ग्वालियर में दुष्कर्म में फंसाने की धमकी, दंपति ने ठगे 14 लाख, ब्लैकमेलिंग से परेशान पीड़ित ने की आत्महत्या

ग्वालियर में दुष्कर्म में फंसाने की धमकी, दंपति ने ठगे 14 लाख, ब्लैकमेलिंग से परेशान पीड़ित ने की आत्महत्या


Last Updated:

ग्वालियर के चीनौर थाना क्षेत्र में 40 वर्षीय गिर्राज गिरि गोस्वामी ने ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर सल्फास खाकर आत्महत्या कर ली. आरोप है कि पड़ोस में रहने वाले चंदू उर्फ चंद्रभान सोनी और उसकी पत्नी वंदना सोनी दुष्कर्म के झूठे मामले में फंसाने की धमकी देकर उसे ब्लैकमेल कर रहे थे. दंपति ने उससे 14 लाख रुपए लेने के बाद भी 8 लाख रुपए और मांगे.

Zoom

पुलिस की हिरासत में आरोपी

ग्वालियर. ग्वालियर में दुष्कर्म के झूठे मामले में फंसाने की धमकी देकर दंपति एक व्यक्ति को ब्लैकमेल कर रहे थे. चौदह लाख रुपए लेने के बाद भी उनकी 8 लाख रुपए की नई मांग से तंग आकर व्यक्ति ने जान दे दी. पुलिस ने जांच के बाद ब्लैकमेलर दंपति के खिलाफ आत्महत्या के लिए प्रेरित करने का मामला दर्ज कर लिया है.

दरअसल, घटना चीनौर थाना क्षेत्र की है. पवैया वाली गली निवासी 40 वर्षीय गिर्राज गिरि गोस्वामी ने 26 सितंबर को सल्फास खा लिया था. हालत बिगड़ने पर उसके साले मिथुन गिरि ने उसे ग्वालियर के निजी हॉस्पिटल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. युवक की मौत का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद मर्ग कायम कर लिया. पुलिस ने जांच की तो पता चला कि उसे पास ही रहने वाले चंदू उर्फ चन्द्रभान सोनी और उसकी पत्नी वंदना सोनी ब्लैकमेल कर रहे थे.

पति-पत्नी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का केस
जांच के बाद चीनौर थाना पुलिस ने चंदू उर्फ चन्द्रभान सोनी और उसकी पत्नी वंदना सोनी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की धारा 108 और 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर लिया. मर्ग जांच के दौरान मृतक के पिता माता गिरि और पत्नी कमलेश गिरी गोस्वामी के बयान दर्ज किए गए. दोनों ने पुलिस को बताया कि गांव के चंदू उर्फ चन्द्रभान सोनी और उसकी पत्नी वंदना सोनी मिलकर गिर्राज को बलात्कार के झूठे मामले में फंसाने की धमकी देते थे. दंपति पिछले करीब चार-पांच साल से इसी तरह धमकाकर उससे पैसे ले रहे थे.

पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी दंपति ने उससे अभी तक चौदह लाख रुपए ऐंठे थे, अब उससे 8 लाख रुपए की मांग कर रहे थे और रुपए नहीं देने पर उसके खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कराने की धमकी देते थे. चौदह लाख रुपए में से काफी रुपए उसने उधार लेकर दिए थे. अब वह इस स्थिति में नहीं था कि उन्हें और रुपए दे सके. इसलिए उसने जहर खाकर जान दे दी. मामला दर्ज होने के बाद अब पुलिस ने आरोपी दंपति की तलाश शुरू कर दी है. आरोपी अभी फरार हैं और पुलिस अफसरों का कहना है कि जल्द ही उन्हें पकड़ लिया जाएगा.



Source link