धोनी ने अपने एक और शागिर्द को करवाया सेट! CSK में बॉलिंग कोच बने मोहित शर्मा
Last Updated:
Mohit Sharma Bowling Coach: महेंद्र सिंह धोनी के भरोसेमंद प्लेयर्स में शामिल रहे मोहित शर्मा आईपीएल 2027 में चेन्नई सुपरकिंग्स के बॉलिंग कोच बनाए जा सकते हैं. वह जहीर खान की अगुवाई वाली टीम के सपोर्ट स्टाफ का अहम हिस्सा साबित होंगे. CSK के सीईओ काशी विश्वनाथन ने इस बात की पुष्टि की है. फिलहाल चेन्नई में बॉलिंग कोच की जिम्मेदारी एरिक सिमंस निभा रहे थे.
मोहित शर्मा ने चेन्नई सुपरकिंग्स को बनाया बॉलिंग कोच
चेन्नई: जहीर खान के हेड कोच बनने के बाद अब चेन्नई सुपरकिंग्स ने अपने बॉलिंग कोच को लेकर भी बड़ा फैसला किया है. माना जा रहा है कि पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज मोहित शर्मा सीएसके के नए बॉलिंग कोच बनाए जा रहे हैं. वह बॉलिंग कोच के तौर पर एरिक सिमंस की जगह लेंगे. मोहित शर्मा को महेंद्र सिंह धोनी का खास माना जाता है. धोनी की कप्तानी में उन्होंने चेन्नई सुपरकिंग्स को कई मैच जिताए बाद में टीम इंडिया के लिए 2014 का टी-20 वर्ल्ड कप भी खेला.
काशी विश्वनाथन ने लगाई खबर पर मुहर
विश्वनाथन ने TimesofIndia.com को बताया, ‘मोहित हमारे नए बॉलिंग कोच के तौर पर CSK से जुड़ेंगे, उनके नाम की सिफारिश हमारे हेड कोच जहीर खान ने की थी. मोहित एक खिलाड़ी के तौर पर भी हमारे साथ शानदार रहे थे और हमें उम्मीद है कि वह बॉलिंग कोच के तौर पर भी बेहतरीन काम करेंगे. आने वाले हफ्तों में जहीर की सिफारिश पर ही कोचिंग स्टाफ के बाकी सदस्यों की भी नियुक्ति की जाएगी.
100 से ज्यादा आईपीएल मैच का अनुभव
हरियाणा के लिए घरेलू क्रिकेट खेलने वाले मोहित शर्मा 2012/2013 रणजी सीजन में सिर्फ 8 मैच में 37 विकेट लेकर चर्चा में आए थे. तब चेन्नई सुपरकिंग्स के बॉलिंग कोच रहे ऑस्ट्रेलिया के एंडी मिचेल की नजर मोहित पर पड़ी. आईपीएल में उन्होंने 120 मैच 134 विकेट लिए हैं. अपने करियर में उन्होंने चेन्नई सुपरकिंग्स (2013-2015, 2019), पंजाब किंग्स (2016-2018), दिल्ली कैपिटल्स (2020, 2025) और गुजरात टाइटंस के लिए (2023-2024) पसीना बहाया.
आईपीएल 2014 में लिए थे 23 विकेट
मोहित शर्मा सबसे पहली बार आईपीएल 2013 में खेलते नजर आए थे. चेन्नई सुपरकिंग्स के लिए उस सीजन में उन्होंने 15 मैच में 20 विकेट लेकर सनसनी मचा दी थी. नई गेंद से बॉलिंग करते हुए उन्होंने अपनी सटीक लाइन-लेंथ से हर किसी को प्रभावित किया था. वह टूर्नामेंट के टॉप पावरप्ले बॉलर्स में से एक थे. उनका सहज एक्शन बल्लेबाजों को लगातार परेशान करता रहा. अगले सीजन में मोहित शर्मा के गेम में और निखार आया. वह आईपीएल 2014 में CSK के लिए सबसे ज्यादा 23 विकेट लेने वाले गेंदबाज बने, जो उनके करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन भी है.
आईपीएल 2024 में मोहित शर्मा गुजरात टाइटंस के लिए खेल रहे थे.
CSK पर दो साल का बैन तो गए KXIP
मोहित शर्मा 2015 तक टीम का रेगुलर हिस्सा बने रहे, लेकिन 2016 में चेन्नई सुपरकिंग्स पर जब दो साल का बना लगा तो वह किंग्स इलेवन पंजाब (KXIP) चले गए. KXIP के साथ उनका समय CSK जितना अच्छा नहीं रहा, इसलिए फ्रेंचाइजी ने 2019 के ऑक्शन से पहले उन्हें रिलीज कर दिया, जहां धोनी की अगुवाई में सीएसके ने उन्हें दोबारा खरीद लिया. जैसे-जैसे उनका करियर आगे बढ़ा, मोहित ने यॉर्कर और कई तरह की स्लोअर बॉल फेंकने की काबिलियत हासिल कर ली.
भारत के लिए 34 इंटरनेशनल मैच में 37 विकेट
मोहित ने जुलाई 2013 में जिम्बाब्वे के खिलाफ अपना पहला ODI खेला. उनका डेब्यू किसी सुनहरे सपने से कम नहीं था. अपने पहले ही मैच में मोहित ने 10 ओवर में 2/26 के किफायती आंकड़ों के प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड जीता था. उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपना T20I डेब्यू किया. ईशांत शर्मा के चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर होने के बाद मोहित शर्मा को 2015 वर्ल्ड कप टीम में किस्मत से मौका मिला. उन्होंने टूर्नामेंट में 13 विकेट लेते हुए मोहम्मद शमी और उमेश यादव का शानदार साथ दिया. 2015 में भारत के लिए आखिरी मैच खेलने के बाद उन्हें सिलेक्टर्स ने दोबारा मौका नहीं दिया.