Last Updated:
MP CG Top News Today: मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के हर कोने से ताजा खबरों के लिए News18 से जुड़े रहें. यहां आपको राजनीतिक हलचल, क्राइम, प्राकृतिक आपदाएं, स्थानीय विकास तक हर क्षेत्र की छोटी से छोटी और बड़ी से बड़ी खबरें मिलेंगी.
मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की टॉप न्यूज.
MP CG News in Hindi: अगर आप मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की हर हलचल से अपडेट रहना चाहते हैं, तो दोनों राज्यों की ताजा खबरें पढ़ने के लिए हमारे साथ बने रहें. यहां आपको भोपाल, उज्जैन, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर, रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग जैसे प्रमुख शहरों के समाचार और सभी जरूरी अपडेट्स मिलेंगे. इसके अलावा आपको राजनीति, अपराध, मौसम, प्रशासन, क्षेत्र के विकास से जुड़ी और अन्य काम की खबरें भी मिलेंगी. चलिए जानते हैं आज मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में क्या-क्या है खास. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की लेटेस्ट खबरें…
बाबा मंसूर शाह के उर्स में पहुंचे केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया रात को ग्वालियर पहुंचे. उन्होंने सिंधिया घराने के आराध्य संत बाबा मंसूर शाह का पूजन किया. गोरखी मंदिर, महाराज बाड़ा में उर्स का आयोजन हुआ. केंद्रीय मंत्री ने देशवासियों के लिए सुख-शांति और समृद्धि की कामना की.
देर रात गुना पहुंचे डीआईजी असित यादव, कैंट थाने का किया औचक निरीक्षण
ग्वालियर रेंज के डीआईजी असित यादव देर रात गुना पहुंचे और कैंट थाने का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाने की कार्यप्रणाली के साथ-साथ महिला डेस्क की व्यवस्थाओं को खास तौर पर देखा. डीआईजी ने महिला डेस्क का जायजा लेते हुए वहां तैनात प्रभारी से सीधे सवाल किए. उन्होंने पूछा कि रात 10 बजे के बाद यदि कोई महिला थाने में शिकायत लेकर आती है, तो उसे कौन मिलेगा और उसकी सुनवाई की क्या व्यवस्था है. इसपर महिला डेस्क प्रभारी सब-इंस्पेक्टर ज्योति राजपूत ने बताया कि डेस्क पर तैनात दो अधिकारियों में से एक हर समय थाने में मौजूद रहता है ताकि रात के समय भी महिलाओं को किसी तरह की परेशानी न हो. डीआईजी ने यह भी जानना चाहा कि क्या रात 10 बजे के बाद किसी महिला के बयान दर्ज किए गए हैं. सब-इंस्पेक्टर राजपूत ने जवाब दिया कि रात के समय भी बयान लिए गए हैं. डीआईजी ने उनके जवाब को सुना और व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली. निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने थाने के रिकॉर्ड और अन्य व्यवस्थाओं पर भी नजर डाली. पुलिस मुख्यालय के निर्देशों के अनुसार थानों में महिला डेस्क को सक्रिय रखने और पीड़ित महिलाओं को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने पर जोर दिया जाता रहा है. इसी क्रम में डीआईजी ने रात के समय महिला सुरक्षा और शिकायतों के निराकरण की स्थिति को परखा. देर रात हुए इस निरीक्षण से थाना स्टाफ में हलचल रही. डीआईजी के अचानक पहुंचने पर थाने में मौजूद पुलिसकर्मी मुस्तैद नजर आए. बताया गया कि डीआईजी ने थाना प्रभारी और स्टाफ को महिला संबंधी मामलों में संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करने और शिकायत लेकर आने वाली हर महिला की तुरंत सुनवाई सुनिश्चित करने के लिए कहा.
बच्चों ने बादाम समझ खाए जेट्रोफा के जहरीले बीज, अस्पताल में भर्ती
मध्य प्रदेश के नीमच जिले से बच्चों की सेहत से जुड़ी एक चिंताजनक खबर सामने आई है. मनासा क्षेत्र के दातोली गांव में एक ही परिवार के 8 बच्चे रतनजोत यानी जेट्रोफा के जहरीले बीज खाने से बीमार हो गए. बच्चों ने इन बीजों को बादाम समझकर खा लिया था. बच्चों का अस्पताल में इलाज चल रहा है.