Last Updated:
Asian Games Medal Winner Indian List: हिमाचल सरकार एशियाई खेलों के पदक विजेताओं को 5.33 करोड़ रुपये देगी. सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने नई पुरस्कार नीति की घोषणा की, जिसमें स्वर्ण पदक विजेताओं को 4 करोड़ रुपये तक मिलेंगे. हिमाचल से चार कबड्डी खिलाड़ियों के अलावा, सीमा और सावन ने मेडल जीते हैं.
सीएम ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके सम्मान में दी जाने वाली पुरस्कार राशि की घोषणा की.
शिमला. जापान के आइची-नागोया में आयोजित हो रहे 20वें एशियाई खेलों में हिमाचल प्रदेश का नाम रोशन करने वाले पदक विजेता खिलाड़ियों के लिए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बड़ा ऐलान किया है. प्रदेश सरकार पदक विजेताओं को कुल 5.33 करोड़ रुपए की पुरस्कार राशि देगी. सीएम ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके सम्मान में दी जाने वाली पुरस्कार राशि की घोषणा की.
एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय महिला कबड्डी टीम में शामिल हिमाचल की 4 खिलाड़ियों को प्रदेश सरकार की ओर से 33-33 लाख रु. की पुरस्कार राशि दी जाएगी. इनमें पुष्पा राणा, रितु नेगी, ज्योति ठाकुर और भावना ठाकुर शामिल हैं. चारों खिलाड़ियों को मिलाकर कबड्डी के लिए कुल 1.33 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी. पुरुषों की मैराथन प्रतियोगिता में रजत पदक जीतने वाले हिमाचल के खिलाड़ी सावन बरवाल को प्रदेश सरकार 2.50 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि देगी. वहीं महिलाओं की 10 हजार मीटर दौड़ में कांस्य पदक जीतने वाली सीमा कुमारी को 1.50 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी. इस तरह हिमाचल के इन पदक विजेता खिलाड़ियों को प्रदेश सरकार की ओर से कुल 5.33 करोड़ रुपये दिए जाएंगे.
खेलों में पदक जीतने पर हिमाचल की नई पुरस्कार नीति
सीएम सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार ने खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए पुरस्कार राशि में ऐतिहासिक बढ़ोतरी की है. सरकार की ओर से ओलंपिक, शीतकालीन ओलंपिक और पैरालंपिक खेलों में स्वर्ण पदक के लिए 5 करोड़, रजत के लिए 3 करोड़ और कांस्य के लिए 2 करोड़ रुपये दिए जा रहे हैं. इसी तरह एशियाई और पैरा एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने पर 4 करोड़ रुपए, रजत पदक पर 2.50 करोड़ रुपये और कांस्य पदक पर 1.50 करोड़ रुपये की सम्मान राशि का प्रावधान किया गया है. वहीं राष्ट्रमंडल और पैरा राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक के लिए 3 करोड़ रुपए, रजत के लिए 2 करोड़ रुपए और कांस्य पदक के लिए 1 करोड़ रुपये दिए जा रहे हैं.
खिलाड़ियों के यात्रा भत्ते में भी बढ़ोतरी
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश से बाहर होने वाली खेल प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने वाले खिलाड़ियों के लिए यात्रा संबंधी सुविधाओं में भी बढ़ोतरी की गई है. सरकार के प्रावधान के अनुसार 200 किलोमीटर तक की यात्रा करने वाले खिलाड़ियों को एसी 3-टियर ट्रेन का किराया दिया जा रहा है. वहीं 200 किलोमीटर से अधिक की यात्रा करने वाले खिलाड़ी इकोनॉमी क्लास हवाई टिकट के लिए पात्र होंगे.
सीएम ने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं और प्रोत्साहन उपलब्ध करवाना है, ताकि हिमाचल के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर प्रदेश का नाम रोशन कर सकें.