मौके पर भेजकर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. साथ ही, जनहानि, घायल व्यक्तियों तथा मकान क्षति के मामलों में नियमानुसार अनुमन्य सहायता राशि तत्काल उपलब्ध कराने को कहा.

फसल क्षति का तत्काल आकलन कर सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश
राहत आयुक्त ने फसल क्षति का तत्काल सर्वेक्षण एवं आकलन कर नियमानुसार मुआवजा प्रदान करने की कार्यवाही सर्वाेच्च प्राथमिकता पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि जिन लोगों के मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं, उनके लिए आवश्यकता के अनुसार वैकल्पिक आवास की व्यवस्था तत्काल सुनिश्चित की जाए. उन्होंने निर्देश दिए कि जहां आवश्यक हो, पात्र प्रभावित परिवारों को नियमानुसार आवास योजनाओं से लाभान्वित कराने की कार्रवाई की जाए.



Source link