Last Updated:
IND Vs WI T20 Cricket: इंदौर में क्रिकेट मैच के टिकटों की कालाबाजारी और साइबर फ्रॉड पर पुलिस सख्त नजर रख रही है. MPCA की वेबसाइट पर टिकट खत्म होने के बाद सोशल मीडिया पर फर्जी ऑफर दिए जा रहे हैं. पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह ने निगरानी के निर्देश दिए हैं, वहीं क्राइम ब्रांच को कोलकाता से जुड़े संदिग्ध नंबर मिले हैं.
इंदौर पुलिस.
रिपोर्ट: मिथिलेश गुप्ता
Indore Crime News: इंदौर के होलकर स्टेडियम में भारत-वेस्टइंडीज टी-20 मैच को लेकर फैंस के उत्साह के बीच टिकटों की कालाबाजारी और साइबर फ्रॉड के मामले सामने आने लगे हैं. इस मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है. बता दें कि इंदौर में 11 अक्टूबर को मैच होंगे.
मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (MPCA) की अधिकृत वेबसाइट पर मैच के टिकटों की बिक्री बंद हो चुकी है. इसके बाद से ही सोशल मीडिया पर टिकट दिलाने के नाम पर कई लुभावने ऑफर वायरल हो रहे हैं. मैच के टिकट खत्म होते ही सोशल मीडिया पर अनधिकृत रूप से टिकटों की खरीद-फरोख्त शुरू हो गई है.
फर्जी वेबसाइट्स और कई गुना ज्यादा दाम
सोशल मीडिया पर कुछ लोग सामान्य कीमत से कई गुना अधिक दामों पर टिकट बेचने का दावा कर रहे हैं. इसके अलावा फर्जी वेबसाइटों और सोशल मीडिया अकाउंट्स के जरिए दर्शकों को टिकट का झांसा देकर ठगने की कोशिश की जा रही है. पुलिस ने साफ किया है कि टिकटों की कालाबाजारी करने वालों और फर्जी टिकट के नाम पर धोखाधड़ी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
पुलिस कमिश्नर ने दिए सख्त निर्देश
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह ने संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए हैं. उन्होंने सोशल मीडिया पर चल रहे संदिग्ध ऑफर्स और गतिविधियों पर लगातार पैनी नजर रखने को कहा है. पुलिस का कहना है कि नियम तोड़ने वालों को बख्शा नहीं जाएगा.
ब्लैकमेलिंग और कोलकाता कनेक्शन
एडिशनल डीसीपी क्राइम राजेश दंडोतिया ने जानकारी दी कि सोशल मीडिया पर टिकटों की कालाबाजारी के साथ-साथ ब्लैकमेलिंग के कथित मामले भी सामने आए हैं. पुलिस की सोशल मीडिया सेल को जांच के दौरान कुछ संदिग्ध मोबाइल नंबर मिले हैं. शुरुआती जांच में इन मोबाइल नंबरों की लोकेशन कोलकाता से संबंधित पाई गई है. पुलिस इन नंबरों और उनके नेटवर्क की जांच कर रही है.
पुलिस की क्रिकेट प्रेमियों से अपील
क्रिकेट मैच देखने की तैयारी कर रहे दर्शकों के लिए पुलिस ने सलाह जारी की है. पुलिस ने अपील की है कि मैच के टिकट केवल अधिकृत माध्यमों से ही खरीदें. सोशल मीडिया पर मिलने वाले अनजान ऑफर्स, फर्जी वेबसाइट्स या अज्ञात फोन नंबरों के झांसे में न आएं. अनजान स्रोतों से लेन-देन से बचें ताकि ठगी का शिकार होने से सुरक्षित रहा जा सके.