Last Updated:
Ayodhya News : राम मंदिर बनने के बाद अयोध्या में तेजी से बढ़ रही आवासीय जरूरतों को देखते हुए अब शहर का दायरा बढ़ाने की तैयारी है. अयोध्या विकास प्राधिकरण बस्ती की तरफ 260 एकड़ में नई गेटेड सोसाइटी विकसित करने जा रहा है. खास बात यह है कि यह इलाका राम मंदिर से करीब 5 किलोमीटर दूर होगा.
अयोध्या में बसेगी नई गेटेड सोसाइटी.
अयोध्या : उत्तर प्रदेश में लगातार विकास हो रहे हैं. अब अगर आप अयोध्या में घर की तलाश कर रहे हैं तो ये आपके लिए बड़ी खबर है. राम मंदिर के आसपास बढ़ती आवासीय मांग को देखते हुए अब शहर का विस्तार बस्ती की तरफ करने की तैयारी है. अयोध्या विकास प्राधिकरण (एडीए) बस्ती जिले के रिधौरा, कंचनपुर और मांचा गांवों के आसपास करीब 105 हेक्टेयर यानी 260 एकड़ जमीन पर नई गेटेड सोसाइटी विकसित करने जा रहा है. खास बात यह है कि प्रस्तावित सोसाइटी राम मंदिर से करीब 5 किलोमीटर दूर होगी.
जमीन का हो चुका है बैनामा
एडीए के मुताबिक, इस परियोजना के लिए करीब 75 फीसदी जमीन किसानों से खरीदी जा चुकी है. बाकी जमीन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद सोसाइटी का मास्टर प्लान तैयार किया जाएगा. इसमें सड़क से लेकर घरों और दूसरी सुविधाओं तक पूरे इलाके का नक्शा तय होगा. 105 हेक्टेयर में करीब 60 फीसदी जमीन आवासीय इस्तेमाल के लिए रखी जाएगी. यानी यहां बड़ी संख्या में घर और आवासीय प्लॉट विकसित किए जा सकते हैं. बाकी हिस्से में लोगों की रोजमर्रा की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए अस्पताल, पेट्रोल पंप, सामुदायिक केंद्र और अन्य सुविधाएं विकसित करने की योजना है.
वशिष्ठकुंज से भी बड़ी होगी
अधिकारियों की माने तो रिधौरा में बनने वाली यह गेटेड सोसाइटी अयोध्या की वशिष्ठकुंज योजना से भी बड़ी होगी. हालांकि अभी इसका मास्टर प्लान तैयार होना बाकी है. जमीन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद सड़क, आवासीय क्षेत्र और सुविधाओं का पूरा खाका सामने आएगा. राम मंदिर निर्माण के बाद अयोध्या में श्रद्धालुओं की आवाजाही के साथ निवेश, कारोबार और लोगों के यहां बसने की गतिविधियां भी बढ़ी हैं. ऐसे में शहर में घर और दूसरी आवासीय सुविधाओं की मांग बढ़ रही है. इसी जरूरत को देखते हुए एडीए शहर के बाहर नए इलाकों को नियोजित तरीके से विकसित करने की तैयारी कर रहा है.