यूपी की 403 सीटों पर अकेले लड़ेंगे या गठबंधन में? चिराग पासवान ने किया साफ, जानिए क्या बोले वो

यूपी की 403 सीटों पर अकेले लड़ेंगे या गठबंधन में? चिराग पासवान ने किया साफ, जानिए क्या बोले वो


लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर सभी पार्टियां अपनी-अपनी तैयारियों में जुट गई है. इस बीच, केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा बयान दिया है. चिराग पासवान ने स्पष्ट शब्दों में कहा, ‘हम लोग उत्तर प्रदेश में चुनाव मजबूती से लड़ेगे… 403 सीटों पर हमारी पार्टी तैयारी कर रही है. अगर गठबंधन होता है तो गठबंधन के तहत, अगर अकेले भी चुनाव लड़ना पड़ा तो हमारी पार्टी उसके लिए तैयार है.’

चिराग पासवान ने साफ शब्दों में कहा कि चुनाव गठबंधन में लड़ा जाएगा या पार्टी अपने बूते मैदान में उतरेगी, इसका फैसला समय पर होगा. लेकिन लोजपा (रामविलास) हर परिस्थिति का सामना करने के लिए पूरी तरह तैयार है.

गठबंधन या अकेले? दोनों विकल्पों पर तैयारी
चिराग पासवान ने दिल्ली में मीडिया से बातचीत करते हुए यूपी विधानसभा चुनाव पर कहा, ‘उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी के कार्यकर्ताओं और रणनीतिकारों की पूरी तैयारी हो चुकी है. यह पूरी तरह तय है कि लोजपा (रामविलास) प्रदेश में चुनावी मुकाबले में उतरेगी.’ जब उनसे गठबंधन को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने कहा कि गठबंधन का क्या स्वरूप होगा और क्या नहीं, इस पर अभी से कोई भी टिप्पणी करना जल्दबाजी होगी. हालांकि, उन्होंने यह भी जोड़ा कि इतना जरूर तय है कि पार्टी यूपी में मजबूती से लड़ेगी.

चिराग पासवान ने आगे कहा, ‘हमारी पार्टी प्रदेश की सभी 403 सीटों पर गंभीरता से काम कर रही है. यदि गठबंधन होता है तो हम गठबंधन के तहत चुनाव लड़ेंगे, और यदि परिस्थितियां अकेले चुनाव लड़ने की बनीं, तो हमारी पार्टी अपने दम पर भी मैदान में उतरने के लिए सक्षम और तैयार है.’

बिहार के बाद यूपी में भी संगठन को मिल रहा युवाओं का मजबूत समर्थन
चिराग पासवान ने उत्तर प्रदेश में पार्टी के जनाधार और संगठन के विस्तार पर संतोष व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि जिस तरह से युवाओं का भारी समर्थन पार्टी को मिल रहा है, वह ऐतिहासिक है. प्रयागराज में आयोजित ‘यूथ बोले तो’ कार्यक्रम का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि वहां जिस भारी संख्या में युवा साथी उपस्थित रहे, उसके वीडियो और तस्वीरें सबने देखी हैं. आज की तारीख में बिहार के साथ-साथ उत्तर प्रदेश में भी पार्टी संगठन को जनता और विशेषकर युवाओं का व्यापक और मजबूत साथ मिल रहा है.

चुनाव आयोग और SIR पर विपक्ष के भ्रम और ‘सेलेक्टिव क्रिटिसिज्म’ पर हमला
केंद्रीय मंत्री ने विपक्ष द्वारा चुनाव आयोग और SIR को लेकर उठाए जा रहे सवालों पर भी कड़ा प्रहार किया. उन्होंने कहा कि विपक्ष निरंतरता के साथ SIR और चुनाव आयोग को लेकर आम जनता के बीच भ्रम फैलाने की साजिश कर रहा है. लेकिन देश के कई राज्यों के मतदाताओं ने उनके इस भ्रम का पुरजोर जवाब दिया है.

चिराग पासवान ने सवाल उठाते हुए कहा कि चाहे पश्चिम बंगाल के चुनाव परिणाम हों या बिहार के चुनाव, विपक्ष को यह समझना चाहिए कि जब नतीजे उनके पक्ष में आते हैं तब संस्थाएं सही होती हैं, लेकिन जब नतीजे खिलाफ जाते हैं तो सवाल खड़े किए जाते हैं. उन्होंने कहा कि विपक्ष का यह ‘सेलेक्टिव क्रिटिसिज्म’ (चयनात्मक विरोध) पूरी तरह से अनुचित और लोकतांत्रिक मर्यादाओं के विपरीत है.



Source link